हालात

बड़ी खबर LIVE: एनटीए ने घोषित किया रिजल्ट, 11.21 लाख छात्र हुए सफल

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट यूजी 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में रिकॉर्ड 11.21 लाख उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

एनटीए ने घोषित किया रिजल्ट, 11.21 लाख छात्र हुए सफल

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने नीट यूजी 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस साल देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा में रिकॉर्ड 11.21 लाख उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है।

रामबन में अमरनाथ यात्रियों की बस में आग लगी, कोई हताहत नहीं

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में बृहस्पतिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमरनाथ यात्रियों को ले जा रही एक बस में आग लग गई। घटना के बाद त्वरित बचाव अभियान चलाकर बस में सवार सभी 47 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के श्रद्धालुओं को ले जा रही यह स्लीपर बस अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन के बाद श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी, तभी राजमार्ग पर करोल के पास इसमें आग लग गई।

अधिकारियों ने बताया कि बस का एक टायर कथित तौर पर फटने के बाद यात्रियों ने धुआं उठता देखा। इसके बाद वाहन के आग की लपटों में घिरने से पहले यात्री बस से उतर गए।

पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सेना के जवानों, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं और नागरिक त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी) के स्वयंसेवकों ने मौके पर पहुंचकर बचाव और अग्निशमन अभियान शुरू किया।

'सवाल पूछने के डर से अयोध्या आ रहे हैं योगी' : राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का बड़ा हमला

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर कहा, "योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि SIT बना दी है। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। फिर वो दोबारा अयोध्या आए। उनके मन में ये डर हो गया कि दूध का दूध पानी का पानी सवाल कोई पूछ लेगा तो क्या जवाब दूंगा। इसलिए 27 साल पहले की घटना को दूसरा रूप देकर आपके सामने रख दिया। आप ध्यान भटकाने में उनकी मदद कर रहे हैं। ये बताओ कि दूध का दूध पानी का पानी कहां है?... "

यूपी के 14 जिलों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात का रेड अलर्ट, कई राज्यों के लिए चेतावनी  

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार शाम अगले दो से तीन घंटों के लिए उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी, वज्रपात और बारिश को लेकर तत्काल (नाउकास्ट) चेतावनी जारी की है। यूपी के 14 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पंजाब के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के अनुसार, शाम 5 बजे जारी यह चेतावनी रात 8 बजे तक प्रभावी रहेगी।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर, आजमगढ़, बहराइच, बांदा, चित्रकूट, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, श्रावस्ती, सीतापुर और उन्नाव में तेज गरज-चमक, वज्रपात, करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और प्रति घंटे 15 मिमी से अधिक भारी बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के अमेठी, औरैया, अयोध्या, बदायूं, बलिया, बलरामपुर, बाराबंकी, बरेली, बस्ती, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, मऊ, रायबरेली, रामपुर, संभल, संत कबीर नगर और शाहजहांपुर जिलों में गरज-चमक, वज्रपात, 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

राम मंदिर में चढ़ावा ‘चोरी’ : 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंप सकती है एसआईटी

अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी से जुड़े मामले की पड़ताल कर रहा विशेष जांच दल (एसआईटी) अगले 24 घंटे के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंप सकता है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर मंदिर के प्रशासन और चढ़ावे की गणना प्रणाली में व्यापक बदलाव किए जा सकते हैं।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था।

जांच पूरी करने के लिए एसआईटी को शुरू में 15 दिन का समय दिया गया था। हालांकि, बाद में एक जुलाई को इसका कार्यकाल 15 दिन के लिए बढ़ा दिया गया।

ओडिशा: पुरी रथ यात्रा के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति में एक व्यक्ति की मौत

ओडिशा के पुरी में रथ यात्रा उत्सव के दौरान कथित भगदड़ जैसी स्थिति में दम घुटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हालांकि, अभी तक श्रद्धालु की मौत या भगदड़ जैसी स्थिति की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुरी में घटनास्थल पर मौजूद एक श्रद्धालु ने बताया कि मरीचि कुंड चौक के पास या तो बाहरी घेरे की रस्सी की बैरिकेड गिर गई, या कुछ लोग अपना संतुलन खो बैठे और सड़क पर गिर गए।

उन्होंने बताया कि उन्होंने लगभग 40 से 50 लोगों को एक-दूसरे के ऊपर गिरते देखा, जिससे कई श्रद्धालु घायल हो गए और चार से पांच को गंभीर चोटें आई हैं।

उन्होंने आगे बताया कि उन्होंने लगभग 20 लोगों को बचाया और उन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, और अब उन्हें पता चला है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है।

इसके अलावा, सूत्रों ने यह भी दावा किया कि गुरुवार को श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ और लगातार बारिश के बीच घुटन और विभिन्न चोटों की शिकायत करने वाले लगभग 200 मरीजों को अब तक पुरी के अस्पतालों और अस्थायी स्वास्थ्य सुविधाओं में भर्ती कराया गया है।

अमेरिकी ने उत्तरी ईरान में हमले तेज किए, नाकेबंदी का उल्लंघन करने वाले जहाज पर किया हमला

अमेरिका ने बृहस्पतिवार तड़के ईरान पर हमले तेज करते हुए उत्तरी क्षेत्र को ज्यादा निशाना बनाया। वहीं ईरान ने पलटवार करते हुए तड़के पश्चिम एशिया में अमेरिका के सहयोगी देशों को निशाना बनाकर मिसाइल व ड्रोन हमले किए और चेतावनी दी कि उसके हमले तेज हो सकते हैं।

अमेरिकी बलों ने ईरान पर लगाई गई नौसैनिक नाकेबंदी के उल्लंघन की कोशिश करने के लिए एक जहाज पर गोलीबारी भी की।

अमेरिका और ईरान के बीच कई दिन से जारी हमलों और जवाबी हमलों तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर दी गई धमकियों ने युद्ध को खत्म करने के लिए हुए अंतरिम समझौते को लगभग खत्म कर दिया है। इससे पूरे क्षेत्र में फिर से व्यापक युद्ध छिड़ने का खतरा बढ़ गया है।

हमें ईरान की तरफ से ताजा हमलों का सामना करना पड़ा है : कुवैत की सेना

कुवैत की सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसे ईरान की तरफ से ताजा हमलों का सामना करना पड़ा है और उसने इन हमलों को नाकाम करने का प्रयास किया है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका ने ईरान पर अपने हमले तेज कर दिए हैं, क्योंकि दोनों देशों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बढ़ गया है।

पिछले कुछ दिनों में अमेरिका ने ईरान के शहरों को निशाना बनाया है जबकि ईरान पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमला कर रहा है।

बीजेपी सरकार, बुलडोजर सरकार है, लेकिन जब राम मंदिर में इतनी बड़ी चोरी हुई, तो उनका बुलडोजर वहां थक गयाः डिंपल यादव

रामपुर के मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को अपनी जगह पर कथित गैर-कानूनी कंस्ट्रक्शन के लिए डेमोलिशन नोटिस मिलने पर समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने कहा, "बीजेपी सरकार सत्ता में है, यह बुलडोजर सरकार है। यह स्टूडेंट्स का भविष्य बर्बाद कर रही है। यह किसी पर भी बुलडोजर चला सकती है। लेकिन जब राम मंदिर में इतनी बड़ी चोरी हुई, तो उनका बुलडोजर वहीं थक गया। सवाल यह है कि बुलडोजर यहां क्यों थक गया?"

केतन हत्याकांड की आरोपी सिया के परिवार को पुणे की दुकान बंद करने का नोटिस

महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्राधिकरण (एफडीए) ने पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या से जुड़े मामले की आरोपी सिया गोयल के परिवार को नोटिस जारी कर नियमों के कथित उल्लंघन के लिए मेवों और मसालों की अपनी दुकान का संचालन बंद करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

वहीं, सिया के पिता प्रवीण गोयल ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया कि उन्हें और उनके परिवार को बेवजह परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह केतन हत्याकांड की जांच में सहयोग कर रहे हैं। गोयल ने कहा कि अगर उनकी बेटी मामले में दोषी पाई जाती है, तो उसे मौत की सजा मिलनी चाहिए।

सिया (20) पर अपने मंगेतर केतन (25) को प्रेमी चेतन चौधरी (22) के साथ मिलकर 18 जून को पुणे के लोहागढ़ किले की एक पहाड़ी से खाई में धकेलने का आरोप है, जिससे उनकी मौत हो गई। पुणे शहर के बीचों-बीच मार्केट यार्ड में स्थित मेवों और मसालों की जिस दुकान को नोटिस जारी किया गया है, उसका संचालन एम/एस बीजी गोयल एंड कंपनी करती है। इस कंपनी का मलिकाना हक सिया के परिवार के पास है।

तृणमूल कांगेस की रुक्मिणी मलिक ने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया

तृणमूल कांग्रेस की रुक्मिणी मलिक ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के सत्ता से बाहर होने के बाद इस्तीफा देने वाली मलिक तृणमूल कांग्रेस की चौथी सांसद हैं।

मलिक ने राज्यसभा के सभापति से मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने अपने इस्तीफा पत्र में कहा, ‘‘मैं राज्यसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा देती हूं, जिसे कृपया तत्काल प्रभाव से स्वीकार किया जाए।’ उन्होंने पत्र में कहा, ‘‘मैं राज्यसभा की सदस्य के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उपसभापति और राज्यसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों द्वारा दिए गए सहयोग और मदद के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं।’’

इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाईक भी राज्यसभा से इस्तीफा दे चुके हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी को लिखा पत्र, महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित विधेयक पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महिला आरक्षण और परिसीमन से संबंधित विधेयक पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की।

दिल्ली सरकार ने स्टार्टअप एवं इन्क्यूबेशन नीति को मंजूरी दी, 400 करोड़ रुपये का आवंटन

दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के लिए स्टार्टअप एवं इन्क्यूबेशन नीति को बृहस्पतिवार को मंजूर प्रदान कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने इस आशय के लिए 400 करोड़ रुपये से ज्यादा का आवंटन किया है। अधिकारियों ने बताया कि इस फैसले का मकसद यह है कि दिल्ली के युवा नौकरी देने वाले बनें न कि नौकरी मांगने वाले।

'परिसीमन बिल का विरोध करेगी कांग्रेस', सोनिया गांधी के घर पर बैठक के बाद जयराम रमेश ने दी जानकारी

कांग्रेस ने ऐलान किया है कि संसद के आगामी मानसून सत्र में केंद्र सरकार द्वारा लाए जाने वाले प्रमुख विधेयकों का वह जोरदार विरोध करेगी। गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बताया कि पार्टी की बैठक में कई प्रस्तावित विधेयकों पर विस्तार से चर्चा हुई और यह फैसला लिया गया कि विपक्षी दलों के साथ मिलकर इनका विरोध किया जाएगा।

जयराम रमेश ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक को दोबारा संसद में पेश करने की तैयारी कर रही है। उनका दावा है कि 17 अप्रैल को सरकार इस विधेयक पर आवश्यक दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सकी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पहले भी इस विधेयक का विरोध करती रही है और आगे भी अपना विरोध जारी रखेगी। साथ ही पार्टी विपक्षी दलों को एकजुट रखने का प्रयास करेगी।

उन्होंने बताया कि न्यायाधीशों को हटाने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक पर भी बैठक में चर्चा हुई। इस विधेयक की समीक्षा के लिए गठित संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) का विपक्ष पहले ही बहिष्कार कर चुका है। कांग्रेस का कहना है कि वह इस विधेयक का भी कड़ा विरोध करेगी।

'वन नेशन, वन इलेक्शन' प्रस्ताव पर भी कांग्रेस ने अपनी आपत्ति दोहराई। जयराम रमेश ने कहा कि इस विषय पर बनी जेपीसी को 10 अगस्त तक अपनी रिपोर्ट सौंपनी है, लेकिन कांग्रेस इस प्रस्ताव का समर्थन नहीं करेगी और इसका विरोध जारी रखेगी।

कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि सरकार मानसून सत्र में 'विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक' पेश करती है तो पार्टी इसका भी विरोध करेगी। इसके अलावा विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक को दोबारा लाए जाने की संभावना पर भी चिंता जताई गई। जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी इस संशोधन का विरोध किया था, जिसके बाद सरकार को इसे वापस लेना पड़ा था। यदि इसे फिर से संसद में पेश किया गया तो पार्टी दोबारा इसका विरोध करेगी।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2013 में प्रस्तावित संशोधनों पर भी कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। जयराम रमेश ने कहा कि यही कानून प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना का आधार है, इसलिए इसमें किसी भी तरह का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई विधेयक लाया जाता है तो कांग्रेस उसका भी विरोध करेगी।

कांग्रेस महासचिव ने अंत में कहा कि सरकार के मौजूदा विधायी एजेंडे में ऐसा कोई प्रमुख विधेयक नजर नहीं आता, जिसे उनकी पार्टी समर्थन देने की स्थिति में हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद के भीतर और बाहर इन सभी मुद्दों पर अपनी आवाज मजबूती से उठाएगी।

विशाखापट्टनम फिशिंग हार्बर के पास नाव हादसा, दो मछुआरे घायल; पांच की बची जान

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम फिशिंग हार्बर के पास गुरुवार को समुद्र में मछली पकड़ने निकली एक नाव हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में दो मछुआरे घायल हो गए, जबकि पांच अन्य की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस के अनुसार, खराब समुद्री परिस्थितियों के कारण नाव पलट गई थी।

हादसे के समय नाव में सवार सभी सात मछुआरे पलटी हुई नाव के नीचे फंस गए। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने नाव को एक ओर धकेला और पास की चट्टानों तक पहुंचने में सफल रहे। इसके बाद मरीन पुलिस ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना में घायल हुए मछुआरों थाथा राव और आकाश को इलाज के लिए किंग जॉर्ज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता सिद्धारमैया पार्टी नेता रणदीप सुरजेवाला के आवास पर पहुंचे।

परिसीमन विधेयक में विपक्ष के सुझाव शामिल किये गये तो रुख पर दोबारा विचार कर सकती है पार्टी: राउत 

शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि विपक्षी दल प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का विरोध करेंगे लेकिन अगर सरकार उनकी ओर से सुझाए गए संशोधनों को इसमें शामिल करती है तो वे इस मुद्दे पर बैठकर दोबारा विचार करेंगे।

राउत, अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के विरोध में शनिवार से शुरू होने वाले शिवसेना (उबाठा) के ‘राम रक्षा आंदोलन’ से पहले नागपुर में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)-शरदचंद्र पवार (शप) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बुधवार को कहा था कि अगर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के प्रमुख विधायी एजेंडे में शामिल परिसीमन विधेयक सभी राज्यों में लोकसभा सीट में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि के आधार पर तैयार किया जाता है, तो उसका विरोध करने का कोई खास कारण नहीं होगा।

उन्होंने हालांकि यह भी स्पष्ट किया था कि ऐसे किसी प्रस्ताव का समर्थन करने या न करने का फैसला विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के भीतर चर्चा के बाद ही किया जाएगा।

19 दिन की भूख हड़ताल के बाद सोनम वांगचुक का वज़न 9 किलो से ज़्यादा घटा

गुरुवार को उनके डॉक्टर की ओर से जारी ताज़ा हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक, एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक, जो पिछले 19 दिनों से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं, का वज़न नौ किलो से ज़्यादा घट गया है।

वांगचुक की सेहत पर नज़र रखने वाले सीनियर जनरल फिजिशियन डॉ. सतीश लांबा ने बताया कि उपवास शुरू करने के बाद से एक्टिविस्ट का वज़न नौ किलो से ज़्यादा कम हो गया है।

उन्होंने बताया कि वांगचुक का ब्लड शुगर लेवल 80 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर था, जबकि उनकी पल्स रेट 72 बीट प्रति मिनट थी।

वांगचुक 28 जून को जंतर-मंतर पर परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के ख़िलाफ़ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे और तब से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।

यूपी: एटा में विस्फोट से मकान क्षतिग्रस्त, जांच जारी

 एटा जिले में बृहस्पतिवार तड़के हुए रहस्यमयी धमाके में एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जिले के अलीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई घटना में मकान का मुख्य दरवाजा उड़ गया और दीवारों में दरारें आ गईं, जबकि ऊपरी मंजिल पर सो रहा परिवार सुरक्षित बच गया।

पुलिस के मुताबिक, परिवार अपनी दुकान बंद करने के बाद आधी रात के आसपास घर लौट आया था। रात को खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य ऊपरी मंजिल पर सोने चले गये, उस समय बिजली की आपूर्ति नहीं थी।

मिर्जापुर में ट्रक घर में घुसा, तीन की मौत: सो रहे दो गंभीर घायल

मिर्जापुर में टायर फटने से एक ट्रक ने 5 लोगों को कुचल दिया। हादसे में तीन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो की हालत गंभीर है। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर कुदारन गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर एक घर में जा घुसा।

ठाणे में लोकल ट्रेन में सीट को लेकर झगड़ा; तीन यात्री घायल

हाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक लोकल ट्रेन में बुधवार देर रात को सीट को लेकर हुए झगड़े में तीन यात्री घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। कल्याण राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की वरिष्ठ निरीक्षक अर्चना दुसाने ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटना अंबरनाथ जाने वाली लोकल ट्रेन के सामान रखने वाले डिब्बे में हुई।

मध्य रेलवे ने बताया कि जीआरपी की शुरुआती जांच में पता चला है कि हाथापाई के दौरान दो यात्रियों को सिर पर चोट किसी धारदार हथियार से नहीं बल्कि उनमें से एक व्यक्ति के धातु के ‘कड़े’ की वजह से लगी थीं।

चंदा चोरी पर क्या कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी नहींः संजय राउत

शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले पर कहा, “वे (श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि महाराज) राम मंदिर ट्रस्ट में कोषाध्यक्ष हैं। उनके होते हुए राम मंदिर की तिजोरी मुड़ गई। क्या उनकी जिम्मेदारी नहीं है? सबसे ज्यादा जिम्मेदारी कोषाध्यक्ष की होती है। अगर उनके होते हुए करोड़ों की लूट हुई है तो उनकी भी जांच होनी चाहिए

लखनऊ NIA कोर्ट का बड़ा फैसला, ISIS समर्थक राकिब अंसारी को 5 साल की जेल

लखनऊ की NIA कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. ISIS समर्थक राकिब अंसारी को 5 साल की जेल की सजा सुनाई गई है।

मुझसे भूख हड़ताल खत्म करने के लिए नहीं कहें, 20 जुलाई के मार्च में शामिल हों: सोनम वांगचुक

सोनम वांगचुक ने राजनीतिक दलों के नेताओं और समर्थकों की अपील के बावजूद अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म करने से इनकार कर दिया है। वांगचुक ने कहा है कि सरकार से कोई प्रतिक्रिया मिले बिना भूख हड़ताल तोड़ने से गलत संदेश जाएगा।

वांगचुक ने कहा, ‘‘अगर मैं कुछ खा लूं, तो क्या संदेश जाएगा? सरकार को यही संदेश जाएगा कि जवाबदेही की कोई जरूरत नहीं है। प्रदर्शनकारी आते हैं और चले जाते हैं...।’’ उन्होंने यह भी पूछा कि अगर वह भूख हड़ताल खत्म कर दें तो क्या बदल जाएगा।

इसके बजाय, उन्होंने लोगों से 20 जुलाई को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रस्तावित संसद मार्च को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों को ‘‘राजनीति विज्ञान और लोकतंत्र का असल सबक’’ सीखने के लिए इसमें शामिल होना चाहिए।

अपनी भूख हड़ताल के 18वें दिन वांगचुक ने बुधवार देर रात को जारी एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मुझे हजारों संदेश मिले हैं जिनमें मुझसे भूख हड़ताल तोड़ने के लिए कहा गया है। कई वरिष्ठ नेता मुझसे मिलने आए हैं और उन्होंने बड़े स्नेह और चिंता के साथ मुझसे बात की है।’

ओडिशा- भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के तीन रथ 

UP: मुज़फ़्फ़रनगर में कांवड़ से 'टक्कर' के बाद कांवड़ियों ने पिकअप गाड़ी में तोड़-फोड़ की 

UP के मुज़फ़्फ़रनगर में कांवड़ से 'टक्कर' के बाद कांवड़ियों ने पिकअप गाड़ी में तोड़-फोड़ की, पुलिस ने गुरुवार को बताया कि मुज़फ़्फ़रनगर ज़िले में दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर कांवड़ियों के एक समूह ने कथित तौर पर एक पिकअप गाड़ी में तोड़-फोड़ की, क्योंकि वह गाड़ी एक 'कांवड़' से टकरा गई थी।

दिल्ली: हौज खास के जगन्नाथ मंदिर में जगन्नाथ रथ यात्रा शुरू होगी। भव्य रथ यात्रा से पहले पारंपरिक रस्में निभाई जा रही हैं। 

मणिपुर में अवैध हथियार रखने के आरोप में 7 लोग गिरफ्तार 

मणिपुर में अवैध हथियार रखने के आरोप में 7 लोग गिरफ्तार, पुलिस ने गुरुवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने मणिपुर के पहाड़ी और घाटी वाले ज़िलों में अवैध हथियार रखने के आरोप में सात लोगों को गिरफ़्तार किया है।

नागालैंड में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए हवलदार मोहम्मद इक़बाल का पार्थिव शरीर पुंछ लाया गया 

J&K - नागालैंड में ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले हवलदार मोहम्मद इक़बाल का पार्थिव शरीर कल पुंछ के कल्लर मोह्रा स्थित उनके घर लाया गया। सेना ने असम राइफल्स के हवलदार मोहम्मद इक़बाल को श्रद्धांजलि दी।

इंग्लैंड के विश्व कप से बाहर होने पर हैरी केन बोले-जीत के दरवाजे तक पहुंचे फिर आखिरी पल हमसे छूट गया

इंग्लैंड का फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में खेलने का सपना साकार नहीं हो सका। सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को अर्जेंटीना के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। टीम की हार से कप्तान हैरी केन बेहद निराश नजर आए।

केन ने कहा कि मुकाबले में 1-0 की बढ़त बनाने के बावजूद इंग्लैंड की टीम जिस तरह से हारी, वो बेहद दुखद है। 1966 के बाद से इंग्लैंड को सेमीफाइनल में यह तीसरी बार हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले, 1990 और 2018 में भी टीम का फाइनल खेलने का सपना टूटा था। इंग्लैंड अब तीसरे स्थान के लिए होने वाले प्लेऑफ मैच में फ्रांस से भिड़ेगा।

एप्स्टीन फाइल्स पर ट्रंप प्रशासन लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने में विफल रहा: वेंस

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस ने कहा कि जेफ्री एप्स्टीन से जुड़ी फाइलों को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन जनता के सामने सही और स्पष्ट तरीके से जानकारी पेश करने में ‘‘पूरी तरह’’ विफल रहा।

बुधवार को प्रसारित जो रोगन के लंबे ‘पॉडकास्ट’ साक्षात्कार में वेंस ने इस मामले के लिए मुख्य रूप से पूर्व अटॉर्नी जनरल पैम बॉन्डी को जिम्मेदार ठहराया। बॉन्डी ने पहले दावा किया था कि एप्स्टीन की कथित ‘‘क्लाइंट लिस्ट’’ (ग्राहकों की सूची) ‘‘अभी मेरी मेज पर रखी है।’’

एप्स्टीन एक दोषी यौन अपराधी था, जिसके दुनिया की कई प्रभावशाली हस्तियों से संबंध थे।

बॉन्डी के इस बयान के अलावा उनके कार्यकाल में न्याय विभाग ने कुछ रूढ़िवादी टिप्पणीकारों और सोशल मीडिया ‘इन्फ्लुएंसर्स’ को ‘‘द एपस्टीन फाइल्स: फेज-1’’ और ‘‘डिक्लासिफाइड’’ (गोपनीय श्रेणी से हटाकर सार्वजनिक किए दस्तावेज) शीर्षक वाली फाइल भी उपलब्ध करायी थीं।

तमिलनाडु: करूर सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कचरा डंप में भीषण आग लगी 

तमिलनाडु के करूर सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कचरा डंप में भीषण आग लग गई। कचरे के पहाड़ जैसे ढेर पर आग तेज़ी से फैल गई, जिससे पूरे इलाके में घना धुआं छा गया। करूर सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के सभी 48 वार्डों से इकट्ठा किया गया ठोस कचरा नियमित रूप से सरकारी फुटवियर यूनिट के पास स्थित म्युनिसिपल कचरा यार्ड में डाला जाता है। बताया जा रहा है कि कल रात करीब 8 बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें पांच घंटे से ज़्यादा समय से तेज़ी से जल रही हैं, कचरे के बड़े-बड़े ढेरों पर फैल रही हैं और आसपास के इलाके में तेज़ गर्मी और घना धुआं फैला रही हैं। करूर फायर एंड रेस्क्यू सर्विस के 20 से ज़्यादा कर्मचारी तीन फायर इंजन की मदद से आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।

अबतक की बड़ी खबरें

अमेरिका ने फिर की ईरान पर बमबारी, तेहरान ने भी दिया जवाब

पश्चिम एशिया में एक बार फिर से जंग धधक गई है। अमेरिका ने ईरान की तटीय रक्षा प्रणाली और मिसाइल ठिकानों पर हमला किया। यह हमला ईरान के बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकाबंदी दोबारा लगाने के बाद हुआ। अमेरिका ने ग्रेटर टुंब से खर्ग द्वीप तक भारी बमबारी की है। वहीं अमेरिका द्वारा ईरान पर दोबारा नौसैनिक नाकेबंदी लागू करने और हवाई हमले तेज करने के बाद ईरान ने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। बहरीन और कुवैत में मिसाइल अलर्ट जारी किया गया। जॉर्डन ने भी कहा कि उसने अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाली मिसाइलों को मार गिराया।

लगातार दूसरी बार फीफा के फाइनल में पहुंची अर्जेंटीना

अर्जेंटीना ने फीफा विश्वकप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। अर्जेंटीना का सामना अब खिताबी मुकाबले में स्पेन से होगा। अर्जेंटीना खिताब का बचाव करने से अब महज एक कदम दूर रह गई है। वहीं, इंग्लैंड का सफर सेमीफाइनल में ही थम गया है। इंग्लैंड और फ्रांस के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा। इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में गॉर्डन के गोल की मदद से बढ़त ली थी, लेकिन अर्जेंटीना ने सात मिनट के अंदर दो गोल करके मैच का रुख पलट दिया।

पुरी में रथ यात्रा का शुभारंभ आज

ओडिशा के पुरी में आज से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की शुरुआत हो रही है। दुनियाभर में लोकप्रिय इस यात्रा को देखने के लिए देश-विदेश से सैलानी पहुंच रहे हैं। हिंदू धर्म में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को बहुत ही विशेष और पवित्र माना जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार हर वर्ष आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष द्वितीया तिथि को पुरी में भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा संग अपने-अपने रथों पर सवार होकर नगर का भ्रमण करते हुए गुंडीचा मंदिर की ओर प्रस्थान करते हैं। इस रथ यात्रा को देखने और रथ को अपने हाथों से खींचने का सौभाग्य प्राप्त करने के लिए हर साल लाखों लोग पुरी पहुंचते हैं। 

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 16 Jul 2026, 8:03 AM IST