हालात

जंतर-मंतर प्रोटेस्ट LIVE: CJP का आज फिर जंतर-मंतर कूच, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर आर-पार, सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक हलचल

CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आज फिर जंतर-मंतर कूच का ऐलान किया है। शनिवार को पार्टी नेताओं की हिरासत और दिल्ली में मेट्रो-ट्रेन सेवाओं पर पाबंदियों के बाद आज सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका पर सुनवाई होगी।

जंतर-मंतर पर सुरक्षा कड़ी
जंतर-मंतर पर सुरक्षा कड़ी 

हिंगोली: अभिजीत दिपके की दादी का निधन, मां बोलीं- दिल्ली पुलिस झूठ बोल रही, अंतिम संस्कार के लिए बेटे का इंतजार

अभिजीत दिपके की मां अनीता दिपके ने कहा, “हम उनसे संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। दिल्ली पुलिस झूठ बोल रही है। अगर उन्हें अपनी दादी के निधन की खबर मिल जाती, तो वह तुरंत आ जाते। हमने उनके इंतजार में अंतिम संस्कार रोक रखा है।”

CJP के आंदोलन जारी रखने के ऐलान के बाद दिल्ली में सुरक्षा का पहरा, 30 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात

CJP के प्रदर्शन जारी रखने के ऐलान के बाद दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आंदोलन जारी रखने की घोषणा की है। इसके मद्देनजर रविवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली में सुरक्षा के असाधारण इंतजाम रहेंगे। राजधानी में 30 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं।

CJP के प्रदर्शन के मद्देनजर जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी, पुलिस तैनात

दिल्ली में जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के तहत पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

दिल्ली प्रदर्शन कवर कर रहे पत्रकारों को हिरासत में लेने पर प्रेस संगठनों में रोष, माफी और जांच की मांग

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन की कवरेज कर रहे पत्रकारों को हिरासत में लेने और उन्हें परेशान किए जाने की चार पत्रकार संगठनों ने शनिवार को निंदा की। इनमें प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (PCI) और इंडियन विमेन्स प्रेस कॉर्प्स (IWPC) भी शामिल हैं।

संयुक्त बयान में संगठनों ने कहा कि पुलिस ने प्रेस पहचान पत्र दिखाने के बावजूद कई पत्रकारों को हिरासत में लिया। कुछ पत्रकारों के फोन और अन्य उपकरण भी जब्त कर लिए गए। संगठनों ने इस मामले में माफी मांगने और जांच कराने की मांग की है।

दिल्ली पुलिस पर अवैध हिरासत और महिला प्रदर्शनकारियों से यौन उत्पीड़न के आरोप, RJD सांसद मनोज झा पहुंचे सुप्रीम कोर्ट

RJD सांसद मनोज कुमार झा ने सुप्रीम कोर्ट का रुख कर दिल्ली पुलिस की कथित कार्रवाई के खिलाफ तत्काल निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस ने निहत्थे प्रदर्शनकारियों, छात्र नेताओं, वकीलों, राजनेताओं और आम नागरिकों को अवैध रूप से हिरासत में लिया, उनका अपहरण किया या उन्हें घरों में नजरबंद रखा।

मनोज झा ने निहत्थे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस बल के अनुपातहीन इस्तेमाल और महिला प्रदर्शनकारियों के यौन उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं। सांसद ने यह भी कहा है कि दिल्ली में मेट्रो स्टेशनों को बंद करना सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन था।

CJP के तीन नेताओं को आज सुबह 9 बजे दिल्ली कैंट थाने में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के लीगल अफेयर्स हेड ने पोस्ट कर बताया कि अभिजीत, आशुतोष और सौरव को आज सुबह 9 बजे दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने उन्हें सुबह इसकी जानकारी दी। CJP के लीगल हेड के तौर पर वह अन्य वकीलों के साथ पुलिस स्टेशन में मौजूद रहेंगे और पार्टी की ओर से पैरवी करेंगे।

दिल्ली पुलिस कमिश्नर के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका, प्रदर्शनकारियों से मारपीट और बदसलूकी के आरोप

दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार के खिलाफ एक नई अवमानना याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में उल्लेख किया जाना है। अमन प्रसाद की ओर से दाखिल इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि शनिवार को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का उल्लंघन थी।

याचिका में प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट, हिरासत में लेने, पुलिसकर्मियों के पहचान बैज नहीं पहनने और महिला प्रदर्शनकारियों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं।

प्रशांत भूषण का सुप्रीम कोर्ट पर सवाल, बोले- पुलिस हिंसा नहीं रुकी तो देश-दुनिया में अदालत का मजाक बनेगा

वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने पोस्ट कर कहा कि अगर सुप्रीम कोर्ट शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे वकीलों और अन्य प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की हिंसा रोकने का आदेश नहीं देता और प्रदर्शनकारियों पर हिंसा करने वाले तथा उन्हें धमकाने वाले दक्षिणपंथी उपद्रवियों को हिरासत में लेने का निर्देश नहीं देता, तो न सिर्फ देश में उसकी प्रासंगिकता खत्म हो जाएगी, बल्कि देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उसका मजाक उड़ाया जाएगा।

दिल्ली प्रदर्शन पर आज सुप्रीम कोर्ट की विशेष सुनवाई, मेट्रो बंदी-ट्रेनें रद्द करने को लेकर अवमानना याचिका पर भी नजर

दिल्ली में विरोध-प्रदर्शनों से जुड़े मामलों पर सुप्रीम कोर्ट आज विशेष सुनवाई करेगा। मेट्रो सेवाएं बंद करने और ट्रेनें रद्द करने के जरिए सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के कथित उल्लंघन को लेकर केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, दिल्ली पुलिस प्रमुख अनुराग कुमार और DMRC की चेयरपर्सन डी. थारा के खिलाफ अवमानना याचिका दाखिल की गई है।

वरिष्ठ अधिवक्ता और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद मेनका गुरुस्वामी की याचिका पर भी सुनवाई होगी। इसमें चार पूर्व मुख्यमंत्रियों समेत विपक्षी नेताओं को एहतियातन हिरासत में लिए जाने को चुनौती दी गई है।

वरिष्ठ अधिवक्ता शादान फरासत समेत वकीलों को हिरासत में लिए जाने और उनके खिलाफ पुलिस की कथित ज्यादतियों का मामला भी सुनवाई के दायरे में रहेगा। न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना इन मामलों की सुनवाई करेंगे।

CJP के प्रदर्शन के मद्देनजर कनॉट प्लेस में सुरक्षा बढ़ी, पुलिसकर्मी तैनात

दिल्ली के कनॉट प्लेस में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के तहत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

CJP के प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर पर कड़ी सुरक्षा, जगह-जगह बैरिकेडिंग

दिल्ली के जंतर-मंतर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बैरिकेडिंग की गई है।

CJP का आज फिर जंतर-मंतर कूच, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर आर-पार, सड़क से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक हलचल

कॉकरोच जनता पार्टी आज भी जंतर-मंतर कूच का ऐलान किया है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है और शनिवार की कार्रवाई के बाद भी प्रदर्शन जारी रखने की घोषणा की है। प्रदर्शन के मद्देनजर सेंट्रल दिल्ली, नई दिल्ली और कनॉट प्लेस के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन की आशंका है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को एडवाइजरी देखकर निकलने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है।

वहीं, प्रदर्शन के दौरान पाबंदियों, मेट्रो और ट्रेनों की आवाजाही रोकने और लोगों को हिरासत में लेने के आरोपों से जुड़ी अवमानना याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में रविवार को सुनवाई होनी है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: 11 Oct 2026, 8:02 AM IST