
बिहार में पिछले एक पखवारे से कोरोना मामलों में लगातार वृद्धि के बीच श्रावणी मेले को लेकर जिस तरह शिवालयों खासकर भागलपुर के सुल्तानगंज में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, उससे कोरोना के बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
बिहार स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो राज्य में गुरुवार को 497 नए कोरोना संक्रमित सामने आए थे, जिससे राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 2596 तक पहुंच गई है। इस बीच, श्रावण महीने के प्रारंभ होने के बाद शिवालयों में भीड़ उमड़ रही है। सुल्तानगंज में लाखों शिवभक्त पहुंच रहे हैं। सुल्तानगंज स्थित गंगा से ही कांवड़िए जल लेकर पैदल यात्रा कर देवघर पहुंचते हैं जहां बाबा भोलेनाथ को जलार्पण करते हैं।
इधर, पवित्र श्रावण मास में लगने वाले मेले के कारण कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मेडिकल कालेजों के प्राचार्यों-अधीक्षकों के अलावा सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ बैठक की है। संक्रमण बढ़ने की आशंका को देखते हुए बांका, भागलपुर और मुंगेर के सिविल सर्जनों को विशेष अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक से अधिक कांवड़ियों की कोरोना जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यदि किसी मरीज में गंभीर लक्षण उभरते हैं तो उनके उपचार और नजदीकी मेडिकल कालेज रेफर करने की चाक-चौबंद व्यवस्था रखने को कहा गया है। सभी मेडिकल कालेजों को कोरोना संक्रमितों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं, ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक सामान की पूरी तैयारी रखने को कहा गया है। लगातार महाभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए