
गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के बाद अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव हन्नान मोल्लाह ने कहा कि कल हम सिंघू सीमा (दिल्ली-हरियाणा सीमा) पर दोपहर 12 बजे एक बैठक करेंगे।
किसान नेताओं के साथ गृह मंत्री अमित शाह की बैठक खत्म हो गई है। बैठक के बाद किसान नेता हन्नान मोल्ला ने बताया कि सरकार कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि अब कल की बैठक नहीं होगी। सरकार एक प्रस्ताव भेजेगी, जिस पर किसान बैठक करेंगे।
बिहार में आज किसानों के 'भारत बंद' का व्यापक असर देखने को मिला। पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में आम जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आईं। आरजेडी, जन अधिकार पार्टी और वाम दलों के समर्थकों ने पूरे राज्य में विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
पंजाब किसान यूनियन के नेता आरएस मनसा ने सिंघु बॉर्डर पर कहा, “हम दिल्ली या हरियाणा से किसी को भी असुविधा नहीं पहुंचाना चाहते हैं। हमें रामलीला ग्राउंड पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी जानी चाहिए।”
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, “तीन काले कानून जिसे बीजेपी किसानों के हितैषी कानून बताती है,यह पूंजीपतियों के लाभ के लिए बनाए गए हैं। मंडी एक्ट, कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग और आवश्यक वस्तु अधिनियम को विलोपित करने के लिए यह तीन कानून हैं, यह 62 करोड़ से ज्यादा किसानों के खिलाफ हैं।”
मोदी सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के प्रदर्शन के बीच विपक्षी दलों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल कल शाम 5 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेगा। सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल के चलते इस डेलीगेशन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, एनसीपी प्रमुख शरद पवार समेत कुल 5 नेता शामिल रहेंगे।
भारत बंद के बीच बड़ी खबर सामने आई है। सरकार ने किसानों को बात के लिए आज ही बुला लिया है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि आज शाम 7 बजे गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक बैठक है। पहले किसानों और सरकार के बीच 9 दिसंबर को यह बैठक होनी थी।
कृषि कानूनों के खिलाफ देशभर में बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में महाराष्ट्र के नागपुर में सिख समुदाय ने विरोध प्रदर्शन किया।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि आज जो लाखों किसान आए हैं वो अपनी पीड़ा व्यक्त करने आए हैं। किसानों की मांगें बिल्कुल सही हैं, किसानों के साथ न्याय होना चाहि।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में भारत बंद के दौरान भीम आर्मी के समर्थकों का किसानों ने विरोध किया है। बताया जा रहा है कि भीम आर्मी के समर्थक यहां यूपी गेट पर किसानों के बीच पहुंचे और धरना प्रदर्शन में शामिल होने लगे। आरोप है कि भीम आर्मी के समर्थक आंदोलन को भड़काने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में किसानों ने उन्हें वहां से भगा दिया।
भारत बंद पर किसानों के विरोध के साथ एकजुटता दिखाने के लिए दिल्ली के सरोजनी नगर बाजार में दुकानदारों ने अपनी बांहों पर काले रिबन बांध हुए हैं।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार, “मैंने कहा था कि एपीएमसी को कुछ सुधारों की जरूरत है। एपीएमसी अधिनियम जारी रहना चाहिए, लेकिन सुधारों के साथ। इसमें कोई संदेह नहीं है कि मैंने पत्र लिखा था। लेकिन उनके तीन अधिनियमों में एपीएमसी का भी उल्लेख नहीं है। वे सिर्फ ध्यान भटकान की कोशिश कर रहे हैं। महत्व देने की जरूरत नहीं।”
भारत बंद के बीच खबर है कि राजस्थान की राजधानी जयपुर बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए है। जयपुर बीजेपी दफ्तर के बाहर बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पत्थरबाजी हुई है।
किसानों के भारत बंद का असर पूरे देश में देखा जा रहा है। देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन के दौरान रेल रोकी गई है। किसानों के समर्थन में और कृषि कानूनों के खिलाफ सड़क पर उतरकर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। किसानों के समर्थन में राजनीतिक पार्टियां भी सड़क पर हैं।
किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
तेलंगाना में टीआरएस नेता के कविता और केटी रामाराव ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ भारत बंद के दौरान विरोध प्रदर्शन किया।
कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में कर्नाटक के हुबली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और बैलगाड़ी से सड़क ब्लॉक की।
राजस्थान के परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में ट्रैक्टर चलाकर भारत बंद का समर्थन किया। परिवहन मंत्री ने कहा, “केंद्र को समझना चाहिए कि उनका जुल्म, तानाशाही ज्यादा नहीं चलेगी। किसान विरोधी कानून वापस लेने पड़ेंगे, तमाम विपक्षी पार्टियां इनके विरोध में हैं।”
भारत बंद के बीच कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “सरकार को समझ लेना चाहिए कि कानून वापस लेने ही पड़ेंगे।”
किसानों के बंद का समर्थन करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “मोदी जी, किसानों से चोरी बंद करो! सभी देशवासी जानते हैं कि आज भारत बंद है। इसका सम्पूर्ण समर्थन करके हमारे अन्नदाता के संघर्ष को सफल बनाएं।”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, “जो किसान अपनी मेहनत से फसल उगाकर हमारी थालियों को भरता है, उन किसानों को बीजेपी सरकार अपने अरबपति मित्रों की थैली भरने के दबाव में भटका हुआ बोल रही है। ये संघर्ष आपकी थाली भरने वालों और अरबपतियों की थैली भरने वालों के बीच है। आइए, किसानों का साथ दें।”
देश भर में किसानों के भरत बंद का असर देखा जा रहा है। गाजीपुर बॉर्डर के पास चक्काजाम कर दिया गया है। वहीं, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय मार्ग को ब्लॉक कर दिया है। यहां पर पुलिस तैनाती की गई है। इसी रोड पर बीजेपी का नया दफ्तर है।
कृषि कानूनों के खिलाफ टिकरी बॉर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। आज किसान यूनियनों ने देश भर में भारत बंद का आवाह्न किया है और कल केंद्र सरकार और किसानों के बीच छठे दौर की वार्ता होगी।
किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में बेंगलुरु में कांग्रेस ने विधानसभा में गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
झारखंड प्रदेश एनएसयूआई अध्यक्ष आमिर हाशमी के साथ एनएसयूआई के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए तीनों कृषि कानूनों के विरोध और किसानों के भारत बंद के समर्थन एनएसयूआई ने मशाल जुलूस निकाला।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसानों के भारत बंद के समर्थन में रेल रोक दी है।
नोएडा में एडिशनल कमिश्नर, कानून-व्यवस्था लव कुमार ने कहा, “भारत बंद के आवाह्न के चलते इसका विशेष ध्यान रखा गया है कि जनता को किसी तरह की असुविधा न हो, यातायात बाधित न हो। जिले में प्रवेश और निकासी की जगहों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात है। जबरन बंद न हो यह सुनिश्चित किया जा रहा है।”
कर्नाटक में भी भारत बंद असर देखा जा रहा है। किसानों के भारत बंद के समर्थन में बेंगलुरु में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
कृषि कानूनों के खिलाफ आज 13वें दिन भी किसान प्रदर्शनकारी सिंघु बॉर्डर पर डटे हुए हैं। किसान यूनियनों ने आज देशभर में कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का आवाह्न किया है।
कृषि कानूनों के खिलाफ बुलाए गए भारत बंद के समर्थन में आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में लेफ्ट पार्टियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
पंजाब के अमृतसर में भारत बंद के समर्थन में दुकानें बंद दिख रही हैं। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव ने कहा, "दुकानें लगभग बंद हैं, इमरजेंसी सेवा बहाल है। लोग अपने मन से शटर बंद कर रहे हैं।"
पश्चि बंगाल में भारत बंद का असर देखा जा रहा है। कोलकाता के जादवपुर रेलवे स्टेशन पर लेफ्ट पार्टियों ने प्रदर्शन किया है। रेलवे ट्रैक पर उतर कर रेल रक दी है।
किसानों के भारत बंद के बीच आज भी दिल्ली के कई बॉर्डर और रास्ते बंद हैं। इस संबंध में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, किसी भी यातायात के लिए टिकरी, झारोदा बॉर्डर, धनसा बंद हैं। बदुसराय सीमा केवल हल्के मोटर वाहनों जैसे कारों और दोपहिया वाहनों के लिए खुली है। झटीकरा सीमा केवल दोपहिया यातायात के लिए खुली है।
कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सिंघु बॉर्डर पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। किसान यूनियनों ने आज कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का आवाह्न किया है, जिसका असर पूर देश में देखा जा रहा है।
पश्चिम बंगाल के जादवपुर में लेफ्ट पार्टियों ने किसानों के भारत बंद के समर्थन में विरोध प्रदर्शन किया।
दिल्ली के बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों ने आज सुबह अरदास की।
आंध्र प्रदेश में भी किसानों द्वरा बुलाए गए भारत बंद का असर देखा जा रहा है। लेफ्ट पार्टियों ने केंद्र सरकार के नए कृषि कानून के खिलाफ विजयवाड़ा में विरोध प्रदर्शन किया।
ओडिशा में भी भारत बंद का असर देखा जा रहा है। लेफ्ट पार्टियों, ट्रेड यूनिय और किसानों ने भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया और रेल रोक दी है।
महाराष्ट्र में भारत बंद का असर देखने को मिला है। बुलढाणा के मलकापुर में स्वाभिमानी शेतकरी संघटना से जुड़े लोगों ने रेल रोक दी और रेलवे ट्रैक पर आ गए। इसके मौके पर पहंची पुलिस ने रेलवे ट्रैक को खाली कराया और विरोध कर रहे लोगों को हिरासत में ले लिया।
नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। किसानों के समर्थन में कई राजनीतिक दलों और ट्रेड यूनियन हैं। सरकार से कई दौर की बातचीत फेल होने के बाद किसानों द्वारा भारत बंद बुलाया गया है। कल यानी 9 दिसंबर को सरकार और किसानों के बीच अगले दौर की बातचीत होगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 08 Dec 2020, 7:57 AM IST