हालात

महंगाई को लेकर कांग्रेस का मोदी पर हमला, कहा- ‘मन की बात’ छोड़कर जनता की चिंता करें प्रधानमंत्री

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने महंगाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि चार महीने में प्याज 85 प्रतिशत और चीनी 34 प्रतिशत तक महंगी हो गई है। वहीं, टमाटर और दालों के दाम भी बढ़े हैं।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश फोटोः सोशल मीडिया

 कांग्रेस ने महंगाई को लेकर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि उन्हें अपने "मन की बात" छोड़कर जनता की चिंता करनी चाहिए। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह दावा भी किया कि सरकार के आंकड़ों के अनुसार महंगाई लगातार बढ़ रही है और ऐसे में आम परिवारों के सामने त्योहार मनाने तथा घर का बजट संभालने की चुनौती खड़ी हो गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘अच्छे दिन के वादों का कड़वा सच हर रोज बढ़ती महंगाई के रूप में सामने आ रहा है। चार महीने में प्याज 85 प्रतिशत और चीनी 34 प्रतिशत तक महंगी हो गई है।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि बीते एक महीने में टमाटर के दाम 8.5 प्रतिशत, अरहर दाल के 3.5 प्रतिशत और चना दाल के दाम 3.1 प्रतिशत बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि दिवाली से ठीक पहले बादाम की कीमत 1,300 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है और छोटी इलायची के दाम में 300 रुपये तक का उछाल आया है।

रमेश ने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जीडीपी के आंकड़ों का ‘‘ढोल पीटने वाले’’ प्रधानमंत्री आम जनता की इस स्थिति पर मौन हैं।

उन्होंने दावा किया कि एक ओर ‘‘बेकाबू महंगाई’’ के कारण रसोई का बजट बिगड़ चुका है, वहीं दूसरी ओर पिछले एक दशक में वास्तविक यानी महंगाई-समायोजित आय या तो स्थिर रही है या उसमें गिरावट आई है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री जी, अपने मन की बात छोड़कर जनता की चिंता कीजिए।’’

पीटीआई के इनपुट के साथ

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए