हालात

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS अधिकारियों का तबादला, पटना कमिश्नर बदले, 5 जिलों में नए DM

बिहार सरकार ने 14 IAS अधिकारियों का तबादला किया है। पटना कमिश्नर समेत कई अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली गई, जबकि 5 जिलों में नए DM तैनात किए गए हैं।

बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल फोटोः सोशल मीडिया

बिहार सरकार ने आधी रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्यपाल के निर्देश पर तबादले और नई जिम्मेदारियों से जुड़ी अधिसूचना जारी की। इस फेरबदल में पटना के कमिश्नर भी बदल दिए गए हैं। इसके साथ ही राज्य के पांच जिलों, सीतामढ़ी, बेगूसराय, भोजपुर, कैमूर और सिवान में नए जिलाधिकारी यानी DM की तैनाती की गई है। कई विभागों के सचिव भी बदले गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

इस प्रशासनिक बदलाव में वरिष्ठ IAS अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया गया है। मंत्रिमंडल सचिवालय के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी को पटना स्थित बिपार्ड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। 1995 बैच के IAS अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी को यह जिम्मेदारी मिली है। वहीं 1996 बैच के एचआर श्रीनिवास को ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है।

पटना कमिश्नर समेत इन अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी

जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। युवा रोजगार एवं कौशल विभाग में विशेष सचिव के तौर पर काम कर रहे नवदीप शुक्ला को बिहार शिक्षा परियोजना पर्षद के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वहीं राजेश कुमार को पटना का नया कमिश्नर बनाया गया है।

इसके अलावा विनय कुमार को वित्त विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। मयंक बडवड़े को निगरानी विभाग में प्रधान सचिव की जिम्मेदारी मिली है। मुख्यमंत्री के सचिव संजय सिंह को उत्पाद, मद्य निषेध एवं निबंधन विभाग का सचिव बनाया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत अधिकारियों के विभागों और अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव किया गया है।

सीतामढ़ी समेत 5 जिलों में नए डीएम

सरकार ने बिहार के पांच जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती भी की है। सिवान में नगर विकास विभाग के अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा, भोजपुर में खान निदेशक मनेश कुमार मीणा, बेगूसराय में रिची पांडेय, सीतामढ़ी में तनय सुल्तानिया और कैमूर में अनुराग कुमार को नया DM बनाया गया है। इस बदलाव के साथ इन पांच जिलों के प्रशासनिक नेतृत्व में भी परिवर्तन हुआ है।

अधिसूचना में कुछ अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में भी बदलाव किया गया है। नवीन कुमार को मद्य निषेध विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। विनोद सिंह गुंजियाल को समाज कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है और उन्हें शिक्षा विभाग के प्रभार से मुक्त किया गया है। वहीं कार्तिकेय धनजी को PHED विभाग के सचिव की जिम्मेदारी मिली है। उच्च शिक्षा विभाग में सचिव के पद पर तैनात रौशन को शिक्षा विभाग का प्रभार सौंपा गया है।