
उत्तर प्रदेश और पंजाब में कांग्रेस संगठन में बड़ा बदलाव
आराधना मिश्रा ‘मोना’ यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष नियुक्त
परगट सिंह पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त किए गए
इमरान मसूद यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश और पंजाब में संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नए प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पार्टी ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष और पूर्व ओलंपियन और विधायक परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से दोनों नियुक्तियों से संबंधित प्रेस रिलीज जारी की गई।
संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया है। परगट सिंह जालंधर छावनी से विधायक हैं। वह भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं और ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
केसी वेणुगोपाल के अनुसार, पंजाब में चुनाव संबंधी विभिन्न समितियों के कार्यकारी अध्यक्षों और अध्यक्षों तथा सह-अध्यक्षों की नियुक्तियां यथावत रहेंगी। पार्टी ने निवर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के योगदान की सराहना की। परगट सिंह को अध्यक्ष नियक्त किए जाने से कुछ घंटे पहले वडिंग ने राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना त्यागपत्र औपचारिक रूप से सौंपा था। राजा वडिंग ने परगट सिंह को अध्यक्ष नियक्त किए जाने पर बधाई दी है।
इसके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश में आराधना मिश्रा ‘मोना’ को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके साथ ही कांग्रेस ने सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में दो वरिष्ठ उपाध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई है। इनमें देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद शामिल हैं।
इसके साथ ही कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल के नेता के पद पर चौधरी वीरेंद्र सिंह की नियुक्ति को मंजूरी दी है। आज घोषित सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।पार्टी ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के योगदान की सराहना की है। उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव संभावित है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए