
दिल्ली एनसीआर के लोगों को आज से महंगी सीएनजी खरीदना पड़ेगा। सीएनजी के दामों में एक बार फिर से बढ़ोतरी की गई है। पिछले 15 महीनों में सीएनजी के दाम में यह सातवीं बढ़ोतरी है। दिल्ली में सीएनजी के दाम 90 पैसे बढ़कर 46.60 रुपये प्रति किलोग्राम जबकि नोएडा , ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में एक रुपये बढ़कर 52.95 रुपये प्रति किलो हो गए।
वहीं गुरुग्राम में सीएनजी की कीमत 55.45 रुपये प्रति किलोग्राम होगी। सीएनजी के दाम बढ़ने का सीधा असर लोगों पर पड़ेगा। इसके चलते सीएनजी से चलने वाले वाहनों का किराया बढ़ सकता है। बता दें कि काफी समय बाद सीएनजी के दामों में बढ़ोतरी हुई है।
हालांकि, आईजीएल ने खाना बनाने में इस्तेमाल पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) के दाम में वृद्धि नहीं की है। स्थानीय करों के प्रभाव से सीएनजी और पीएनजी के दाम अलग-अलग शहरों में अलग-अलग है।
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने अपने एक बयान में कहा है कि आईजीएल द्वारा गुरुग्राम और रेवाड़ी में आपूर्ति की जाने वाली सीएनजी की नई कीमत 58.45 रुपए प्रति किग्रा होगी और करनाल में सीएनजी की नई कीमत 55.45 रुपए प्रति किग्रा होगी। आईजीएल का कहना है कि वह दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के कुछ चुनिंदा सीएनजी स्टेशन पर रात 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच सीएनजी बिक्री पर 1.50 रुपए प्रति किग्रा के डिस्काउंट को जारी रखेगी।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए