हालात

डीएम पर विवादित टिप्पणी मामले में आजम खान को दो साल जेल की सजा, 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगा

यह मामला 2019 के लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान एक रोड शो से जुड़ा है। चुनाव प्रचार के दौरान आजम खान के दिए गए एक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह तत्कालीन जिलाधिकारी पर अभद्र टिप्पणी करते सुनाई दिए थे।

डीएम पर विवादित टिप्पणी मामले में आजम खान को दो साल जेल की सजा, 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगा
डीएम पर विवादित टिप्पणी मामले में आजम खान को दो साल जेल की सजा, 20 हजार रुपये का जुर्माना भी लगा फोटो: सोशल मीडिया

उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रामपुर की एमपी-एमएलए अदालत ने दोषी करार देते हुए दो साल जेल की सजा सुनाई है। साथ ही उन पर 20 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया है। विशेष मजिस्ट्रेट शोभित बंसल की अदालत ने शनिवार को सुनवाई पूरी होने के बाद यह फैसला सुनाया।

Published: undefined

यह मामला 2019 के लोकसभा चुनाव के प्रचार के दौरान रामपुर के भोट थाना क्षेत्र में आयोजित एक रोड शो से जुड़ा है। उस समय आजम खान समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में थे। अभियोजन पक्ष के अनुसार, चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए एक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें आजम खान तत्कालीन जिलाधिकारी पर अभद्र टिप्पणी करते सुनाई दिए थे।

Published: undefined

वीडियो सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने मामले का संज्ञान लिया था और राज्य निर्वाचन आयोग से रिपोर्ट मांगी गई थी। इसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर तत्कालीन एसडीएम टांडा और चमरौआ विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचन अधिकारी घनश्याम त्रिपाठी की ओर से भोट थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस जांच के बाद मामले में चार्जशीट दाखिल की गई, जिसके बाद से एमपी-एमएलए कोर्ट में मुकदमे की सुनवाई चल रही थी।

Published: undefined

सरकारी पक्ष की ओर से पैरवी कर रहे एपीओ स्वदेश शर्मा ने बताया कि अदालत ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर आजम खान को दोषी माना और दो वर्ष की सजा सुनाई। मामले में शिकायत यह थी कि चुनाव प्रचार के दौरान एक संवैधानिक पद पर बैठे अधिकारी के खिलाफ सार्वजनिक मंच से आपत्तिजनक टिप्पणी कर चुनाव आचार संहिता और प्रशासनिक गरिमा का उल्लंघन किया गया। अदालत ने इसी आधार पर फैसला सुनाते हुए आजम खान को दंडित किया।

Published: undefined