
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि अयोध्या में रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना से पहले उन्हें और उनके साथियों को नजरबंद कर दिया गया। अजय राय ने कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल भगवान श्रीराम के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचा था, लेकिन रात करीब 11:30 बजे पुलिस ने जबरन उन्हें हिरासत में लेकर आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस पहुंचा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मंदिर जाने से रोका जा रहा है और उनके साथ उत्पीड़न किया जा रहा है।
अजय राय ने कहा कि वे भगवान के दर्शन के लिए जेल जाने या कुछ दिनों तक अन्न-जल का त्याग करने तक के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रतिनिधिमंडल भगवान से यह प्रार्थना करना चाहता था कि आरएसएस और बीजेपी पर लगाए गए चढ़ावे और दान की कथित चोरी तथा जमीन घोटालों के आरोपों से इस पवित्र स्थल की हुई बदनामी से मुक्ति मिले।
Published: undefined
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी को लेकर जारी विवाद के बीच कांग्रेस नेताओं की अयोध्या यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट पर है। अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा और पूर्व एमएलसी दीपक सिंह को पहले हाउस अरेस्ट किया गया था। हालांकि, दोनों नेता पुलिस को चकमा देकर अयोध्या पहुंच गए। अयोध्या पहुंचने के बाद देर रात पुलिस उनके होटल पहुंची और कमरे का दरवाजा खटखटाया। सांसद किशोरी लाल शर्मा और दीपक सिंह रात से होटल के कमरे में ही मौजूद हैं। दीपक सिंह ने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकतंत्र की हत्या कर रही है और उन्हें उनके आराध्य भगवान राम के दर्शन करने से रोकना चाहती है।
Published: undefined
अयोध्या में अजय राय को नजरबंद किए जाने के बाद प्रयागराज में भी पुलिस सक्रिय हो गई। कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह के अशोक नगर स्थित आवास के बाहर पुलिस पहुंच गई। पुलिस उन्हें अयोध्या जाने से पहले रोकने की कोशिश कर रही है। फिलहाल उज्ज्वल रमण सिंह अपने घर के अंदर मौजूद हैं। कांग्रेस नेताओं के अयोध्या पहुंचने और रामलला के दर्शन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
Published: undefined
राम मंदिर की दानपेटी और चढ़ावे की कथित हेराफेरी को लेकर सियासत तेज है। इसी बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने 30 जून को अपने नेतृत्व में नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना करने की घोषणा की थी। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस मुद्दे के जरिए बीजेपी और प्रदेश सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है।
अजय राय के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, बाराबंकी सांसद तनुज पुनिया, सीतापुर सांसद राकेश राठौर, सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद एपी गौतम, पूर्व विधायक मीता गौतम और पूर्व एमएलसी दीपक सिंह शामिल हैं।
Published: undefined
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: undefined