
बिहार के समस्तीपुर के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में एक परिवार के पांच सदस्यों के आत्महत्या करने की घटना को विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने सरकार के लिए काला धब्बा बताया है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना को अत्यंत दर्दनाक और दुखद बताया।
उन्होंने सोमवार को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि, समस्तीपुर में एक गरीब परिवार के सभी 5 सदस्यों ने गरीबी, भुखमरी, आर्थिक तंगी, महंगाई, बेरोजगारी और बदहाली से त्रस्त होकर सामूहिक आत्महत्या कर ली। यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत दर्दनाक, हृदय विदारक, दु:खद और कथित डबल इंजन सरकार के बड़बोलेपन पर करारा तमाचा और काला धब्बा है।
समस्तीपुर जिले के मऊ धनेशपुर दक्षिण गांव में रविवार को परिवार के पांच लोगों के शव फंदे से लटकते मिले थी। मृतकों की पहचान मनोज झा, उनकी पत्नी सुंदरमनी देवी, उनकी मां सीता देवी और बच्चे सत्यम और शिवम के रूप में की गई है।
समस्तीपुर के पुलिस उपाधीक्षक डी के पाण्डेय ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। वैसे, पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, मनोज झा के परिवार ने कुछ कर्ज ले रखा था, जिस कारण वह दबाव में थे। घटना का कारण आर्थिक तंगी बताई जा रही है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए