हालात

CJP Protest LIVE: CEC के खिलाफ जंतर-मंतर पर आज CJP का प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस ने नहीं दी मंजूरी, सुरक्षा कड़ी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का प्रदर्शन है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस बीच सुरक्षा इंतजामों, मेट्रो पाबंदियों और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी नजर बनी हुई है।

फोटोः IANS
फोटोः IANS 

CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में ड्रोन से निगरानी, होटल ली मेरिडियन के पास सुरक्षा पर नजर

दिल्ली में आज कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले होटल ली मेरिडियन के पास गोलचक्कर के आसपास सुरक्षा स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

CJP नेता अभिजीत दीपके का PM मोदी पर हमला, बोले- प्रदर्शन करना हमारा मौलिक अधिकार, गिरफ्तारी से नहीं डरते

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा, “मुझे हैरानी होती है कि इस देश के प्रधानमंत्री युवाओं और देश की जनता से इतना डरते क्यों हैं। सभी रेल सेवाएं बंद करने की क्या जरूरत थी? मेट्रो का पूरा संचालन रोकने की क्या जरूरत थी? उन्होंने इंटरनेट बंद कर दिया है और सड़कें रोक दी हैं। वे जम्मू-कश्मीर से सेना लाकर उसे दिल्ली में तैनात कर रहे हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों से CRPF के जवानों को बुलाकर दिल्ली में तैनात किया गया है। क्या नरेंद्र मोदी और अमित शाह अपने ही देश के लोगों के खिलाफ युद्ध छेड़ना चाहते हैं? क्या ज्ञानेश कुमार उन्हें इतने प्रिय हैं कि वे अपने ही नागरिकों पर पुलिस और सेना की ताकत झोंक देंगे?”

उन्होंने आगे कहा, “प्रधानमंत्री मोदी डरे हुए हैं। उन्हें डर है कि इसके बाद देश के लोग उन्हें वोट नहीं देंगे। इसीलिए सिर्फ सत्ता में बने रहने के लिए वे लोगों को ट्रेनों से उतार रहे हैं। सोसायटियों में घोषणाएं की जा रही हैं कि लोग प्रदर्शन में शामिल न हों। दिल्ली पुलिस लोगों के घरों पर जा रही है और उन्हें प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेने के लिए कह रही है। लेकिन हम प्रदर्शन क्यों न करें? विरोध करना हमारा मौलिक अधिकार है। संविधान का अनुच्छेद 19 हमें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का मौलिक अधिकार देता है और हम यही करने जा रहे हैं।”

जब उनसे पूछा गया कि क्या दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, तो उन्होंने कहा, “अगर वे मुझे हिरासत में लेना या गिरफ्तार करना चाहते हैं, तो ऐसा कर लें। मैं इसके लिए तैयार हूं। वे मुझे गिरफ्तार करें या हिरासत में लें, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। UAPA लगा दें, NSA लगा दें, जो करना है कर लें। लेकिन हम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने और इस देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे।”

CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस की पिंक फोर्स तैनात, महिला पुलिसकर्मियों से बदसलूकी की घटनाओं के बाद फैसला

दिल्ली में आज CJP के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस की पिंक फोर्स तैनात की गई है। हाल में महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी की घटनाओं के मद्देनजर यह तैनाती की जा रही है।

CJP के प्रदर्शन से पहले मंडी हाउस के आसपास भारी सुरक्षा तैनात

दिल्ली में आज CJP के प्रदर्शन से पहले मंडी हाउस के आसपास भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

CJP के प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस के जवानों की वर्दी पर बॉडी कैमरे, अंधेरे में भी करेंगे रिकॉर्डिंग

CJP के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात दिल्ली पुलिस के जवानों की वर्दी पर बॉडी कैमरे लगाए गए हैं। ये कैमरे अंधेरे में भी काम करते हैं।

दिल्ली पुलिस के एक जवान ने बताया, “ये बॉडी कैमरे हमारी और दूसरों की सुरक्षा के लिए हैं। धक्का-मुक्की या हाथापाई जैसी घटनाओं में दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाए जाते हैं। ऐसे में ये कैमरे साबित करेंगे कि हमने किसी के साथ कुछ किया या नहीं। ये हर चीज रिकॉर्ड करेंगे।”

CJP के प्रदर्शन से पहले फिरोज शाह रोड और मंडी हाउस में RAF तैनात

दिल्ली में जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन से पहले फिरोज शाह रोड और मंडी हाउस में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) तैनात की गई है।

CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली रवाना, जंतर-मंतर पर आज प्रदर्शन

मुंबई से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं।

CJP के प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली के कुछ मेट्रो स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट गेट बंद

दिल्ली में सुरक्षा कारणों से कुछ मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं।

CJP के प्रदर्शन से पहले मंडी हाउस में सुरक्षा कड़ी

दिल्ली में जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन से पहले मंडी हाउस इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

CJP के प्रदर्शन से पहले टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी

दिल्ली में जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन से पहले टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

CJP के प्रदर्शन से पहले अप्सरा बॉर्डर पर भारी सुरक्षा बल तैनात

दिल्ली में जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन से पहले अप्सरा बॉर्डर पर भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

CJP के प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर और संसद मार्ग पर भारी सुरक्षा, बैरिकेडिंग की गई

दिल्ली में आज होने वाले प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर और संसद मार्ग इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग की गई है।

जंतर-मंतर पर आज के प्रदर्शन को लेकर संसद मार्ग थाने के बाहर हो रहा ऐलान

दिल्ली में जंतर-मंतर पर आज होने वाले प्रदर्शन को लेकर संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर घोषणाएं की जा रही हैं।

CEC के खिलाफ जंतर-मंतर पर आज CJP का प्रदर्शन, दिल्ली पुलिस ने नहीं दी मंजूरी; सुरक्षा कड़ी

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज, 10 अक्टूबर को, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर हलचल तेज है। CJP नेता अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन का ऐलान किया है, लेकिन दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया है। दीपके मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

इस बीच राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात हैंं। काल शाम को ही 45 मेट्रो स्टेशनों की एंट्री-एग्जिट बंद कर दी गई थी। प्रदर्शन से जुड़े हर बड़े अपडेट, दिल्ली पुलिस की तैयारियों, ट्रैफिक डायवर्जन, मेट्रो सेवाओं और आम लोगों की आवाजाही पर पड़ने वाले असर के लिए 'नवजीवन' के साथ बने रहिए।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 10 Oct 2026, 8:05 AM IST