हालात

बड़ी खबर LIVE: संसद सत्र से पहले गरमाई सियासत, जयराम रमेश का सरकार पर हमला, सांसदों को अब तक नहीं मिली विधेयकों की कॉपी

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि यह बहुत ही अजीब और पूरी तरह से अस्वीकार्य है कि सोमवार, 30 नवंबर को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक और अन्य विधेयकों पर चर्चा होनी है, लेकिन शुक्रवार, 27 नवंबर को शाम 6 बजे तक भी ये विधेयक सांसदों के साथ साझा नहीं किए गए हैं।

फोटोः सोशल मीडिया
फोटोः सोशल मीडिया 

त्रिपुरा निकाय चुनाव में 80.69 प्रतिशत मतदान हुआ 

त्रिपुरा में शुक्रवार को अगरतला नगर निगम (एएमसी) क्षेत्र में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर 16 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव में मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा तथा 80.69 मतदाताओं ने वोट डाला। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पहले ही पांच नगर निकायों में निर्विरोध जीत हासिल कर चुकी है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त प्रदीप कुमार चक्रवर्ती ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘16 शहरी स्थानीय निकायों के चुनाव में औसतन 80.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अंतिम मतदान प्रतिशत बाद में साझा किया जायेगा। एएमसी के कुछ इलाकों में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान काफी हद तक शांतिपूर्ण रहा।’’

उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग को विभिन्न राजनीतिक दलों और लोगों की ओर से शिकायतें मिली हैं, जिनमें मतदान के दिन धमकी देने, हमला करने और डराने-धमकाने के आरोप लगाए गए हैं।

चक्रवर्ती ने कहा,‘‘हम कानूनी कार्रवाई के लिए इन शिकायतों की जांच कर रहे हैं।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी एस राव से मतदान केंद्रों के आसपास कथित तौर पर घूम रहे नकाबपोश राजनीतिक कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया था।

परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण: कांग्रेस

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने शुक्रवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरदचंद्र पवार का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है।

पार्टी ने आरोप लगाया कि इससे सत्तारूढ़ दल को अपनी कथित अधिनायकवादी सोच के तहत सत्ता पर पकड़ और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि विधेयक के पीछे केंद्र सरकार की मंशा नेक नहीं है और इसका उद्देश्य सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करना है। कांग्रेस ने नई जनगणना कराए बिना परिसीमन की प्रस्तावित प्रक्रिया की आवश्यकता पर भी सवाल उठाए।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और RJD नेता तेजस्वी यादव न गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा, "कहने और करने में तो अंतर है

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और RJD नेता तेजस्वी यादव न गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर कहा, "कहने और करने में तो अंतर है। जब होगा तब बताया जाएगा। कई सालों से कई जगह तो बीजेपी की सरकार है। अभी तक तो कुछ हुआ नहीं है।"

संसद सत्र से पहले गरमाई सियासत, जयराम रमेश का सरकार पर हमला, सांसदों को अब तक नहीं मिली विधेयकों की कॉपी 

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि यह बहुत ही अजीब और पूरी तरह से अस्वीकार्य है कि सोमवार, 30 नवंबर को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक और अन्य विधेयकों पर चर्चा होनी है, लेकिन शुक्रवार, 27 नवंबर को शाम 6 बजे तक भी ये विधेयक सांसदों के साथ साझा नहीं किए गए हैं। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की जोड़ी लगातार खेल खेल रही है।

हिटमैन की घर वापसी! IPL 2027 में मुंबई इंडियंस के कप्तान होंगे रोहित शर्मा, फ्रेंचाइजी ने की आधिकारिक घोषणा

मुंबई इंडियंस ने आज घोषणा की कि 2027 IPL सीज़न में रोहित शर्मा टीम की कप्तानी करेंगे। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा, “मुंबई इंडियंस मेरे जीवन का एक बहुत बड़ा हिस्सा रही है, और इस टीम की कप्तानी करने पर मुझे हमेशा से बहुत गर्व रहा है। आने वाले सीज़न को लेकर नीता भाभी और आकाश के साथ हुई बातचीत काफी उत्साहजनक रही है, और मुझे पूरा भरोसा है कि हम बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।” “मैं 20वें सीज़न के लिए, आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए, और अपनी 'पलटन' (फैंस) को जश्न मनाने के कई मौके देने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। हमारा पूरा ध्यान अपने अंदाज़ में क्रिकेट खेलने, एक साथ मिलकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर होगा।”

सूत्रों के अनुसार, परिसीमन विधेयक आज संसद सचिवालय के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

दिल्ली: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सीपीपी अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास '10 जनपथ' पहुंचे

संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर मनोज झा बोले-'मानसून सत्र कब खत्म हुआ'

महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन को लेकर संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर राजद के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयानों पर भी उन्होंने पलटवार किया है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत में मनोज झा ने केंद्र द्वारा बुलाए गए संसद सत्र पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि मानसून सत्र अभी तक समाप्त ही नहीं हुआ है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "कभी सुना है कि जाड़े के मौसम में मानसून चल रहा हो? यह कौन सी चाणक्य नीति है? आप क्या चाहते हैं, लोकतंत्र का गला घोंटकर रख दें?"

मनोज झा ने कहा कि यह परिसीमन नहीं बल्कि लोकतंत्र को कमजोर करने का अभियान है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के विनाश की दिशा में उठाया गया कदम बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जो असम में कर चुकी है, वही अब पूरे देश में करना चाहती है, जो कतई स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के पास एक बढ़िया प्रेशर कुकर है। अमित शाह उस कुकर की सीटी तय करते हैं लेकिन जब लोकतंत्र और जनता सीटी बजाएगी तो कान फट जाएगा।

संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की अटकलों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- यह बीजेपी की सबसे बड़ी भूल है।

उत्तर प्रदेश: संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की अटकलों पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "...यह बीजेपी की सबसे बड़ी भूल है।" उन्होंने यह भी कहा, "अभी जनगणना चल रही है। यहां समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और जातिगत जनगणना कराई जाएगी। हर जाति को उसकी आबादी के हिसाब से अधिकार मिलेंगे।"

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने UPPCS 2025 प्रीलिम्स का रिजल्ट किया रद्द, दोबारा जारी होंगे नतीजे 

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) 2025 में शामिल हुए कैंडिडेट्स के लिए बड़ा अपडेट है।UPPCS 2025 प्रीलिम्स का रिजल्ट नए सिरे जारी होगा।इसके साथ ही UPPCS 2025 मेन्स एग्जाम और इंटरव्यू दोबारा आयोजित कराया जाएगा।इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट ने आरक्षण के संदर्भ को लेकर इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

शिव सेना ने एक व्हिप जारी किया है, जिसमें उसने अपने लोकसभा सांसदों को 29 नवंबर तक दिल्ली पहुंचने और सोमवार, 30 नवंबर से गुरुवार, 3 दिसंबर, 2026 तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।

परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को कैबिनेट की मंजूरी, बढ़ाई जाएंगी 50% सीटें

केंद्र सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है. शुक्रवार को विशेष सत्र को लेकर कैबिनेट की बैठक हुई। कैबिनेट की बैठक में सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंदूरी दे दी है। मोदी कैबिनेट ने परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन बिल को मंजूरी दे दी है। इसमें 50 प्रतिशत सीटें राज्यों में बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

दिल्ली हवाई अड्डे पर यात्री के बैग से बेल्ट के बकल में छिपा चाकू बरामद

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने हाल में दिल्ली हवाई अड्डे पर हांगकांग से आए एक यात्री के बैग की जांच के दौरान बेल्ट के बकल के अंदर छिपाकर रखा गया एक छोटा चाकू बरामद किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यात्री को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे से छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए अगली उड़ान लेनी थी, तभी सुरक्षा जांच के दौरान उसे रोक लिया गया।

सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से इस घटना की जानकारी दी। इसके साथ ही बल ने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें काले रंग के बेल्ट के बकल के अंदर छिपाकर रखा गया चाकू दिखाई दे रहा है।

परिसीमन BJP की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा- अखिलेश यादव

भारतीय वायु सेना, अपने 'नो योर फोर्सेज' (अपनी सेनाओं को जानें) अभियान के तहत, पुणे के एयर फोर्स स्टेशन लोहेगांव में एक एयर शो का आयोजन करती है।

सत्र की घोषणा तो हो गई है, लेकिन मेरे पास एजेंडा नहीं है। मैंने अभी तक विधेयक नहीं देखा है- सुप्रिया सुले

संसद के विशेष सत्र के दौरान परिसीमन विधेयक पेश किए जाने की अटकलों पर, एनसीपी-एससीपी सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि "सत्र की घोषणा तो हो गई है, लेकिन मेरे पास एजेंडा नहीं है। मैंने अभी तक विधेयक नहीं देखा है। जब तक मैं विधेयक देख नहीं लेती, तब तक मैं कुछ नहीं कह सकती।"

दिल्ली के शकूरपुर में किशोर की हत्या के मामले में दो नाबालिग समेत तीन आरोपी पकड़े गए

दिल्ली के शकूरपुर इलाके में 17 वर्षीय किशोर की चाकू से हमलाकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में अतीकुर रहमान (21) और दो नाबालिग शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि कुछ दिन पहले हुए मामूली विवाद को लेकर बृहस्पतिवार को शकूरपुर गांव में आरोपियों और किशोर के बीच कहासुनी हुई थी। उसने बताया कि इस कहासुनी के बाद आरोपियों ने किशोर पर चाकू से हमला कर दिया।

पुलिस ने बताया कि किशोर को भगवान महावीर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किशोर की एक आरोपी की बहन से दोस्ती थी जिसे लेकर विवाद हुआ। उन्होंने कहा कि मामले में अन्य आरोपियों को पकड़ने और उनकी भूमिका का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पीएम-एचएम की षड्यंत्रकारी जोड़ी हमेशा की तरह झूठ फैला रही है- जयराम रमेश

जयराम रमेश ने कहा कि पीएम-एचएम की षड्यंत्रकारी जोड़ी हमेशा की तरह झूठ फैला रही है महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में संसद में सर्वसम्मति से पारित हुआ था। कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे तुरंत लागू करने की मांग की थी। लेकिन उनकी मांग को ठुकरा दिया गया और 16 अप्रैल 2026 की रात 10:40 बजे तक कानून की अधिसूचना जारी नहीं हुई थी, जिसे बाद में अचानक कर दिया गया।

इसलिए यह पूरी तरह से स्पष्ट है कि संसद का विशेष सत्र महिला आरक्षण के लिए नहीं है। महिला आरक्षण तो पहले से ही कानून बन चुका है, लेकिन पीएम-एचएम की जोड़ी ने इसे तीन साल से ज्यादा समय से ठंडे बस्ते में डाल रखा है। विशेष सत्र का असली मक़सद निर्वाचन क्षेत्रों का मनमाने ढंग से परिसीमन करना है ताकि लोगों की आवाज़ दबाई जा सके। और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी? क्या यह पूरी तरह सवालों के घेरे में आ चुके और बुरी तरह बेनकाब हो चुके मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दी जा सकती है, जिन्होंने मतदाता सूचियां तैयार करने की पूरी प्रक्रिया का मजाक बनाकर रख दिया है और चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को तार-तार कर दिया है।

इतने बड़े पैमाने पर वोट चोरी को अंजाम देने वालों को ही अब परिसीमन करने और निर्वाचन क्षेत्रों का स्वरूप बदलने की ताकत कैसे दी जा सकती है? इससे ज्यादा शर्मनाक और क्या हो सकता है! यह चारों तरफ से घिरे, घबराए और बौखलाए प्रधानमंत्री द्वारा हताशा में उठाया गया कदम है। लेकिन इसका पूरी ताकत और दृढ़ संकल्प के साथ मुकाबला किया जाएगा।

कर्नाटक CM आवास और विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी

कर्नाटक के मुख्यमंत्री के आवास और विधान सौधा को बम से उड़ाने की धमकी का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति ने नम्मा यात्री से ऑटो बुक किया और ऑटो चालक को फोन कर धमकी दी। घटना 5 नवंबर 2026 की है।

अनंतनाग के कांग्रेस विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद का देहांत, लंबे समय से थे बीमार

जम्मू कश्मीर की अनंतनाग विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद का आज (शुक्रवार, 27 नवंबर) को निधन हो गया। वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे। पीरजादा मोहम्मद सईद ने 73 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज दमहाल अछबल में किया जाएगा। पीरजादा मोहम्मद कांग्रेस के सीनियर नेता रहे हैं और लंबे समय से पार्टी से जुड़े थे।

‘टाइम’ पत्रिका के पूर्व संवाददाता स्ट्रोब टैलबॉट का 80 वर्ष की आयु में निधन

अमेरिका की प्रसिद्ध साप्ताहिक समाचार पत्रिका ‘टाइम’ के पूर्व संवाददाता स्ट्रोब टैलबॉट का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे।

उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के कार्यकाल में अमेरिकी विदेश उपमंत्री के रूप में सेवा भी दी थी और इसके बाद ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन के प्रमुख बने थे।

उनके बेटे डेविन टैलबॉट ने बताया कि लंबे समय से बीमार रहने के बाद उनके पिता ने न्यूयॉर्क के ईस्ट हैम्पटन स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।

उत्तर प्रदेश: सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो गई है और यातायात धीमा हो गया है।

त्रिपुरा निकाय चुनाव: कड़ी सुरक्षा में 16 निकायों की 268 सीटों पर मतदान शुरू, 733 उम्मीदवार मैदान में

त्रिपुरा में शुक्रवार सुबह सात बजे से निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान कड़ी सुरक्षा के बीच हो रहा है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस चुनाव में अगरतला नगर निगम समेत 16 शहरी स्थानीय निकायों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। कुल 5.56 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। वे 268 सीटों पर चुनाव लड़ रहे 733 उम्मीदवारों की किस्मत तय करेंगे। अगरतला नगर निगम में 51 वार्ड हैं।

क्राइस्टचर्च में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन, चाय के समय तक न्यूज़ीलैंड का स्कोर चार विकेट पर 131 रन था।

दिल्ली में सीजन की सबसे ठंडी सुबह, यूपी-बिहार से राजस्थान तक शीतलहर का अलर्ट, कई राज्यों में घना कोहरा

दिल्ली-NCR से यूपी बिहार तक ठंड का असर अब बढ़ना शुरू हो गया है।पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी राज्यों में शीतलहर शुरू हो गई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, पंजाब समेत 13 राज्यों में आज कोहरे और शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में आज सीजन की सबसे ठंडी सुबह हुई है, यहां तापमान 9 डिग्री तक चला गया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 27 Nov 2026, 7:55 AM IST