
अयोध्या के राम मंदिर दान पात्र में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रहा विवाद अब नया राजनीतिक मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश के गोंडा में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने इस मुद्दे पर ऐसा बयान दिया है, जिसने चर्चाओं को और तेज कर दिया है। बृजभूषण ने कहा कि अगर उन्होंने इस मामले में सच बोल दिया तो वह बड़ी परेशानी में पड़ जाएंगे, क्योंकि इस मुद्दे से बहुत बड़े-बड़े लोग जुड़े हुए हैं।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “मैं बहुत कमजोर आदमी हूं। इस मुद्दे पर मैं सत्य बोल दूंगा, तो बहुत परेशानी में आ जाऊंगा। वे बहुत बड़े लोग हैं। फिलहाल इस मुद्दे पर सत्य बोलने की हिम्मत मेरे अंदर नहीं है। लेकिन जब समय आएगा, तो इस मुद्दे पर जरूर बोलूंगा।”
कैसरगंज से छह बार सांसद रह चुके और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण का यह बयान ऐसे समय आया है, जब राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर सियासी बहस लगातार तेज हो रही है।
Published: undefined
अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित करोड़ों रुपये के गबन का आरोप समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं ने लगाया है। हालांकि केंद्र सरकार इन आरोपों को पहले ही सिरे से खारिज कर चुकी है। इसके बावजूद अब बीजेपी के भीतर से भी कुछ नेताओं ने मामले की जांच की मांग उठानी शुरू कर दी है।
बीजेपी नेता और पार्टी प्रवक्ता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राम जन्मभूमि मंदिर को मिले दान में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष और उच्च-स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया कि मामले की जांच सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय (ED) या किसी अन्य सक्षम केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, ताकि मंदिर ट्रस्ट में श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।
Published: undefined
रजनीश सिंह ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था, भक्ति और विश्वास का केंद्र है। देश और विदेश से श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार दान देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि दान की राशि के गलत इस्तेमाल, हेराफेरी या वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सिर्फ आर्थिक अपराध नहीं होगा बल्कि लाखों राम भक्तों की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी ठेस पहुंचाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
Published: undefined
इस बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास का बयान भी चर्चा में है। उन्होंने कथित दान राशि चोरी के मामले पर कहा, “भगवान स्वयं इसकी जांच करेंगे।” उन्होंने यह भी कहा, “सब बेईमान हैं, जांच कराकर क्या करेंगे?” उनके इस बयान के बाद दान विवाद को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
Published: undefined
राम मंदिर दान विवाद को लेकर जहां विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है, वहीं बृजभूषण शरण सिंह के बयान, बीजेपी नेता द्वारा केंद्रीय जांच की मांग और महंत कमल नयन दास की टिप्पणी ने इस पूरे मामले को और अधिक सुर्खियों में ला दिया है। फिलहाल आरोपों और दावों के बीच जांच की मांग तेज होती दिख रही है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined