हालात

बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा, गैस पाइपलाइन लीक होने से 7 छात्राएं बेहोश, 5 की हालत गंभीर

स्थानीय लोगों ने तुरंत छात्राओं को मुसहरी पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों और नर्सों ने इलाज शुरू किया। अस्पताल के अनुसार दो छात्राओं की हालत में सुधार है और उनका इलाज पीएचसी में जारी है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार को गैस पाइपलाइन लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। मुजफ्फरपुर गैस पाइपलाइन लीक की इस घटना में प्लस-2 रहुआ हाई स्कूल की 7 स्कूली छात्राएं गैस रिसाव की चपेट में आने के बाद बेहोश हो गईं। सभी छात्राओं को तत्काल मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच छात्राओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

नाला निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइपलाइन

जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर-पूसा मार्ग पर मुसहरी प्रखंड के रहुआ गांव के पास बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (बुडको) की ओर से नाला निर्माण का काम चल रहा था। खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन से जमीन के नीचे बिछी पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे गैस का तेज रिसाव शुरू हो गया। उसी समय वहां से गुजर रही सात छात्राएं गैस की चपेट में आ गईं और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ ही देर में सभी छात्राएं बेहोश होकर गिर पड़ीं।

पांच छात्राओं को एसकेएमसीएच रेफर किया गया

स्थानीय लोगों ने तुरंत छात्राओं को मुसहरी पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों और नर्सों ने इलाज शुरू किया। अस्पताल के अनुसार दो छात्राओं की हालत में सुधार है और उनका इलाज पीएचसी में जारी है। वहीं, नाहिदा खातून, अमृता कुमारी, राखी कुमारी, दिव्या कुमारी और विशाखा कुमारी की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया। सभी को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

पुलिस और इंडियन ऑयल की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही छात्राओं के परिजन अस्पताल पहुंच गए। स्थानीय समाजसेवी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि नाला निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन से पीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण गैस रिसाव हुआ और यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर मुसहरी थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही इंडियन ऑयल के तकनीकी अधिकारी और कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा गैस रिसाव रोकने का काम शुरू किया। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए