
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के खूनी नाला इलाके के पास गुरुवार को एक निर्माणाधीन सुरंग के ढहने के बाद मलबे में दबे सभी 10 श्रमिकों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "जम्मू-कश्मीर के रामबन में 19 मई को एक निर्माणाधीन सुरंग के ढहने के बाद लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।"
बता दें, गुरुवार रात 11 बजे रामबन जिले के खूनी नाले के पास बन रही टनल का एक हिस्सा धंस गया था। मलबे में 12 मजदूर फंस गए थे। हालांकि, उस दौरान दो घायलों को निकाल लिया गया था। इनमें पश्चिम बंगाल से 5, असम से 1, नेपाल से 2 और 2 स्थानीय मजदूर थे।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के जादव रॉय, गौतम रॉय, सुधीर रॉय, दीपक रॉय, परिमल रॉय और असम के शिव चौहान, नेपाली नागरिक नवराज चौधरी व कुशी राम चौधरी, मोहम्मद मुजफ्फर और मोहम्मद इशरत के रूप में हुई है। ये सभी रामबन जिले के मरोग के रहने वाले थे।
रामबन के डिप्टी कमिश्नर मसर्रतुल इस्लाम के मुताबिक, फिर से हुए लैंडस्लाइड और तेज आंधी की वजह से बचाव कार्य में बाधा आई है। भूस्खलन के कारण गिरी पहाड़ी के मलबे में दो मशीनें दब गई हैं। इससे बचाव कार्य और बाधित हुआ है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए