
पाकिस्तान के लाहौर हाईकोर्ट (एलएचसी) ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उसके भाई शहबाज शरीफ को नवाज के इलाज के लिए विदेश जाने के बारे में लिखित वचन देने का आदेश दिया है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून की खबरों के अनुसार, कोर्ट ने पीएमएल-एन अध्यक्ष शहबाज शरीफ द्वारा दाखिल याचिका पर शनिवार को फिर सुनवाई शुरू की थी, जिसमें उन्होंने अपने बीमार भाई को इलाज के लिए विदेश ले जाने के संबंध में इमरान खान सरकार द्वारा 7 अरब पाकिस्तानी रुपए के बांड भरने का विरोध किया था। पाकिस्तान सरकार ने शर्त रखी थी कि बांड जमा करवाने के बाद ही पूर्व प्रधानमंत्री का नाम नो-फ्लाई लिस्ट से हटाया जाएगा।
आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) के कुल 241 सदस्यों ने नांगरहार प्रांत में अफगानिस्तान सरकार के सामने समर्पण कर दिया है। शनिवार को एक सैन्य बयान में यह जानकारी सामने आई। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, बयान में कहा गया है कि "पिछले तीन दिनों में अचिन और मोहमन डेरा जिलों में कुल 241 आईएस सदस्यों और वफादारों-जिनमें 71 पुरुष, 63 महिलाएं और 107 बच्चे शामिल हैं, ने समर्पण कर दिया है।"
आगामी 12 दिसंबर को ब्रिटेन में होने वाले आम चुनाव के लिए मैदान में इस बार रिकॉर्ड संख्या में उतरने की तैयारी महिलाओं ने कर रखी है। बीबीसी की शनिवार की रिपोर्ट के अनुसार, एक विश्लेषण में यह खुलासा हुआ है कि पंजीकृत 3322 उम्मीदवारों में 1120 उम्मीदवार महिलाएं हैं।आंकड़ों के अनुसार, लेबर के 632 उम्मीदवारों में से 333 यानी 52 प्रतिशत उम्मीदवार महिलाएं हैं, वहीं कंजर्वेटिव के 635 उम्मीदवारों में से 190 यानी 30 प्रतिशत उम्मीदवार महिलाएं हैं।
कैलिफोर्निया के एक स्कूल में गोली चलाने के बाद खुद को गोली मारने वाले 16 वर्षीय किशोर की अस्पताल में मौत हो गई। आरोपी द्वारा की गई गोलीबारी में दो छात्रों की जान चली गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, लॉस एंजेलिस काउंटी शेरिफ विभाग ने शुक्रवार को घोषणा की कि सांता क्लैरिटा के सौगस हाईस्कूल के छात्र नेथानियल बहरेव की दोपहर में मौत हो गई।
जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण ऑस्ट्रेलिया के मतदाताओं के लिए एक बड़े मुद्दे के रूप में उभरा है। नए सर्वेक्षण से यह बात सामने आई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, जेडब्ल्यूएस रिसर्च द्वारा शुक्रवार को प्रकाशित द ट्रस्ट इश्यूज की सर्वे रिपोर्ट में कहा गया है कि चुनाव के बाद गठबंधन सरकार से की गई अपेक्षाएं क्षीण हो गई हैं और ठहरी हुई अर्थव्यवस्था के कारण लोगों में अवसाद बढ़ा है।
आईएएनएस के इनपुटे के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए