
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का कोलकाता में सीबीआई और मोदी सरकार के खिलाफ तीसरे दिन भी धरना जारी है। ममता बनर्जी को समर्थन देने के लिए अलग-अलग दलों के नेता और अहम लोग धरनास्थल पर पहुंच रहे हैं। धरनास्थल पर मंगलवार को अभिनेत्री इंद्राणी हल्दर ने सीएम ममता बनर्जी से मुलाकात की। धरनास्थल पर टीएमसी के बड़े नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद हैं।
ममता बनर्जी के धरने के बीच दूसरी ओर कोलकाता के पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार से शारदा चिटफंड ममाले में पूछताछ करने के लिए सीबीआई की अर्जी पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। सोमवार को भी इस मालमे में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई थी। लेकिन कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई मंगलवार तक के लिए टाल दी थी।
सोमवार को सीबीआई की अर्जी पर सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस गोगोई ने कहा था, “अगर कोलकाता पुलिस ने सबूतों को मिटाने की कोशिश की है तो कोर्ट में इसके सबूत लेकर आएं। हम उनके खिलाफ इतनी सख्त कार्रवाई करेंगे कि उनको ऐसा करने पर पछताना पड़ेगा।”
गौरतलब है कि रविवार को चिटफंड घोटालों के सिलसिले में कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से पूछताछ के लिए उनके आवास पर सीबीआई की एक टीम पहुंची थी। लेकिन वहां तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया था। साथ ही पुलिस कर्मियों ने सीबीआई की टीम को हिरासत में भी ले लिया था। इस बीच पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी राजीव कुमार के आवास पर पहुंचीं थीं। उन्होंन कहा था, ‘‘नरेंद्र मोदी और अमित शाह राज्य में तख्तापलट करने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि हमने 19 जनवरी को विपक्ष की रैली आयोजित की थी।”
कोलकाता में रविवार को ही सीएम ममता बनर्जी ने मोदी सरकार और सीबीआई के खिलाफ धरना धरना शुरू कर दिया था। तभी से ममता बनर्जी का कोलकाता में धरना जारी है। धरने को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी समते विपक्षी दलों के कई नेताओं समर्थन दे चुके हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 05 Feb 2019, 9:47 AM IST