
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को विभिन्न विभागों और संबद्ध निकायों में 23 पदों से इस्तीफा दे दिया। राज्य के गृह विभाग के एक पत्र में, राज्य सरकार में उसके समकक्ष विभागों को निर्देश दिया गया कि वे मुख्यमंत्री द्वारा उल्लिखित पदों के साथ-साथ उन सभी अन्य पदों से भी उनके इस्तीफे को स्वीकार करने के लिए आवश्यक कदम उठाएं, जिनका उल्लेख उनके पत्र में स्पष्ट रूप से नहीं किया गया हो। बनर्जी दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रही हैं, जहां उनका मुकाबला राज्य के विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी से है।
पत्र में लिखा है, "मुझे उस पत्र की एक प्रति अग्रेषित करने का निर्देश दिया गया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ममता बनर्जी ने संलग्न सूची में उल्लिखित पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है।" मौजूदा मुख्यमंत्री ने राज्य स्वास्थ्य मिशन के प्रमुख, राज्य वन्यजीव बोर्ड अध्यक्ष, पर्यावरण पर्यटन सलाहकार बोर्ड, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती समिति अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल उर्दू अकादमी के शासी निकाय सहित अन्य पदों से इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने बांग्ला संगीत मेला की आयोजन समिति की प्रमुख और राज्य अनुसूचित जाति एवं जनजातीय सलाहकार परिषद प्रमुख पद से भी इस्तीफा दे दिया। बनर्जी ने राज्य औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन बोर्ड और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से भी इस्तीफा दे दिया। विभागों को यह भी निर्देश दिया गया है कि ‘‘इन सभी पदों के संबंध में इस्तीफे स्वीकार करने के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाए।’’
पत्र में अधिकारियों को बुधवार शाम 4 बजे तक इस्तीफे स्वीकार करने संबंधी अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय को लिखे अपने पत्र में बनर्जी ने अनुरोध किया है कि संलग्न सूची में शामिल न किए गए पदों सहित, इन सभी पदों से उनके इस्तीफे स्वीकार करने के लिए कदम उठाए जाएं। अधिकारियों ने कहा कि इस कदम के लिए सभी विभागों में तत्काल प्रशासनिक अनुवर्ती कार्रवाई की आवश्यकता है।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
पश्चिम एशिया में तनाव को कम करने को लेकर पाकिस्तान को मध्यस्थता का मौका मिलने की खबरों पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि हम कहते थे कि हम विश्व गुरु हैं, पीस मेकर हैं। चाहे यूक्रेन का युद्ध हो, आज ये स्थिति है।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को कश्मीरी अलगाववादी और दुख्तरान-ए-मिल्लत की प्रमुख आसिया अंद्राबी को देश के खिलाफ अपराध करने की साजिश रचने के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश चंदरजीत सिंह ने सजा की अवधि पर दलीलें पूरी होने के बाद फैसला सुनाया।
अदालत ने अंद्राबी की दो सहयोगियों - सोफी फेहमीदा और नाहिदा नसरीन को भी इसी मामले में दोषी पाए जाने पर 30 साल कैद की सजा सुनाई। इसने अंद्राबी को सख्त गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 18 (षड्यंत्र के लिए सजा) और पूर्ववर्ती भादंसं की धारा 120बी (आपराधिक षड्यंत्र) और 121ए के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, “इलेक्शन कमीशन पहले ही खुद को फेल साबित कर चुका है। हर दिन वे हमें भरोसा दिलाते हैं, लेकिन हम देख रहे हैं कि हमें अभी भी वोटर लिस्ट के बारे में कोई जानकारी नहीं है- कितने वैलिड वोटर हटाए गए हैं, कितने वैलिड वोटर जोड़े गए हैं। हमें इस बारे में कुछ नहीं पता। अगर इलेक्शन कमीशन यह कहकर अपना पल्ला झाड़ लेता है कि यह ज्यूडिशियरी की ज़िम्मेदारी है, तो हम कहां जाएं?”
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद कहा कि भारत पश्चिम एशिया में जल्द से जल्द तनाव कम करने और शांति बहाल करने का समर्थन करता है। इस बातचीत में वैश्विक पोत परिवहन के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया।
होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के वास्ते ईरान के लिए अमेरिका की ओर से समयसीमा पांच दिन बढ़ाए जाने के एक दिन बाद ट्रंप ने मोदी को फोन किया। मोदी ने कहा, ‘‘भारत तनाव कम करने और जल्द से जल्द शांति बहाल करने का समर्थन करता है। होर्मुज जलडमरूमध्य का खुला, सुरक्षित और सुलभ रहना पूरी दुनिया के लिए आवश्यक है। हमने शांति और स्थिरता के प्रयासों के संबंध में संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की।’’
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मंगलवार को कहा कि उनका देश ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए ‘‘सार्थक और निर्णायक वार्ता को सुगम बनाने’’ के लिए तैयार है। शरीफ ने यह टिप्पणी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में की।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत जारी है। पाकिस्तान उन देशों में से एक है जो ईरान और अमेरिका के बीच राजनयिक वार्ता के लिए पैरवी कर रहे हैं।
शरीफ ने पोस्ट में कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान की सहमति होने पर पाकिस्तान संघर्ष के व्यापक समाधान के लिए सार्थक और निर्णायक वार्ता की मेजबानी करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए तैयार है तथा इसे अपने लिए सम्मान की बात मानता है।’’
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) के महासचिव ई के पलानीस्वामी ने मंगलवार को घोषणा की कि यदि उनकी पार्टी 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर सत्ता में आती है, तो सभी चावल राशन कार्डधारकों को मुफ्त में रेफ्रिजरेटर दिए जाएंगे। उन्होंने साथ ही तमिलनाडु में चावल श्रेणी के राशन कार्ड धारकों को हर महीने एक किलोग्राम दाल और एक लीटर खाना पकाने का तेल मुफ्त में उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
पलानीस्वामी की घोषणाएं पार्टी की दिवंगत नेता जे जयललिता की नीति के अनुरूप है, जिन्होंने 2011 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले अन्नाद्रमुक के चुनावी घोषणापत्र में मुफ्त पंखे, मिक्सर- ग्राइंडर देने की लोकप्रिय योजना की घोषणा की थी। जयललिता ने 2011 में सत्ता में आने पर पूर्व मुख्यमंत्री सी एन अन्नादुरई की जयंती 15 सितंबर पर इन मुफ्त के उपहारों का वितरण शुरू किया था।
एआईएडीएमके के चेन्नई स्थित राज्य मुख्यालय में 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करते हुए पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘मुफ्त फ्रिज का उद्देश्य गृहिणियों के घरेलू काम का भार कम करना है।’’
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
ईरान ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का नया प्रमुख नियुक्त कर लिया है। नए सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी का स्थान लेंगे, जिनकी 17 मार्च को एयर स्ट्राइक में मौत हो गई थी। ईरान की अर्ध-सरकारी न्यूज एजेंसी मेहर ने राष्ट्रपति कार्यालय के हवाले से बताया कि मोहम्मद बाघेर जोलघदर को सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल का नया सचिव नियुक्त किया गया है। खबर के मुताबिक, ईरानी राष्ट्रपति कार्यालय के संचार और सूचना के डिप्टी मोहम्मद महदी तबातबाई ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। बताया कि इस्लामिक क्रांति के नेता अयातुल्ला सैयद मोजतबा खामेनेई की मंजूरी और सहमति और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के आदेश से मोहम्मद बाघेर जोलघदर को ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का सचिव नियुक्त किया गया है।
जोलघदर लारीजानी की जगह लेंगे। 17 मार्च को ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिव अली लारीजानी, उनके बेटे मोर्तेजा लारीजानी, सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में आंतरिक सुरक्षा के उप-प्रमुख अलीरेजा बायात और कई अंगरक्षकों की मौत हो गई थी। लारीजानी ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एसएनएससी) के सचिव थे और देश की रक्षा, परमाणु व विदेश नीति के प्रमुख वास्तुकार माने जाते थे। इजरायली दावे के कुछ घंटों बाद ईरानी विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर लारीजानी के मारे जाने की पुष्टि की थी।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
ईरान के शीर्ष सैन्य कमान के प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि उनके देश की सेनाएं ‘पूर्ण विजय प्राप्त होने तक’ लड़ेंगी। खातम-अल अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी की ये टिप्पणियां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा से संबंधित प्रतीत होती हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच बातचीत जारी है।
ईरान ने किसी भी प्रकार की बातचीत से इनकार किया है, हालांकि उसके विदेश मंत्री क्षेत्र के अपने समकक्षों से बात कर रहे हैं। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने अलीबादी के हवाले से कहा, ‘‘ईरान की शक्तिशाली सेनाएं ईरान की अखंडता की रक्षा के प्रति दृढ़, गौरवान्वित, विजेता हैं। यह मार्ग पूर्ण विजय हासिल करने तक जारी रहेगा।’’
जनरल ने यह नहीं बताया कि ‘पूर्ण विजय’ का क्या अर्थ है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि ईरान की सेना अमेरिका के साथ किसी भी संभावित बातचीत में रियायतें देने के खिलाफ चेतावनी देने की कोशिश कर रही थी।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
सरकार ने पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा करने के लिए बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सूत्रों ने बताया कि यह बैठक बुधवार शाम पांच बजे बुलाई गई है। उन्होंने बताया कि बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कर सकते हैं और विदेश मंत्री एस जयशंकर के भी इसमें मौजूद रहने की उम्मीद है।
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा कि वह सर्वदलीय बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे क्योंकि उनका केरल में एक कार्यक्रम पहले तय है। विपक्ष ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वक्तव्य के बाद इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक की मांग उठाई थी। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दल पश्चिम एशिया युद्ध और इसके भारत पर प्रभाव को लेकर सरकार से लगातार सवाल कर रहे हैं।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मंगलवार को बड़ी संख्या में देसी बम बरामद किए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, हारोआ पुलिस थाना क्षेत्र के एक घर से कुल 22 देसी बम बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि घर से बम बनाने की सामग्री भी भारी मात्रा में जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि बरामदगी के बाद से ही घर का मालिक लापता है।
पुलिस अधीक्षक अलकनंदा भौवाल ने कहा, ‘‘बम निरोधक दस्ते के जवान मौके पर पहुंचे, देसी बमों को निष्क्रिय किया और परिसर को सील कर दिया।’’ उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और गहन जांच चल रही है। राज्य की 294-सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना चार मई को निर्धारित है।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
निर्वाचन आयोग ने बताया कि असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों और 15 अन्य उम्मीदवारों के नामांकन खारिज कर दिए गए हैं।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
कांग्रेस सांसद ने देश में आर्थिक असमानता बढ़ने का दावा करते हुए मंगलवार को लोकसभा में कहा कि इस समस्या का समाधान करने के लिए वित्त विधेयक में कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
कांग्रेस के नामदेव किरसन ने वित्त विधेयक, 2026 पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि देश की एक प्रतिशत आबादी के पास 40 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि सबसे निचले तबके के 50 प्रतिशत लोगों के पास तीन से छह प्रतिशत संपत्ति है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि 10 प्रतिशत पूंजीपतियों के पास देश की 70 प्रतिशत संपत्ति है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह असमानता बढ़ती जा रही है। वित्त विधेयक में इसे कम करने को कोई प्रावधान नहीं किया गया है।’’
कांग्रेस सांसद ने कहा कि 64 प्रतिशत जीएसटी (माल एवं सेवा कर) देश के गरीबों, 50 प्रतिशत लोगों से वसूल की जा रही है, जबकि आबादी में 10 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखने वाले अमीर लोगों का योगदान केवल चार प्रतिशत है।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
दिल्ली उच्च न्यायालय ने अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा के व्यक्तित्व अधिकारों की रक्षा करते हुए एआई चैटबॉट सहित कई मंचों को उनकी तस्वीर, आवाज या व्यक्तित्व से जुड़ी अन्य पहचान के अनधिकृत उपयोग से रोक दिया है।
न्यायमूर्ति ज्योति सिंह ने अभिनेत्री की सहमति के बिना उनके नाम या तस्वीर का उपयोग कर वस्तुओं की बिक्री करने और उनकी साख व प्रतिष्ठा का व्यावसायिक लाभ उठाने पर भी रोक लगा दी।
अदालत ने उल्लंघन करने वाले पक्षों को 36 घंटे के भीतर संबंधित वेबलिंक हटाने का निर्देश दिया।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
राज्यसभा में नरेंद्र मोदी ने देशवासियों के लिए कहा कि आपको हर चुनाती के लिए तैयार रहना होगा, अगर यह जंग जारी रही थो इसके गंभीर दुष्परिणाम देखने को मिल सकते हैं।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
राज्यसभा में मोदी ने कहा कि हमारी बातचीत ईरान, इज़राइल और संयुक्त राज्य अमेरिका से लगातार हो रही है। होर्मुज़ जलडमरूमध्य में हुआ हमला अस्वीकार्य है। इस समुद्री मार्ग को खोलने और सुरक्षित बनाने के लिए हमने संबंधित देशों से बात की है।
भारत ने इस समस्या के समाधान के लिए संवाद का मार्ग अपनाया है। युद्ध मानवता के हित में नहीं है। हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द शांतिपूर्ण संवाद शुरू हो और स्थिति सामान्य हो।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
राज्यसभा में मोदी ने ने कहा कि Strait of Hormuz में कई जहाज़ फंसे हुए हैं, जिनमें कई भारतीय क्रू सदस्य भी शामिल हैं। ऐसे समय में संसद से शांति और संवाद की एकजुट आवाज पूरे विश्व में जानी चाहिए।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
PM मोदी के लोकसभा भाषण पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा प्रधानमंत्री ने ऐसा दिन चुना जब राहुल गांधी नहीं थे, झूठा मोनोलॉग बोला और चले गए। वे कॉम्प्रोमाइज़्ड हैं चाहे इज़राइल हो, अमेरिका हो, या दूसरे दबाव हों। मीडिया रिपोर्ट्स तो यह भी कहती हैं कि पाकिस्तान मीडिएशन कर रहा है, जबकि UPA के समय भारत ने पाकिस्तान को FATF ग्रे लिस्ट में डाल दिया था। आज भारत कमरे में भी नहीं है, जबकि पाकिस्तान मीडिएटर की भूमिका निभा रहा है। हमारा मकसद चीन से आगे निकलना था, लेकिन PM मोदी ने भारत को पाकिस्तान से पीछे कर दिया है। यह सिर्फ़ उनकी बेइज्ज़ती नहीं है, यह हर भारतीय की बेइज्ज़ती है... सीज़फ़ायर अब पाकिस्तान और अमेरिका तय कर रहे हैं, भारत नहीं। वह जितनी जल्दी जाएंगे, भारत के लिए उतना ही अच्छा होगा, हालांकि इसे वापस पटरी पर लाने में समय लगेगा।"
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
नोएडा के कम से कम 12 निजी स्कूलों को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए, जिसके बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीषा सिंह ने बताया कि तलाशी के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली तथा प्रथम दृष्टया यह सूचना झूठी पाई गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज सुबह रामाज्ञा स्कूल, खेतान पब्लिक स्कूल, फादर एगनिल स्कूल समेत कम से कम 12 स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए जिसमें परिसर में बम रखे होने और जल्द विस्फोट होने की बात कही गई थी।’’
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के जरिए मिली है। दिल्ली विधानसभा में स्निफर डॉग और बम स्क्वायड और अन्य तमाम एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची हुई है। दिल्ली विधानसभा की जो बजट सत्र की कार्रवाई 11:00 से शुरू होनी थी, वह अब आधा घंटा देरी से शुरू होगी। बम से उड़ने की धमकी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली के नव नियुक्त उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू व अन्य को भी यह धमकी भरी ईमेल मिली है।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
भारत के दवा नियामक ने वज़न घटाने वाली दवा GLP-1 की सप्लाई चेन पर निगरानी तेज़ कर दी है; डॉक्टरों ने इसके "लापरवाही भरे इस्तेमाल" के प्रति आगाह किया है।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
दिल्ली के बवाना इलाके में लकड़ी के गोदाम में मंगलवार तड़के भीषण आग लग गई। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि तड़के तीन बजकर 55 मिनट पर डीएफएस को आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद बवाना औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-2 में स्थित गोदाम में दमकल की कई गाड़ियां भेजी गईं।
उन्होंने कहा कि बचाव अभियान के दौरान एक दमकल कर्मी को हल्की चोट आईं।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
ईरान के दो महत्वपूर्ण औद्योगिक शहरों- खुर्रमशहर और इस्फ़हान को निशाना बनाया गया। इन हमलों से ईरान के पावर ग्रिड और गैस सप्लाई नेटवर्क को भारी नुकसान पहुंचा है।
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: 24 Mar 2026, 7:55 AM IST