
कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर बुलडोजर चला
नगर निगम ने फुटपाथ पर बनाए गए बांस का अस्थायी ढांचों को हटाया
अबिषेक ने कहा- कितने भी बुलडोजर आ जाएं, वे मेरी आवाज को दबा नहीं सकते
पनी आखिरी सांस तक न तो पीछे हटूंगा और न ही एक इंच भी झुकूंगा
कोलकाता नगर निगम (केएमसी) ने गुरुवार को कालीघाट स्थित टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर फुटपाथ पर बनाए गए बांस का अस्थायी ढांचों को हटा दिया। इस दौरान अधिकारियों ने पैदल यात्रियों की आवाजाही में कथित तौर पर बाधा बन रहे लोहे के गेट को भी गैस कटर से काटकर हटा दिया।
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि कोई भी बुलडोजर उन्हें चुप नहीं करा सकता। उन्होंने तोड़फोड़ की कार्रवाई के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, "कितने भी बुलडोजर आ जाएं, वे मेरी आवाज को दबा नहीं सकते और न ही मेरे इरादों को तोड़ सकते हैं। मैं बांग्ला विरोधियों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखूंगा। मैं अपनी आखिरी सांस तक न तो पीछे हटूंगा और न ही एक इंच भी झुकूंगा।"
कोलकाता पुलिस और केंद्रीय बलों की मदद से अभिषेक बनर्जी के आवास के बाहर यह कार्रवाई गुरुवार सुबह शुरू हुई। सबसे पहले आवास के बाहर बने बांस के एक अस्थायी ढांचे को गिराया गया। इस ढांचे का इस्तेमाल सुरक्षाकर्मियों के बैठने के लिए किया जाता था। यह उस समय की बात है, जब अभिषेक बनर्जी को राज्य सरकार की ओर से 'जेड-प्लस' सुरक्षा मिली हुई थी। उस समय ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस की सरकार थी। इसके बाद आवास के बाहर लगा एक लोहे का गेट भी हटा दिया गया, जिस पर फुटपाथ पर अतिक्रमण करने का आरोप था।
इस कार्रवाई के दौरान कंक्रीट और लोहे के बीम से बना तृणमूल कांग्रेस का 'शहीद स्मारक' भी गिरा दिया गया। इन तीनों ढांचों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया। बुधवार शाम को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने खुद ही बांस के इस शेड को हटाने की कोशिश की थी, हालांकि यह काम पूरा नहीं हो पाया था। गुरुवार सुबह केएमसी के कर्मचारी, पुलिस अधिकारियों और एक बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंचे और तोड़फोड़ की कार्रवाई पूरी की।
पिछले कुछ दिनों से यह अस्थायी शेड विवाद का विषय बना हुआ था। 6 और 7 नवंबर की दरमियानी रात को कालीघाट में तनाव बढ़ गया था, जब अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए उनके आवास के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई थी। उस दौरान कई लोगों को इस अस्थायी ढांचे के नीचे शरण लेते देखा गया था।
यह तोड़फोड़ की कार्रवाई अभिषेक बनर्जी द्वारा कोलकाता पुलिस पर अपने आवास की लगातार निगरानी करने और जासूसी करने का आरोप लगाने के एक दिन बाद हुई। बुधवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में तृणमूल कांग्रेस के नेता ने अपने आवास के आसपास पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया था। टीएमसी ने दावा किया था कि पुलिसकर्मी ढांचा हटवाने के लिए वहां पहुंचे थे। इस पोस्ट के तुरंत बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने बांस के ढांचे को हटाना शुरू कर दिया।