
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए 30 अक्टूबर का दिन खास होने वाला है। उनके 'औरा इंडिया टूर 2026' (Aura India Tour 2026) की शुरुआत दिल्ली से होने जा रही है। राजधानी के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक स्टेडियम और आसपास के इलाकों में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सीमित की जाएगी, जबकि कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
कॉन्सर्ट के दौरान संभावित भीड़ और ट्रैफिक जाम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को निम्नलिखित रास्तों से बचने की सलाह दी है:
भीष्म पितामह मार्ग
लोधी रोड
लाला लाजपत राय मार्ग (डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर से लोधी कॉलोनी फ्लाईओवर तक)
आर्कबिशप मकारियोस मार्ग
फोर्थ और फिफ्थ एवेन्यू रोड
सीजीओ कॉम्प्लेक्स और लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़कें
दयाल सिंह कॉलेज रोड
बारापुला फ्लाईओवर का वह हिस्सा, जो इना से जंगपुरा मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 के बीच स्थित है।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस ने आसपास के प्रमुख जंक्शनों पर भी विशेष इंतजाम किए हैं।
1. लोधी रोड-दयाल सिंह कॉलेज रेड लाइट टी-पॉइंट: यहां से दयाल सिंह कॉलेज रोड की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।
2. लाला लाजपत राय मार्ग-JLN स्टेडियम रोड जंक्शन: स्टेडियम रोड की तरफ जाने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा।
3. JLN स्टेडियम रेड लाइट: इस पॉइंट से गेट नंबर-1 और कोटला मुबारकपुर फ्लाईओवर की तरफ वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
4. कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट: यहां से स्टेडियम के गेट नंबर-3, 4, 5, 6 और 7 की ओर जाने वाले वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।
कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को अपनी गाड़ी पार्क करने को लेकर भी परेशानी हो सकती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि JLN स्टेडियम के आसपास आम लोगों के लिए पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। ऐसे में दर्शकों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
ट्रैफिक जाम से बचने के लिए मेट्रो को सबसे सुविधाजनक विकल्प माना जा रहा है। कॉन्सर्ट में शामिल होने वाले दर्शक वायलेट लाइन के जरिए JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन तक पहुंच सकते हैं।
वहीं, येलो लाइन से आने वाले यात्री INA या जोर बाग मेट्रो स्टेशन पर उतरकर आगे का सफर दूसरे साधनों से पूरा कर सकते हैं।
टैक्सी और ऑटो से आने वाले यात्रियों के लिए भी कुछ निर्धारित ड्रॉप-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं। इनमें आर्कबिशप मार्ग, प्रगति मैदान के पास लाल मस्जिद और कुशक नाला बस डिपो के नजदीक के स्थान शामिल हैं।
इसके अलावा, सड़कों के किनारे वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सलाह है कि कॉन्सर्ट में जाने वाले लोग घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें और समय बचाने के लिए निजी गाड़ियों के बजाय मेट्रो या अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए