हालात

एअर इंडिया फ्लाइट टर्बुलेंस केस में नया मोड़, एक पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव, जांच पूरी होने तक दोनों ड्यूटी से हटे

फुकेट-दिल्ली एअर इंडिया फ्लाइट में टर्बुलेंस के बाद पायलट का पहला डोप टेस्ट पॉजिटिव आया। दूसरा टेस्ट बाकी है और जांच पूरी होने तक दोनों पायलट ड्यूटी से बाहर हैं।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस की घटना के बाद अब पायलट के डोप टेस्ट को लेकर सवाल उठ रहे हैं। AI2379 फ्लाइट के पायलट-इन-कमांड का साइकोएक्टिव पदार्थ का पहला टेस्ट पॉजिटिव आया है। हालांकि, यह टेस्ट अंतिम नहीं माना जा सकता और एक अन्य टेस्ट का परिणाम अभी आना बाकी है। एअर इंडिया ने पायलट के डोप टेस्ट के पॉजिटिव होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है।

टर्बुलेंस के दौरान अचानक 300 फीट नीचे आया विमान

फुकेट से दिल्ली लौट रही एअर इंडिया की AI2379 फ्लाइट को 4 अगस्त को ओडिशा के पास तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था। तेज हवा के बीच विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था। विमान में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे। इस घटना में कई यात्री घायल हुए थे।

दिल्ली पहुंचने के बाद 13 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद विमान की उड़ान के दौरान हुई परिस्थितियों की जांच शुरू की गई। इसी क्रम में पायलटों के डोप टेस्ट भी कराए गए।

पायलट का पहला टेस्ट पॉजिटिव, दूसरे नतीजे का इंतजार

'द टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, पायलट का डोप टेस्ट दिल्ली पहुंचने के बाद लिया गया था। पायलट-इन-कमांड का साइकोएक्टिव पदार्थ का पहला टेस्ट पॉजिटिव आया है। हालांकि, यह परिणाम अंतिम नहीं है। एक और टेस्ट कराया गया है, जिसके नतीजे अभी आने बाकी हैं। इसलिए फिलहाल यह निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगा कि पायलट ने उड़ान के दौरान किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया था।

एहतियात के तौर पर दोनों पायलटों को जांच पूरी होने तक उड़ान ड्यूटी से हटा दिया गया है। मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है और DGCA भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है। फिलहाल जांच पूरी होने और बाकी टेस्ट के परिणाम आने के बाद ही स्थिति ज्यादा स्पष्ट हो सकेगी।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए