बिहार के बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों का आतंक जारी है। बदमाशों ने पंचायत अध्यक्ष और बीजेपी नेता की हत्या कर दी है। खबरों के मुताबिक, सिंघौल ओपी क्षेत्र के अमरौर किरतपुर गांव में पंचायत अध्यक्ष गोपाल सिंह घर के बाहर सोये हुए थे। गुरुवार रात को अज्ञात बदमाश आए और रॉड से उनके ऊपर हमला कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हत्या का मामला है, पूरे मामले की जांच कर रही है।
जांच अधिकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बीजेपी नेता की हत्या लोहे की रॉड से पीट-पीट कर की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश है।
लोकसभा चुनाव के नतीजे के आने बाद बेगूसराय में पिछले कुछ दिनों से बदमाशों का आतंक जारी है। बेगूसराय के कुंभी गांव में एक शख्स को कथित तौर पर रोककर उसका धर्म पूछा गया था और फिर गोली मार दी गई थी। पीड़ित की पहचान फेरी लगाने वाले मोहम्मद कासिम के तौर पर हुई थी। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल काफी वायरल हुआ था।
इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी राजीव यादव की खोजबीन की जा रही है। बेगूसराय से बीजेपी के गिरिराज सिंह के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ने वाले कन्हैया कुमार ने इस बारे में ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, “बेगूसराय में एक मुस्लिम फेरीवाले को पाकिस्तान जाने की बात कहते हुए गोली मार दी गई। इस तरह के अपराधों को बढ़ावा देने के लिए ऐसे तमाम नेता और उनके राग दरबारी दोषी हैं जो सियासी फायदों के लिए दिन-रात नफरत फैलाते हैं।”
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए