
असम में बुधवार को बाढ़ की स्थिति और खराब हो गई। एक आधिकारिक बुलेटिन के अनुसार, राज्य के चार जिलों में 48 हजार से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के अनुसार, बिस्वनाथ, धेमाजी, डिब्रूगढ़ और नलबाड़ी जिलों में बाढ़ के कारण करीब 48,500 लोग प्रभावित हुए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि धेमाजी सबसे अधिक प्रभावित जिला है, जहां 44 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके बाद डिब्रूगढ़ में करीब चार हजार और बिस्वनाथ में लगभग 500 लोग प्रभावित हुए हैं।
मंगलवार तक असम के इन चार जिलों में करीब 47 हजार लोग बाढ़ की चपेट में थे।
इस वर्ष अब तक बाढ़ से एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।
दिल्ली में अगले दो दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून पहुंचने की संभावना है। राजधानी में मानसून का आगमन पिछले पांच वर्षों में सबसे देर से होने वाला माना जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आईएमडी ने बुधवार को कहा कि अगले दो दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर अरब सागर और गुजरात के अधिक हिस्सों में आगे बढ़ गया। इसके साथ ही यह पूरे दमन और दीव, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के अधिक हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के शेष इलाकों, पूरे जम्मू-कश्मीर तथा हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों तक पहुंच गया है।
आईएमडी ने कहा, “एक जुलाई को मानसून की उत्तरी सीमा पोरबंदर, वल्लभ विद्यानगर, शाजापुर, नौगांव, मिर्जापुर, आजमगढ़, अयोध्या, बदायूं, मेरठ, करनाल और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है।”
एक साथ चुनाव कराने से जुड़े विधेयकों पर विचार-विमर्श कर रही संसद की संयुक्त समिति के अध्यक्ष ने बुधवार को कहा कि समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपने की कोई जल्दबाजी नहीं है और वह 'एक देश, एक चुनाव' जैसे अहम चुनावी सुधार पर सभी हितधारकों की राय सुनेगी।
राजस्थान के पाली से भाजपा सांसद और समिति के अध्यक्ष पीपी चौधरी ने एक प्रेस वार्ता में कहा, ‘‘ऐसा नहीं है कि सरकार इसे जल्द सौंपने के लिए दबाव बना रही है। सरकार और संसद का मानना है कि सभी हितधारकों की बात सुनी जानी चाहिए ताकि यह पता चल सके कि लोग और देश क्या चाहते हैं।’’
उन्होंने संविधान (129वां संशोधन) विधेयक, 2024 पर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के साथ समिति की बातचीत के बाद यह बात कही।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह विधेयक देश के हित में है, न कि किसी राजनीतिक पार्टी या सरकार के हित में।
चौधरी ने कहा कि समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपने की कोई जल्दी नहीं है और उन्होंने कहा कि वह पहले सभी संबंधित पक्षों की बात सुनेगी।
'राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-पीजी)- 2026' की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने बुधवार को नीट-पीजी 2026 का शेड्यूल अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से जारी कर दिया है।
एनबीईएमएस की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, नीट-पीजी 2026 देश भर के विभिन्न केंद्रों पर कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में 30 अगस्त को आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया बुधवार की शाम 5 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 21 जुलाई तय की गई है।
ऐसे में जो उम्मीदवार इस वर्ष नीट-पीजी देने वाले हैं, वे एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि के रात 11:55 बजे तक या उससे पहले रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरा कर सकते हैं।
एनबीईएमएस द्वारा नीट-पीजी के उम्मीदवारों को उनके परीक्षा शहर की सूचना 11 अगस्त को आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी। वहीं, नीट-पीजी का परिणाम 30 सितंबर को घोषित होने की संभावना है।
एनबीईएमएस ने नोटिफिकेशन में यह साफ किया कि नीट-पीजी 2026 के लिए टेस्ट सिटी/टेस्ट सेंटर का आवंटन आवेदन पत्र जल्दी जमा करने से संबंधित नहीं है। किसी खास टेस्ट स्टेट, टेस्ट सिटी या टेस्ट सेंटर के आवंटन के लिए कोई प्राथमिकता का अधिकार नहीं है।
इसी के साथ एनबीईएमएस ने उम्मीदवारों को सलाह दी कि वे आवेदन करने से पहले इसके लिए जारी नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ें और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए आखिरी तारीख का इंतजार न करें। वहीं, आवेदन जमा करने की तय समय-सीमा खत्म होने के बाद, किसी भी तरीके से आवेदन स्वीकार करने के अनुरोध पर एनबीईएमएस द्वारा विचार नहीं किया जाएगा।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हम लड़ाई लड़ेंगे और RSS-भाजपा को बिहार की सत्ता से बेदखल किया जाएगा..."
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुई सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 24 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा कोलवा थाना क्षेत्र में धनावड़ा के पास हुआ।
दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसे में छह लोग जिंदा जल गए, जबकि दो की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिंदा जले छह लोगों की डीएनए जांच के बाद ही परिजनों को शव सौंपे जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मनाली और धर्मशाला सहित राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने से नदियों का जलस्तर बढ़ गया, बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई मार्गों को बंद कर दिया गया। इस दौरान मंडी जिले के औट के पास चट्टान गिरने से एक महिला की मौत हो गई। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सोलन जिले के नालागढ़ की रहने वाली सुखबीर कौर (38) अपने परिवार के साथ मणिकरण जा रही थीं। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर औट के पास जैसे ही वह कार से बाहर निकलीं, वह पहाड़ी से गिरे एक बड़े पत्थर की चपेट में आ गईं जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को पास के अस्पताल भिजवाया है।
IMD निदेशक सुरिंदर पॉल ने कहा, "पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों में मानसून आ गया है। अगले 2-3 दिनों में पंजाब, हरियाणा के अन्य हिस्सों में भी बारिश होगी। आगामी 6 दिनों में बारिश होगी... 5-6 तारीख को ऑरेन्ज अलर्ट है, भारी बारिश हो सकती है..."
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश और बादल फटने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्राकृतिक आपदा के कारण व्यापक स्तर पर फसलों, बाग-बगीचों और निजी संपत्ति को हानि पहुंची है। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
अयोध्या के राम मंदिर के ट्रस्ट श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें लखनऊ मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
दिल्ली के जनकपुरी स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के एक बहुमंजिला शोरूम में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई और लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर नष्ट हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तम नगर-नजफगढ़ रोड पर स्थित विजय सेल्स के शोरूम में तड़के 4.15 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की 15 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में बहुमंजिला इमारत से उठतीं आग की लपटें और आसमान में घना काला धुआं नजर आ रहा है, जिसे काफी दूर से भी देखा जा सकता था।
मेजबान मेक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में इक्वाडोर को 2-0 से हराकर अंतिम-16 में जगह बना ली। मेक्सिको ने आखिरकार 40 साल से चला आ रहा फीफा विश्व कप नॉकआउट जीत का सूखा खत्म कर दिया।
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हरिद्वार से इंदौर जा रही श्रद्धालुओं की स्लीपर बस ट्रक से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। बस में सवार 37 यात्रियों में से 8 लोगों की मौत हो गई, जिनमें पांच यात्री जिंदा जल गए
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 01 Jul 2026, 7:54 AM IST