
कांग्रेस ने एक लिस्ट जारी कर झारखंड विधानसभा चुनाव में तीन सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इस लिस्ट के तहत कांग्रेस ने सिमरिया (एससी) सीट से योगेंद्र बैठा को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही बगोदर सीट से बासुदेव वर्मा और बोकारो से स्वेता सिंह को कांग्रेस ने टिकट दिया है। स्वेता सिंह को संजय सिंह की जगह पर टिकट दिया गया है।
झारखंड में विधानसभा चुनाव के दौरान चौक-चौबंद सुरक्षा दावों के बीच शुक्रवार को बड़ा नक्सली हमला हुआ है, जिसमें एक दारोगा समेत 3 जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से जख्मी है। यह हमला लातेहार-लोहरदग्गा सीमा पर उस समय हुआ जब दारोगा के नेतृत्व में एक पुलिस पार्टी चंदवा थाना इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। जैसे ही पुलिस टीम लुकैया मोड़ के पास पहुंची माओवादियों से भिड़ंत हो गई। जब तक जवान मोर्चा संभालते तब तक नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर अपने मंसूबे को अंजाम दे दिया। इसके बाद नक्सली वहां से फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भाग गए।
हरियाणा में भले बीजेपी और जेजेपी गठबंधन की सरकार बन गई हो, लेकिन अंदरखाने अभी भी दोनों दलों में रस्साकशी जारी है। राज्य के डिप्टी सीएम और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के नेता दुष्यंत चौटाला ने दावा किया है कि अगले कैबिनेट विस्तार में उनकी पार्टी को एक और मंत्री पद मिलने के साथ ही विधायकों को भी अहम जिम्मेदारी मिलेगी।
अपने विवादित बयानों के लिए चर्चित अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर सनसनीखेज दावा करते हुए कहा है कि अगर उनकी बात नहीं मानी होती तो हांगकांग का नामोनिशान 14 मिनट में खत्म हो जाता।
ओडीशा के सीएम नवीन पटनायक ने महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मुद्दे पर विधानसभा में बयान देते हुए कहा कि महिलाओं से संबंधित किसी भी मानवीय त्रासदी पर राजनीति करना अमानवीय है। उन्होंने कहा, “सीएम होने के नाते मैं सदन को आश्वस्त करता हूं कि महिलाओं के खिलाफ अपराध मेरी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक होगा और हम किसी भी मामले में न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।”
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ में एक सभा में दावा किया कि बीजेपी जो कहती है, वो करती है। साथ ही उन्होंने ये भी दावा किया 5 अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से जम्मू-कश्मीर में एक भी शख्स की पुलिस की गोली से मौत नहीं हुई है।
पाकिस्तान को लताड़ते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान को अपना अस्तित्व भारत के विरोध में नजर आता है। उन्होंने कहा कि उसकी हालत इतनी खराब है कि वहां मंहगाई अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था खतरनाक हालत में है, लेकिन फिर भी वह भारत के खिलाफ आतंकवाद का समर्थन करने से बाज नहीं आता है।
उद्धव ठाकरे ने कहा, बातचीत के बाद लोगों के सामने आएंगे। कई मुद्दों पर हमारे बीच सहमति बन गई है। हालांकि हम किसी मुद्दे को टालना नहीं चाहते हैं। हम हर मुद्दे पर आम सहमति चाहते हैं।
कांग्रेस-एनसीपी- शिवसेना की बैठक खत्म हो गई है। बैठक से बाहर निकले शरद पवार ने कहा कि शिवसेना के प्रमुख उद्धव ठाकरे को महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री बनाए जाने पर चर्चा हुई। कल भी बैठक जारी रहेगी। तीनों दल कल एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। बातचीत अभी जारी है। उन्होंने कहा कि कल ये फैसला लिया जाएगा कि राज्यपाल से कब मिलने जाना है।
भारत और बांग्लादेश के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे पिंक टेस्ट में टीम इंडिया ने चाय काल तक एक विकेट पर 35 रन बना लिए हैं। रोहित शर्मा (13 रन) और चेतेश्वर पुजारा (7 रन) क्रीज पर हैं। इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम अपनी पहली पारी में 106 रनों पर ऑलआउट हो गई।
इलेक्टोरल बॉन्ड पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार से तीन सवाल पूछे हैं। प्रियंका ने ट्वीट कर कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए चंदा लेने के मामले में एक रिपोर्ट ने 4 खुलासे किए हैं। कल बीजेपी सरकार के मंत्री ने एक रटा रटाया कागज प्रेस के सामने पढ़ दिया! लेकिन इन प्रश्नों के जवाब कहां हैं? पियंका ने पूछा, “क्या यह सच है कि RBI और चुनाव आयोग की आपत्तियों को नकारा गया?” प्रियंका ने सवाल किए कि, “रिपोर्ट में लिखा है कि प्रधानमंत्री जी ने कर्नाटक चुनाव के दौरान गैरक़ानूनी तरीक़े से बॉन्ड की बिक्री की अनुमति दी? क्या यह सच है? चंदा देने वाले की पहचान गोपनीय है- क्या सरकार ने ये झूठ बोला?”
भारत और बांग्लादेश के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में ऐतिहासिक डे-नाइट टेस्ट मैच खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम अपनी पहली पारी में 106 रनों पर ऑलआउट हो गई। जवाब में टीम इंडिया ने पहली पारी में एक विकेट गंवा कर 26 रन बनाए हैं। मयंक अग्रवाल 14 रन बनाकर आउट हुए।
इलेक्टोरल बॉन्ड के मुद्दे पर कांग्रेस ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, “बीजेपी को स्पष्ट करना चाहिए, “आखिर ये रिश्ता क्या कहलाता है?’ देश की असंख्य भावनाओं के साथ; मुम्बई आतंकी हमले के शहीदों की गरिमा के साथ ये खिलवाड़ क्यों किया गया? देशहित के ऊपर पैसों को वरीयता देकर बीजेपी ने देश-विरोधी कार्य किया है।”
मुंबई के नेहरू सेंटर में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंच गए हैं।
कोलकाता टेस्ट में पहले दिन बांग्लादेश की पूरी टीम आउट हो गई है। 30.3 ओवर में 106 बनाकर बांग्लादेश की टीम ऑल आउट हो गई है।
हैदराबाद की सैदाबाद पुलिस ने एआईएमआईएम विधायक अकबरुद्दीन ओवैसी के खिलाफ केस दर्ज किया है। अकबरुद्दीन ओवैसी पर इसी साल 23 जुलाई को करीमनगर में एक सार्वजनिक बैठक में विवादित टिप्पणी का आरोप है। गुरुवार को एक स्थानीय अदालत ने पुलिस को ओवैसी के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था।
कोलकाता टेस्ट में बांग्लादेश का 8वां विकेट गिर गया है। 28वें ओवर की आखिरी गेंद पर इशांत शर्मा ने मेहदी हसन को चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच करवाकर बांग्लादेश को 8वां झटका दिया है।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना नेताओं की बैठक होने जा रही है। बैठक में सरकार गठन को लेकर चर्चा होगी। इसके बाद इस बैठक के बारे में जानकार दी जाएगी।
कोलकाता टेस्ट में बांग्लादेश का 7वां विकेट गिर गया है। 24वें ओवर की 5वीं गेंद पर इशांत ने इबादत हुसैन को बोल्ड कर बांग्लादेश को 7वां झटका दिया है। बांग्लादेश ने 82 रन पर 7 विकेट गंवा दिए हैं।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक महीने पहले एक महिला ने अपने पति की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसे रसोई के स्लैब के नीचे दफना दिया। पुलिस ने बताया, "व्यक्ति 22 अक्टूबर से लापता था। रविवार को मृतक के भाई ने पुलिस को सूचना दी। बताया कि पत्नी ने मारकर पति को घर में ही दफन कर दिया। शव बरामद कर लिया गया है।”
मुंबई में महाराष्ट्र विधान भवन में कांग्रेस विधायक दल की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा।
कोलकाता में भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट मैच जारी है। बांग्लादेश की हालत खस्ता है। 20 ओवर में 64 रन पर बांग्लादेश के 6 विकेट गिर चुके हैं।
उत्तर प्रदेश के संभल के नखासा में नाबालिग लड़की को अगवा कर पहले उसके साथ रेप किया गया उसके बाद उसे आग के हवाले कर दिया गया। नाबालिग लड़की 70 प्रतिशत जल गई है। नाबालिग का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कर लिया गया है।
केरल के वायनाड के कलपेट्टा में 10 साल के छात्र की मौत के विरोध में एसएफआई ने प्रदर्शन किया। इस दौरान एसएफआई के कार्यकर्ता पुलिस के साथ भिड़ गए। गुरुवार को सुल्तान बाथरी में स्कूल में सांप के काटने से एक छात्र की मौत हो गई। पूरे मामले की जांच जारी है।
राजस्थान के जालोर के मंडावला गांव की सरपंच रेखा देवी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान को रोकने के लिए जेसीबी मशीन पर चढ़ने की कोशिश की।
आरबीआई ने दीवान हाउसिंग फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रशासक को सलाह देने के लिए एक सलाहकार समिति को नियुक्त किया है।
कांग्रेस नेता माणिकराव ठाकरे ने कहा कि यह लगभग फाइनल हो चुका है कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री शिवसेना से होगा। एनसीपी ने कभी मुख्यमंत्री के पद की मांग नहीं की।
आंध्र प्रदेश में एक भक्त ने गुरुवार को विशाखापट्टनम के लक्ष्मी नृसिंह मंदिर में 50 सोने की तुलसी के पत्ते दान किए।
कोलकाता डे-नाइट टेस्ट मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीत लिया है। इसके साथ ही बांग्लादेश की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया है। टीम इंडिया गेंदबाजी करेगी।
देश की कई सरकारी कंपनियों को मोदी सरकार द्वारा बेचे जाने के फैसले पर लोकसभा में हंगामा हुआ है। विपक्ष ने इस मुद्दे पर हंगामा किया। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने इस मुद्दे को सदन में उठाया। उन्होंने सरकार से पूछा कि आखिर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और एअर इंडिया को सरकार कैसे बेच रही है। उन्होंने कहा कि जबकि सुप्रीम कोर्ट इस मुद्दे पर यह कह चुका है कि इस पर संसद में बात होनी चाहिए।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “सरकार नया पानी और सीवर कनेक्शन लेने पर कोई डेवलेपमेंट और इंफ्रास्ट्रक्चर टैक्स नहीं लेगी। ऐसे में अब अगर कोई नागरिक नया पानी का कनेक्शन लेता है तो उसे सिर्फ 2310 रुपए देने होंगे।”
कोलकाता में भारत और बांग्लादेश के खिलाड़ी ईडन गार्डन्स पहुंच गए हैं। दोनों टीमें अपना पहला डे-नाइट टेस्ट मैच खेलेंगी।
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का दिल्ली दौरा रद्द हो गया है। दिल्ली में होने वाली राज्यपालों की कॉन्फ्रेंस में राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी नहीं आएंगे। राज्य में राजनीतिक हलचल को देखते हुए राज्यपाल ने यह फैसला लिया है।
एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा, “शाम 4 बजे सभी तीनों पार्टियों (कांग्रेस, एनसीपी, शिवसेना) की बैठक होगी। हम शिवसेना के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं।”
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक हथियार सप्लायर असिन को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गीता कॉलोनी इलाके से 30 पिस्तौल और 50 राउंड गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है।
असम में गुवाहाटी में कृषक मुक्ति संग्राम समिति समेत विभिन्न संगठनों ने नागरिकता संशोधन विधेयक के विरोध में प्रदर्शन किया।
भारत और बांग्लादेश के बीच ईडन गार्डन्स मैन पर पहले डे-नाइट टेस्ट मैच को लेकर सुनील गावस्कर ने कहा, “मैं उम्मीद कर रहा हूं कि यह एक रोमांचक मैच होगा। हमारे पास पहले 4 दिन के टिक बिक चुके हैं।”
कोलकाता में बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली बांग्लादेश की पीएम शेख हसीना की अगवानी के लिए सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गए हैं। बांग्लादेश की पीएम आज ईडन गार्डन्स में भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाले पहले डे-नाइट टेस्ट मैच का उद्घाटन करेंगी।
इलेक्टोरल बॉन्ड के मुद्दे पर कांग्रेस के सांसदों ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामन प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद गुलामनबी आजाद, आनंद शर्मा, शशि थरूर और मनीष तिवारी समेत पार्टी के दूसरे सांसद शामिल हुए।
कांग्रेस पार्टी का कहना है कि बीजेपी सरकार ने देश के लोगों से झूठ बोला है। कांग्रेस का कहना है की बीजेपी को पूरा चुनावी चंदा मिले इसलिए मोदी सरकार यह स्कीम लेकर आई है।
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हो गई है। प्रश्नकाल जारी है।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों द्वारा कि गए आईईडी ब्लास्ट में एक सीआरपीएफ का जवान घायल हो गया है।
शिवसेना नेता संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भवान इंद्र की गद्दी भी अब अगर बीजेपी पेश करती है तो भी हम उसके साथ नहीं जाएंगे। इस बयान के साथ ही महाराष्ट्र में बीजेपी के लिए सारी संभावनाएं लगभग खत्म हो गई हैं। राउत ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में 5 सालों तक शिवसेना का ही मुख्यमंत्री होगा।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में फीस बढ़ोतरी के मुद्दे पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और सीपीआईएम केके रागेश ने राज्यसभा में ‘जीरो ऑवर’ नोटिस दिया है।
पुडुचेरी में सब इंस्पेक्टर विमल कुमार ने नेतापक्कम पुलिस स्टेशन के पास एक इमारत में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है।
कर्नाटक में केंद्रीय अपराध शाखा ने बेंगलुरु में अभिलाष को गिरफ्तार किया, जिसने फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों से पैसों की वसूली की थी। सीसीबी ने आरोपी के पास से 24 लाख रुपये भी जब्त किए हैं।
महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर कांग्रेस-एनसीपी और शिवसेना के बीच आज आखिरी दौर की चर्चा होगी। बताया जा रहा है कि तीनों पार्टियों की होने वाली इस बैठक के बाद सरकार गठन को लेकर आधिकारिक ऐलान किया जा सकता है।
पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में गाय चोरी के शक में दो लोगों को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया है। यह मामला गुरुवार सुबह कोतवाली थाना अंतर्गत पुटीमारी के पास फुलेश्वरी क्षेत्र की है। पुलिस मुताबिक, मृतकों की पहचान प्रकाश दास और बाबला मित्र के रूप में हुई है। दोनों ही लोग माथाभांगा इलाके के रहने वाले हैं।
महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुंबई में आज कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी और विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन साल के विदेश दौरे के लिए चार्टर्ड उड़ानों पर 255 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। राज्यसभा में दिए गए लिखित जवाब में विदेश मंत्रालय की ओर से यह बात कही गई है। विदेश राज्य मंत्री ने सदन को बताया कि साल 2016-17 में पीएम मोदी के विदेश दौरे के लिए बुक की गई चार्टर्ड उड़ानों पर 7.27 करोड़ खर्च किए गए। साल 2017-18 में इस पर 99.32 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 22 Nov 2019, 7:32 AM IST