
उत्तर प्रदेश के कन्नौज के जिस इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर से पहले करीब 196 करोड़ रुपये से ज्यादा के कैश बरामद किए गए थे अब उनके घर से 23 किलोग्राम विदेशी सोना जब्त किया गया है। डीआरआई की ओर से की गई कार्रवाई में सोना जब्त किया गया है। स्पेशल सीजेएम कोर्ट में यह जानकारी लखनऊ से आए डीआरआई टीम के अफसर संतोष कुमार और अभिषेक ने दी।
इस संबंध में कारोबारी पीयूष जैन के वकील चिन्मय पाठक ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि इत्र कारोबारी के खिलाफ जीएसटी चोरी के लिए डायरेक्टोरेट जनरल आफ जीएसटी इंटेलीजेंस (डीजीजीआई) और सोना तस्करी के लिए डीआरआई की ओर से दर्ज किए गए मामलों में स्पेशल सीजेएम कोर्ट में 23 मई को सुनवाई पूरी हो गई।
डीजीजीआई और डीआरआई टीम के अफसरों ने इत्र कारोबारी के दस्तावेजों की जांच की थी। इसके अलावा कारोबारी के करीबी रिश्तेदार प्रवीण जैन के दफ्तर और गोदाम पर भी कुछ महीने पहले छापेमारी की थी। डीजीजीआई टीम के अफसरों के अनुसार, डीजीजीआई अहमदाबाद की ओर से पीयूष जैन के कारोबार का जो विवरण तैयार किया गया था उसके आधार पर ही प्रवीण जैन के प्रतिष्ठान पर कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद पीयूष जैन पर 496.68 करोड़ रुपये का टैक्स लगाया था और इसका नोटिस भी भेजा गया था।
इससे पहले दिसंबर 2021 में इत्र कारोबारी पीयूष जैन के घर से 100 करोड़ रुपये से अधिक के नोट बरामद हुए थे। जब डायरेक्टोरेट आफ रेवेन्य इंटेलीजेंस ने कार्रवाई की तब इत्र कारोबारी को 250 दिनों से अधिक समय तक जेल में रहना पड़ा और उसके बाद उनकी रिहाई हुई। तब डीआरआई के अफसरों ने बताया था कि इत्र कारोबारी के पास से करीब 196 करोड़ रुपये बरामद हुए थे और 23 किलोग्राम विदेशी सोना मिला था।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 25 May 2023, 8:32 AM IST