
समाजवादी पार्टी (एसपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बीजेपी पर विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में धांधली और फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी को वोट चोरी के लिए एक विश्वविद्यालय खोल देना चाहिए और अपने कार्यकर्ताओं के लिए कम से कम तीन साल का पाठ्यक्रम चलाना चाहिए। अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी चुनाव में हार के डर से बौखलाई हुई है और विधानसभा चुनाव में भी बेईमानी करने की कोशिश करेगी, लेकिन जनता एक-एक वोट से उसे हराएगी।
एसपी प्रमुख ने आगरा-अलीगढ़ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में सैफई में मतदान करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में केवल सीमित मतदाता ही वोट डालते हैं। इसके बावजूद बीजेपी हार के डर से घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों ने फर्जी मतदान और बेईमानी का प्रयास किया। एसपी के मतदाताओं को मतदान करने से रोकने के लिए बीजेपी ने अपने गुंडों और भ्रष्ट अधिकारियों को आगे कर दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश से ऐसी सूचनाएं मिली हैं कि बीजेपी से जुड़े लोगों ने जगह-जगह फर्जी मतदान का प्रयास किया और समाजवादी पार्टी के मतदाताओं को रोकने की कोशिश की। अखिलेश ने आरोप लगाया कि प्रशासन मूकदर्शक बना रहा और चुनाव आयोग ने शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की। ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग के लोग नींद की गोली खाकर सो गए हैं और सब कुछ देखते हुए भी आंखें मूंदे बैठे हैं।
एसपी प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी वोट चोरी और चुनावी धांधली के जरिए लोकतंत्र को खत्म कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी वर्ष 2022 से ही मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी के मुद्दे उठाती रही है। उनके मुताबिक, मतदाता सूची में गड़बड़ियों में बीजेपी और चुनाव आयोग की मिलीभगत है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने शिक्षकों और नौजवानों के लिए कोई काम नहीं किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि केंद्र और प्रदेश में लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद बीजेपी को चुनाव जीतने के लिए गुंडागर्दी और फर्जी मतदान का सहारा क्यों लेना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है और इंडिया गठबंधन बीजेपी को हराएगा। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता बीजेपी का सफाया कर देगी।
बीजेपी पर भ्रष्टाचार, महंगाई और अन्याय को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए एसपी प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और संविधान की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी आरक्षण को कमजोर कर रही है, प्राथमिक विद्यालय बंद कर रही है और शराब की दुकानें खुलवा रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ी हैं, युवाओं को पर्याप्त रोजगार नहीं मिला और स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। अस्पतालों की स्थिति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि कई अस्पतालों को खुद इलाज की जरूरत है और एंबुलेंस सेवाएं भी प्रभावित हैं।
अखिलेश ने पुलिस व्यवस्था में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में 'हथेली गरम तो पुलिस नरम' जैसी स्थिति है। उन्होंने एक्सप्रेसवे की खराब हालत और किसानों को खाद नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया। केंद्र सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए एसपी प्रमुख ने कहा कि खाद के लिए आवश्यक रसायनों की आपूर्ति चीन और अन्य देशों से होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की व्यापार नीति देश के हितों के अनुरूप नहीं है, जिसका असर किसानों को खाद की उपलब्धता पर पड़ रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए हैं। अब जनता सवाल पूछ रही है तो बीजेपी बौखला रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता बीजेपी को सत्ता से बाहर कर देगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए