
छत्तीसगढ़ ने पहले चरण की 20 सीट और मिजोरम की सभी 40 सीट पर आज मतदान संपन्न हो गया। आंकड़ों के मुताबिक, मिजोरम में 77.71 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं छत्तीसगढ़ के वोटिंग आंकड़ों के मुताबिक 71.11 फीसदी मतदान हुआ है। ये आंकड़े अभी बदल सकते हैं, क्योंकि ये फाइनल आंकड़े नहीं हैं।
चुनाव आयोग की वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक, मिजोरम में 5 बजे तक के जारी आंकड़ों के अनुसार 75.80 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं छत्तीसगढ़ में 5 बजे तक के वोटिंग आंकड़ों के मुताबिक 70.87 फीसदी मतदान हुआ है। ये आंकड़े अभी बदल सकते हैं, क्योंकि ये फाइनल आंकड़े नहीं हैं।
छत्तीसगढ़ में पहले चरण की 20 सीटों पर मतदान खत्म हो गया है। चुनाव के बीच सुकमा में नक्सलियों का उत्पात भी देखने को मिला। वहीं मिजोरम में भी मतदान संपन्न हो गया है।
मिजोरम में रिकॉर्ड मतदान जारी है। चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार मिजोरम में 69.87 फीसदी वोटिंग हुई है। छत्तीसगढ़ में 60.92 फीसदी वोटिंग हुई है।
छत्तीसगढ़ में मतदान के बीच सुरक्षा बलों और नक्सिलियों के बीच सुकमा जिले में मुठभेड़ हुई है। मिनपा के पास नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में तीन सुरक्षा कर्मी घायल हो गए हैं।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के डोंगरगढ़ मतदान केंद्र 140 पर शादी के जोड़े में मतदान करने पहुंचे सरदार अमृत सिंह। सरदार अमृत सिंह ने शादी के जोड़े में दुल्हा बनकर अपने परिवार के सदस्यों के साथ मताधिकार का उपयोग किया। पहले मतदान, फिर विवाह का संदेश देकर अपने मतदान के कर्तव्य के प्रति उनके और परिवार की जागरूकता सराहनीय है।
छत्तीसगढ़ में मतदान जारी है। इस बीच सुकमा में नक्सलियों ने फायरिंग की। बताया जा रहा है कि बूथ-195 के पास नक्सलियों ने फायरिंग की है। बताया जा रहा है कि मतदाताओं को रोकने की कोशिश में नक्सलियों ने दूरमा और सिंगाराम के जंगल से गोलियां दागीं। इलाके में भारी संख्या में सीआरपीएफ और डीआरजी की टीम मौके पर तैनात है. फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इससे पहले सुबह IED ब्लास्ट हुआ था, जिसमें एक जवान घायल हो गया था।
चुनाव आयोग के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक छत्तीसगढ़ में 22.97 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। राज्य की नक्सल प्रभावित 10 सीटों पर शाम 3 बजे तक ही मतदान होगा। बाकी 10 सीटों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। वहीं, मिजोरम में 11 बजे तक 31.03 फीसदी मतदान हुआ है।
छत्तीसगढ़ के बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. ने कहा, "आज सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरु हो गई है। इसके मद्देनजर सभी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षित वातावरण में मतदान कराने के लिए पु्ख्ता व्यवस्था की गई है। सभी लोगों से अपील करते हैं कि मतदान करने जरूर आएं।"
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, "हमारे 5 साल के काम के कारण नक्सलवाद पीछे हट गया है। पहले सड़क के किनारे मतदान केंद्र थे, अब अंदर के गांवों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अपने ही गांव में लोग मतदान करेंगे।"
नक्सल प्रभावित कारीगुंडम इलाके में 23 साल बाद मतदान हो रहा है। मतदान प्रक्रिया CRPF 150 बटालियन और जिला बल के सुरक्षा घेरे में कराई जा रही है।
छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री और कोंडागांव विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मोहन मरकाम ने अपना वोट डाला। इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई परेशानी नहीं है। लोग उत्साहित हैं और हमें विश्वास है कि हमारी सरकार ने पिछले 5 सालों में जो काम किया है, उसके आधार पर हम फिर से सरकार बनाने में सफल होंगे।
मिजोरम की 40 सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच जेडपीएम के कार्यकारी अध्यक्ष के.सपडांगा ने कहा, "वह (सीएम ज़ोरमथांगा) सपना (सत्ता में वापस आने का) दिखा रहे हैं। लेकिन मुझे ऐसा नहीं लगता। वह दोबारा नहीं आएंगे। लोगों के आंदोलन से ऐसा लगता है कि वही सरकार दोबारा नहीं आएगी, क्योंकि इस समय सत्ता विरोधी लहर है।”
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान जारी है। पीएम मोदी ने लोगों से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट किया, छत्तीसगढ़ में आज लोकतंत्र के पावन उत्सव का दिन है। विधानसभा चुनाव के पहले चरण के सभी मतदाताओं से मेरा अनुरोध है कि वे अपना वोट जरूर डालें और इस उत्सव के भागीदार बनें। इस अवसर पर पहली बार वोट डालने वाले राज्य के सभी युवा साथियों को मेरी विशेष बधाई।
मिजोरम के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति ने कहा, "मैं मिजोरम के सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे मतदान करें और चुनाव में भाग लें और लोकतंत्र को मजबूत करें। मुझे लगता है कि मिजोरम में लोग अपने अधिकारों के बारे में अच्छी तरह से जानते हैं।"
मिजोरम के मुख्यमंत्री ज़ोरमथांगा वोट नहीं डाल सके। उन्होंने कहा, "मशीन काम नहीं कर रही थी तो मैंने कहा कि मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा करूंगा और उसके बाद मतदान करूंगा।"
छत्तीसगढ़ के सुकमा के टोंडामरका इलाके में नक्सलियों द्वारा किए गए IED धमाके में CRPF कोबरा बटालियन का एक जवान घायल हो गया है। जवान को चुनाव ड्यूटी में तैनात किया गया था। सुकमा के एसपी किरण चव्हाण ने इसकी जानकारी दी है। छत्तीसगढ़ में मतदान जारी है।
मिजोरम की 40 सीटों पर मतजान जारी है। इस बीच सीएम और एमएनएफ अध्यक्ष जोरमथांगा ने कहा कि यह त्रिशंकु विधानसभा नहीं होगी। यह एमएनएफ सरकार होगी। मुझे इस पर पूरा भरोसा है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए पहले चरण का मतदान शुरू हो गया है। नारायणपुर से बीजेपी उम्मीदवार केदार कश्यप ने अपना मतदान किया।
छत्तीसगढ़ की 10 सीटों मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। बाकी 10 सीटों खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी, पंडरिया, कवर्धा, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट में वोटिंग सुबह 8 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगी।
मिजोरम की सभी 40 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है और शाम 4 बजे तक जारी रहेगा।
मिजोरम विधानसभा की 40 सीटों पर थोड़ी देर में मतदान शुरू होगा। मतदान की तैयारी पुरी कर ली गई है। आइजोल उत्तर-द्वितीय विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत 19-आइजोल वेंगलाई-1 वाईएमए हॉल मतदान केंद्र के दृश्य।
छत्तीसगढ़ के कोंडागांव के एक मतदान केंद्र पर वोटिंग की तैयारी पूरी हो गई है। यहां सुबह 7 बजे से मतदान शुरूहो जाएगा।
छत्तीसगढ़ और मिजोरम में थोड़ी देर में मतदान शुरू होगा। छत्तीसगढ़ में पहले चरण के तहत 20 सीटों पर मतदान होना है और मिजोरम की सभी 40 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। छत्तीसगढ़ की जिन सीटों पर आज मतदान होना है, उनमें से कई सीटें नक्सल प्रभावित बस्तर डिवीजन में हैं।
छत्तीसगढ़ की 10 सीटों मोहला-मानपुर, अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंटा में मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। बाकी 10 सीटों खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव, खुज्जी, पंडरिया, कवर्धा, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट में वोटिंग सुबह 8 बजे शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगी। जिन 20 सीटों पर आज मतदान होना है, उनमें से 19 पर कांग्रेस का कब्जा है। पार्टी ने इन 19 में से दो सीटें उपचुनाव में जीती थीं।
मिजोरम की सभी 40 सीटों पर आज एक ही चरण में मतदान होना है। यहां मुख्यमंत्री जोरमथांगा के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), जोरम पीपल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। बीजेपी 23 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जो पहले 39 सीटों पर चुनाव लड़ती थी. इसके अलावा, आम आदमी पार्टी के चार उम्मीदवार भी मैदान में हैं। राज्य में AAP पहली बार चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा, 27 निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।
मिजोरम में 8.57 लाख से अधिक मतदाता 174 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे। इनमें 18 महिलाएं हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मधुप व्यास ने कहा कि मिजोरम के सभी 1,276 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू होगा और शाम 4 बजे तक जारी रहेगा।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 07 Nov 2023, 6:51 AM IST