
उत्तर प्रदेश के झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई है। इस दुर्घटना में उसके एक साथी ने भी दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस और एम्बुलेंस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अबान अहमद अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने आया था। मुलाकात के बाद सभी लोग कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पूंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोठ ले जाया गया।
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने अबान अहमद को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उसके एक अन्य साथी की भी मौत हो गई। वहीं, तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंचे तथा हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
अबान अहमद, अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा था, जबकि उसका बड़ा भाई अली अहमद इस समय झांसी जेल में बंद है। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल और पुलिस अधिकारियों के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच में जुटी है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए