आंध्र प्रदेश में 'भारत जोड़ो यात्रा' के चरण को पूरा करते हुए शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दोहराया कि उनकी पार्टी राज्य को विशेष राज्य का दर्जा देने और अमरावती को इसकी राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। राहुल गांधी ने यात्रा को जबरदस्त समर्थन देने के लिए आंध्र प्रदेश के लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि वास्तव में यह एक यादगार अनुभव रहा।
राज्य में भारत जोड़ो यात्रा के अंतिम दिन राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कुरनूल जिले के मंत्रालयम से शुक्रवार सुबह यात्रा शुरू की। चार घंटे बाद यात्रा पड़ोसी राज्य कर्नाटक में फिर से प्रवेश कर गई। यह रायचूर जिले के गिलेसुगुर में रुकी। यात्रा शाम को केरेबुदुर गांव से फिर से शुरू होगी।
Published: undefined
आंध्र प्रदेश में यात्रा का चरण पूरा होने पर जारी एक बयान में राहुल गांधी ने आंध्र प्रदेश के लोगों के लिए संसद में की गई प्रतिबद्धता को याद किया और कहा कि इन प्रतिबद्धताओं को तेजी से पूरा किया जाना चाहिए। लेकिन केंद्र और राज्य सरकार इसे पूरा करने में असफल रही हैं।
कांग्रेस सांसद ने इस मौके पर विशाखापत्तनम स्टील प्लांट के निजीकरण करने के केंद्र सरकार के कदम का विरोध करते हुए कहा कि उनकी पार्टी जनता की संपत्ति के रूप में संयंत्र के सार्वजनिक क्षेत्र के दर्जे का समर्थन करती है।
Published: undefined
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आंध्र प्रदेश की चुनौतियों से अवगत है। अतीत में राज्य कांग्रेस पार्टी का गढ़ रहा है और पार्टी ने यहां से देश के लिए उत्कृष्ट राजनेता दिए हैं। उन्होंने कहा कि हम यह सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी राज्य में अपनी पुरानी प्रतिष्ठा हासिल करे।
राहुल गांधी ने यह विश्वास व्यक्त किया कि भारत जोड़ो यात्रा राज्य में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने की दिशा में पहले कदम के रूप में काम करेगी। यात्रा ने हमें लोगों की आवाज सुनने और हमारे महान राष्ट्र के लोगों की चुनौतियों और समस्याओं की गहन समझ हासिल करने का एक अनूठा अवसर दिया है।
Published: undefined
उन्होंने कहा कि देश के लोगों को जाति, धर्म, भाषा, खान-पान और पहनावे के आधार एक-दूसरे के खिलाफ लड़ाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। गांधी ने कहा कि आसमान छूती महंगाई और रिकॉर्ड बेरोजगारी और राजनीतिक और आर्थिक शक्ति का कुछ ही हाथों में सीमित होना गंभीर चिंता का विषय है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार राज्य में पंचायती राज व्यवस्था को कमजोर कर रही है। उनकी पार्टी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमले का कड़ा विरोध करती है। उन्होंने कहा कि हम राज्य के किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और अन्य लोगों की आवाज को मुखर करते रहेंगे, जिनसे हमने तीन दिनों के दौरान बातचीत की है।
Published: undefined
Google न्यूज़, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined