
कोरोना के बढ़ते मामलों और ओमिक्रॉन के खतरे के बीच दिल्ली के सरोजनी नगर मार्केट में भीड़ का वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली नगर निगम प्रशासन (एनडीएमसी) जाग गया है, जिसके बाद बाजार को 25 और 26 दिसंबर के वीकेंड पर ऑड-ईवन हिसाब से खोलने का आदेश देते हुए अतिक्रमण हटाने की भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एनडीएमसी के आदेश के अनुसार सरोजनी नगर मार्केट की दुकानें अब शनिवार 25 दिसंबर और रविवार 26 दिसंबर को ऑड ईवन के आधार पर खुलेंगी। शनिवार सुबह एनडीएमसी ने बाजार में अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। तमाम अवैध रूप से कब्जा किये दुकानदारों के सामानों को जब्त किया गया है। वहीं दिल्ली पुलिस भी अब बाजार में भीड़ पर काबू पाने की कवायद में जुट गई है।
एनडीएमसी के कर्मचारी और सिविल डिफेंस के लोग मिलकर लोगों से कोरोना नियमों का पालन करा रहे हैं, वहीं हाथों में माइक लेकर अनाउंसमेंट भी कर रहे हैं। एनडीएमसी ने हाई कोर्ट की नाराजगी के बाद बाजार के सभी जिम्मेदार लोगों के साथ बैठक की थी।
हालांकि हाई कोर्ट ने भी इस मसले पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और सरोजनी नगर के एसएचओ को भी तलब किया था। कोर्ट ने भीड़ पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे माहौल में महामारी ही नहीं, बल्कि संक्रमण विस्फोट से सैकड़ों लोगों की मौत हो सकती है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए