हालात

MP: भोपाल की सड़कों पर हजारों किसान, मूंग की 100% सरकारी खरीद की मांग, ट्रैफिक प्रभावित, कई स्कूलों में छुट्टी

भोपाल में मूंग की 100% MSP खरीद समेत कई मांगों को लेकर हजारों किसान आंदोलन पर बैठे हैं। प्रदर्शन के कारण ट्रैफिक प्रभावित हुआ और कई स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल एक बार फिर बड़े आंदोलन का केंद्र बन गई। संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के नेतृत्व में हजारों किसान 'किसान क्रांति' मार्च निकालते हुए भोपाल पहुंच गए हैं। प्रदर्शन के चलते मंगलवार को होशंगाबाद रोड का बड़ा हिस्सा घंटों तक प्रभावित रहा। किसान इस बार ग्रीष्मकालीन मूंग की पूरी फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदने, खाद वितरण व्यवस्था में बदलाव और बिजली समेत कई मांगों को लेकर सड़क पर उतरे हैं।

सरकार से बातचीत बेनतीजा, मांगों पर अड़े किसान

आंदोलन की शुरुआत किसान प्रतिनिधियों और कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना के बीच हुई बातचीत के बेनतीजा रहने के बाद हुई। हालांकि शाम को कृषि मंत्री ने सोशल मीडिया पर बातचीत को सकारात्मक बताया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कायम रहे। मंत्री कंसाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मध्य प्रदेश के लिए मूंग खरीद का लक्ष्य 4.54 लाख टन से बढ़ाकर 8.06 लाख टन करने की मांग की है। राज्य में इस बार करीब 20.16 लाख टन मूंग उत्पादन का अनुमान है।

किसानों की प्रमुख मांगों में मूंग की 100 प्रतिशत सरकारी खरीद, खाद वितरण में ई-टोकन व्यवस्था खत्म करना, कम बारिश के दौरान पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराना और भावांतर योजना को खत्म करना शामिल है। इसी बीच खाद वितरण की 'ई-विकास' प्रणाली को चुनौती देने वाली कृषि आदान विक्रेता संघ की याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। अदालत ने इसे कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए केंद्र सरकार का नीतिगत फैसला बताया, जबकि किसानों का कहना है कि सर्वर और तकनीकी दिक्कतों के कारण यह व्यवस्था उनके लिए परेशानी बन गई है।

बैरिकेड तोड़े, सड़क पर बनाई दाल-बाटी

संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में बरखेड़ा से शुरू हुए 'किसान क्रांति' मार्च को पुलिस ने होशंगाबाद रोड, मिसरोद और CSIR-AMPRI के पास रोकने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई बैरिकेड तोड़ दिए और सड़क पर ही दाल-बाटी बनाकर विरोध जताया। आंदोलन के बीच कृषि मंत्री ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर खरीद लक्ष्य बढ़ाने की मांग दोहराई। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 3.47 लाख पंजीकृत किसानों में से अब तक केवल 82 हजार किसान ही अपनी फसल बेच पाए हैं।

ट्रैफिक प्रभावित, कई स्कूलों में छुट्टी

प्रदर्शन को देखते हुए सीएसआईआर-एंप्री त्रिजंक्शन से बागसेवनिया स्क्वायर तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया। ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को AIIMS, कटारा हिल्स और मंडीदीप की ओर डायवर्ट किया, जिससे शहर के कई हिस्सों में लंबा जाम लग गया। आंदोलन के चलते भोपाल के कई स्कूलों में छुट्टी भी घोषित करनी पड़ी। किसान नेताओं ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे और तेज किया जाएगा।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

  • ममता बनर्जी के समर्थन के तुरंत बाद कांग्रेस उम्मीदवार की गिरफ्तारी, कांग्रेस बोली- लोकतंत्र ‘वेंटिलेटर’ पर पहुंचा

  • ,
  • बड़ी खबर LIVE: TMC नाम और 'फूल-घास' सिंबल फ्रीज होने से भड़कीं ममता बनर्जी, EC के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती!

  • ,
  • दुनिया की खबरें: लाल सागर में तनाव और मक्का पर हमले की साजिश और नेपाल में 6 शव बरामद, 6100 लोग अब भी लापता!

  • ,
  • राहुल गांधी का सरकार पर हमला, 'दिल्ली आज राजधानी नहीं, महिलाओं के लिए हर दिन की खौफनाक कहानी बनकर रह गई है'

  • ,
  • अर्थतंत्र की खबरें: शेयर बाजार में भारी उथल-पुथल और 'इन्वेस्टमेंट गुरु' वॉरेन बफे ने बर्कशायर हैथवे का चेयरमैन पद छोड़ा