
योगीराज में आगरा का हाल बेहाल है। गंदगी, जलभराव और सड़क न बनने से लोग इस कदर परेशान हैं कि उन्होंने अपनी कॉलोनियों के नाम ही बदल दिए हैं। इतना ही नहीं, इलाके में गंदगी और कीचड़ से तंग आकर कुछ लोगों ने घरों पर 'मकान बिकाऊ' के पोस्टर भी लगा दिए।
परेशान लोगों ने अपनी कॉलोनियों के नाम उन्हीं शब्दों के आधार पर रखे हैं जो यहां के हालत जगजाहिर कर रहा है। जैसे- 'नरकपुरी, दुर्गंधशील कॉलोनी, बदबू विहार, कीचड़ नगर। ये जानकर आप और ज्यादा हैरान होंगे कि इनमें एक घर भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर का भी है, जहां उनकी मां रहती हैं।
ये रखे हैं काॅलाेनियों के नाम
नरक पुरी
नाला सरोवर कालोनी
कीचड़ नगर
दुर्गंधशील कालोनी
बदबू विहार
घिनौना नगर
यह मामला दौरेठा नंबर 1 और 2 का है। यहां पर करीब 2000 मकान हैं। इनमें 12 हजार लोग रहते हैं। कॉलोनी में रहने वाले लोगों की माने, तो 14 साल से कोई विकास नहीं हुआ है। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब थक-हार कर लोगों ने कॉलोनी के नाम बदल दिए हैं। लोगों ने अपने घरों पर बदले हुए नामों के पोस्टर लगाए हैं। इसके अलावा जगह-जगह साइन बोर्ड भी लगे हुए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए