हालात

दिल्ली में बढ़ने लगी ठंड, सुबह-शाम सर्दी का असर तेज, प्रदूषण ने भी बढ़ाई चिंता, 300 के पार AQI

राजधानी में ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। राजधानी के कई इलाकों में AQI 300 के आसपास या उससे अधिक दर्ज किया गया है।

दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड।
दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड। 

दिल्ली में नवंबर का महीना खत्म होने के साथ ही सर्दी का असर धीरे-धीरे तेज होने लगा है। राजधानी में सुबह और देर रात ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दोपहर के समय निकलने वाली धूप लोगों को कुछ राहत दे रही है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, शनिवार (28 नवंबर) को दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दूसरी ओर, प्रदूषण के कारण लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। राजधानी के कई इलाकों में AQI 300 के आसपास या उससे अधिक दर्ज किया गया है।

सुबह धुंध, दोपहर में धूप से मिलेगी राहत

शनिवार को दिल्ली में सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। सुबह के वक्त ठंड का एहसास अधिक होगा, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने और धूप निकलने से मौसम थोड़ा आरामदायक हो सकता है। दोपहर में पारा 24 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

हालांकि, सूरज ढलने के बाद तापमान में दोबारा गिरावट देखने को मिलेगी। रात के समय ठंड का असर और बढ़ सकता है। राहत की बात यह है कि फिलहाल दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

प्रदूषण से बिगड़े हालात, कई जगह AQI 300 के करीब

राजधानी में ठंड के साथ-साथ वायु प्रदूषण भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बना हुआ है। शनिवार सुबह सामने आए निगरानी केंद्रों के आंकड़ों में दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में AQI का स्तर काफी अलग रहा।

प्रमुख इलाकों में दर्ज AQI के आंकड़े:

  • सिरिफोर्ट: 300

  • ITO: 297

  • DTU: 298

  • पंजाबी बाग: 279

  • आनंद विहार: 261

  • आरके पुरम: 244

  • मंदिर मार्ग: 180

  • पूसा: 173

  • नजफगढ़: 158

इन आंकड़ों से पता चलता है कि राजधानी के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता खराब से बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए