हालात

अतीक-अशरफ की सरेआम हत्या पर वाहवाही लूटने में जुटी बीजेपी! BJP MLA ने हत्याकांड को बताया योगी सरकार की उपलब्धि

यूपी के सहारनपुर के बीजेपी विधायक राजीव गुंबर ने गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या को 'योगी आदित्यनाथ सरकार की बड़ी उपलब्धि' करार दिया है।

फोटो: Getty Images
फोटो: Getty Images 

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस की मौजूदगी में सरेआम अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ अहमद की हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड को लेकर योगी सरकार और यूपी पुलिस सवालों के घेरे में है। उनसे सवाल पूछे जा रहे हैं। सरकार की नाकामी पर जवाब देने के बजाए एक बीजेपी विधायक ने हत्या को ही उपलब्धि करार दिया है।

सहारनपुर के बीजेपी विधायक राजीव गुंबर ने गैंगस्टर अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या को 'योगी आदित्यनाथ सरकार की बड़ी उपलब्धि' करार दिया है। बीजेपी विधायक राजीव गुंबर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है ऊपर भेजा दिया ना हमने, अतीक को ऊपर पहुंचाया कि नहीं पहुंचाया? अब सहारनपुर के गुंडों की बारी है, इसलिए हमारे उम्मीदवार को वोट दें।

सहारनपुर में पार्टी के मेयर पद के उम्मीदवार अजय कुमार के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन करने के लिए एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर वीडियो शूट किया गया था। गुंबर की विवादास्पद टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें कई लोगों ने अतिरिक्त-न्यायिक हत्याओं को महिमामंडित करने का आरोप लगाया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए