हालात

लोकसभा चुनाव 2024: कल होगा MP की 9 सीटों पर तीसरे चरण का मतदान, दांव पर इन तीन दिग्गजों की प्रतिष्ठा

मध्यप्रदेश की विदिशा लोकसभा से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, राजगढ़ सीट से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और गुना सीट से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मैदान में है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 9 संसदीय सीटों पर भी कल मतदान है। तीसरे चरण के मतदान में भोपाल सहित, मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, राजगढ़ और बैतूल लोकसभा क्षेत्र शामिल है। इन सीटों पर 127 उम्मीदवार मैदान में है। एक करोड़ 77 लाख 52 हजार 583 मतदाता इनके राजनीतिक भविष्य का निर्णय करेंगे। 2019 लोकसभा चुनाव की बात करें तो इन सभी सीटों पर 2019 के चुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी।

ये हैं प्रदेश की हॉट सीटें

प्रदेश लोकसभा चुनाव का यह चरण बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वजह इस चरण में शामिल गुना, राजगढ़ और विदिशा सीटों के प्रत्याशियों के सियासी कद हैं। विदिशा लोकसभा से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राजगढ़ सीट से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मैदान में हैं। जबकि गुना का लोकसभा मुकाबला केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के जिम्मे है। इस चरण में प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी मतदान होना है। बीजेपी की सुरक्षित सीटों में शामिल इस लोकसभा के लिए बीजेपी ने पूर्व महापौर आलोक शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है।

Published: undefined

राजगढ़

राजगढ़ संसदीय क्षेत्र से दिग्विजय सिंह लगभग तीन दशक बाद लोकसभा का चुनाव लड़ने पहुंचे हैं। वह यहां से साल 1984 और 1991 में सांसद रह चुके हैं। पिछला चुनाव उन्होंने भोपाल से लड़ा था, जहां बीजेपी नेता प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने उन्हें हराया था। इस बार उनका मुकाबला बीजेपी के रोडमल नागर से है।

गुना

प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी हॉट सीट गुना है। इस सीट को सिंधिया परिवार का गढ़ माना जाता है। ज्योतिरादित्य (महाराजा) इस सीट पर सिंधिया परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं। इससे पहले उनकी दादी और पिता सांसद रह चुके हैं, जबकि ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इस सीट से चार बार सांसद चुने गए। 2019 के चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर यहां से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस नेता यादवेंद्र सिंह यादव से है।

Published: undefined

विदिशा

प्रदेश की तीसरी सबसे हॉट सीट विदिशा संसदीय सीट को माना जा रहा है। इस सीट से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। विदिशा संसदीय सीट शिवराज सिंह चौहान का गढ़ मानी जाती है। इससे पहले वह 1991 से 2004 तक पांच बार इस संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। साढ़े 16 साल तक प्रदेश का मुख्यमंत्री पद संभालने वाले शिवराज सिंह चौहान छठवीं बार विदिशा संसदीय सीट से बीजेपी प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस नेता प्रताप भानु शर्मा से है।

भोपाल

बीजेपी ने इस बार भोपाल सीट से साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का टिकट काट दिया है। पार्टी ने भोपाल के पूर्व मेयर रहे आलोक शर्मा को प्रत्याशी बनाया है, वहीं कांग्रेस ने अरुण श्रीवास्तव पर दांव खेला है, अरुण जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष रहे है। इस बार लोकसभा प्रत्याशी हैं। 2019 चुनाव की बात करें तो बीजेपी प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह को 3,64,822 वोट से हराया था।

Published: undefined

ग्वालियर

इस सीट से बीजेपी ने इस बार अपना प्रत्याशी बदला है, बीजेपी ने भारत सिंह कुशवाहा को मैदान में उतारा है, कुशवाहा ग्वालियर ग्रामीण से 2 बार विधायक रहे है, इस बार लोकसभा चुनाव में मौका मिला है। 2019 में बीजेपी ने विवेक नारायण शेजवलकर को टिकट दिया था, जो जीते भी थे। वहीं कांग्रेस ने इस बार प्रवीण पाठक को मैदान में उतारा है, प्रवीण पहली बार ग्वालियर दक्षिण से 2018 में विधायक बने थे। अब लोकसभा प्रत्याशी बनाए गए हैं। 2019 चुनाव में बीजेपी के विवेक नारायण शेजवलकर ने कांग्रेस के अशोक सिंह को 1,46,842 वोट से हराया था।

भिंड

बीजेपी ने एक बार फिर संध्या राय को टिकट दिया है, संध्या भिंड से मौजूदा सांसद हैं, साथ ही बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। वहीं कांग्रेस ने भांडेर सीट से विधायक फूलसिंह बरैया को इस लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है। आपको बता दें, 2019 में संध्या राय ने कांग्रेस के प्रत्याशी देवाशीष को 1,99,885 वोट से हराया था।

Published: undefined

मुरैना

इस सीट से बीजेपी ने इस बार शिवमंगल तोमर को टिकट दिया है, शिवमंगल दिमनी से विधायक रहे हैं और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के बेहद करीबी माने जाते हैं। वहीं कांग्रेस ने सत्यपाल सिकरवार को मैदान में उतारा है, सत्यपाल पूर्व विधायक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रहे हैं, इस बार लोकसभा प्रत्याशी हैं। 2019 चुनाव में बीजेपी के नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस के रामनिवास रावत को 1,13,341 वोट से हराया था।

सागर

सागर लोकसभा सीट से बीजेपी ने उम्मीदवार बदला है, पार्टी ने मौजूदा सांसद राजबहादुर सिंह का टिकट काटकर लता वानखेड़े को मैदान में उतारा है। लता महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रहीं हैं, अभी कुर्मी क्षत्रिय समाज की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष हैं। वहीं कांग्रेस ने गुड्डू राजा बुंदेला को टिकट दिया है। साल 2019 चुनाव की बात करें तो बीजेपी के राजबहादुर सिंह ने कांग्रेस के प्रभु सिंह ठाकुर को 3,05,542 वोट से हराया था।

बैतूल

बैतूल लोकसभा सीट से बीजेपी ने एक बार फिर मौजूदा सांसद दुर्गा दास उइके को प्रत्याशी बनाया है, वहीं कांग्रेस ने आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम को पार्टी ने दोबारा लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। 2019 चुनाव में दुर्गा दास उइके ने कांग्रेस के रामू टेकाम को 3,60,241 वोट से हराया था।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined