हालात

कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता, लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं को नहीं मिली राहत, जानें कोलकाता-दिल्ली समेत कहां-कहां घटे दाम?

नई दरें शनिवार से ही लागू कर दी गई हैं। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं है, क्योंकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

केंद्र सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की कटौती की है। नई दरें शनिवार से ही लागू कर दी गई हैं। हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं है, क्योंकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

दिल्ली और कोलकाता में कितनी घटी कीमत

नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 202 रुपये सस्ता हो गया है। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत में 209 रुपये की कमी की गई है। अब कोलकाता में यह सिलेंडर 2,872.50 रुपये में उपलब्ध होगा।

व्यापारियों को मिलेगा सीधा फायदा

कमर्शियल एलपीजी का सबसे अधिक उपयोग होटल, रेस्तरां, कैटरिंग सेवाओं और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में होता है। ऐसे में कीमतों में आई इस कमी से इन कारोबारों की परिचालन लागत घटने की उम्मीद है, जिससे उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी।

घरेलू सिलेंडर के दाम यथावत

सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह कटौती केवल 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों पर लागू होगी। घरेलू उपयोग में आने वाले 14.2 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसलिए आम उपभोक्ताओं को अभी राहत के लिए इंतजार करना होगा।

यह लगातार दूसरा महीना है जब सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती की है। इससे पहले जुलाई में भी व्यावसायिक सिलेंडरों के दाम कम किए गए थे।

वैश्विक हालात सुधरने का दिखा असर

बीते कुछ महीनों में पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ईरान से जुड़े घटनाक्रम के कारण वैश्विक एलपीजी बाजार में कीमतों पर दबाव बढ़ गया था। अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिति कुछ सामान्य होने के बाद सरकार ने लगातार दूसरी बार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम घटाकर कारोबारियों को राहत देने का फैसला किया है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए