
कांग्रेस ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तीखे हमले बोले हैं और उनसे सीधा सवाल पूछा है कि आखिर नीट पेपर लीक के खिलाफ विरोध में उतरे छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कैसे एके-47 का इस्तेमाल हुआ, बिना नाम वाले सुरक्षा बल कैसे मौजूद थे और निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर पैलेट गन का इस्तेमाल कैसे हुआ।
एक न्यूज चैनल के डिबेट के दौरान कांग्रेस नेता गुरदीप सिंह सप्पल ने सीधा आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने आखिर किसके इशारे पर बर्बरता की। उन्होंने दावा किया कि भीड़ नियंत्रण के लिए सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का खुला उल्लंघन किया गया।
सप्पल ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान वहां मौजूद सीआरपीएफ की विशेष यूनिट रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने पैलेट गन से कम से कम पांच राउंड फायरिंग की।
उन्होंने कहा कि, "हो सकता है कि दिल्ली पुलिस ने पैलेट गन न चलाई हों, लेकिन वहां तैनात रैपिड एक्शन फोर्स ने पांच राउंड फायरिंग की। यह बात साफ है। राहुल गांधी ने पीड़ितों में से एक को मीडिया के सामने पेश किया। घुमा-फिराकर बात करने के बजाय सीधे मुद्दे पर आते हैं। सवाल बहुत सीधा है — उनके लिए अमित शाह को बचाना इतना ज़रूरी क्यों हो गया है?"
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बिहार में और संसद के बाहर छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एके-47 असॉल्ट राइफल से लैस सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। उन्होंने पूछा कि, "ऐसे वीडियो हैं जिनमें एके-47 नजर आ रही हैं। उनसे गोली चलाई गई या नहीं, यह अलग बात है। लेकिन बिहार और संसद के बाहर छात्रों पर एके-47 तानी गई थीं। संसद की ओर से जारी एक आधिकारिक वीडियो में सुरक्षाकर्मियों को एके-47 लिए हुए दिखाया गया था। इस देश के छात्रों पर एके-47 क्यों तानी जानी चाहिए?"
सप्पल ने यह भी आरोप लगाया कि बिना नाम पट्टी वाले (पहचान वाले) पुलिसकर्मी और सादे कपड़ों में अधिकारी विरोध-प्रदर्शनों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और लाठीचार्ज की कार्रवाई में शामिल थे।
प्रकाश सिंह मामले में सुप्रीम कोर्ट के 2006 के फ़ैसले का हवाला देते हुए सप्पल ने दावा किया कि पुलिसकर्मियों को बिना पहचान-पट्टी (बैज) के भीड़ को नियंत्रित करने या सादे कपड़ों में लाठीचार्ज करने की इजाज़त नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया, "सुप्रीम कोर्ट के निर्देश बहुत स्पष्ट हैं। पुलिस बिना बैज के भीड़ को नियंत्रित नहीं कर सकती और सादे कपड़ों में लाठीचार्ज नहीं कर सकती। ये दोनों चीजें हुईं। पैलेट गन का भी इस्तेमाल किया गया और एके-47 तानी गई।"
सप्पल ने आगे दावा किया कि जिन पुलिस अधिकारियों ने सादे कपड़ों में कार्रवाई में हिस्सा लेने से इनकार किया, उन्हें उनके पदों से हटा दिया गया; हालांकि, उन्होंने इस आरोप के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया।
उन्होंने कहा, "हमें ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि कुछ अधिकारियों ने सादे कपड़ों में छात्रों पर लाठीचार्ज करने से इनकार कर दिया था और बाद में उन्हें हटा दिया गया। यह भी ऐसी बात है जिसके बारे में देश को पता होना चाहिए।"
विरोध-प्रदर्शनों से निपटने के केंद्र के तरीके पर सवाल उठाते हुए सप्पल ने कहा कि सरकार छात्रों की चिंताओं को दूर करने में नाकाम रही है और पेपर लीक विरोधी कानून में संशोधन लाकर ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। नीट पेपर लीक के कथित मामलों की सुनवाई के लिए बनी फास्ट-ट्रैक कोर्ट में हुई पहली सुनवाई का ज़िक्र करते हुए, उन्होंने दावा किया कि सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) के वकील का मौजूद न होना साफ दिखाता है कि सरकार की गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा, "सरकार फास्ट-ट्रैक मैकेनिज्म को समाधान के तौर पर पेश कर रही है। फिर भी, पहले ही दिन सीबीआई के वकील पेश नहीं हुए। इससे पता चलता है कि सरकार असल में कितनी गंभीर है। सप्पल ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र ने प्रदर्शनकारी छात्रों को भरोसा दिलाया था कि उनके खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर वापस ले ली जाएंगी और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।
गुरदीप सिंह सप्पल ने कहा, "छात्र इस भरोसे पर अपना आंदोलन खत्म करने को तैयार हुए थे कि सभी एफआईआर वापस ले ली जाएंगी। अगर सरकार अब अपने वादे से पीछे हटती है, तो संसद सामान्य रूप से काम नहीं कर पाएगी। छात्रों से किए गए वादों को पूरा किया जाना चाहिए।"
जवाबदेही की मांग करते हुए, सप्पल ने पूछा कि एके-47 से लैस जवानों को तैनात करने और छात्रों के खिलाफ पैलेट गन का इस्तेमाल करने की इजाज़त किसने दी थी। उन्होंने कहा, "छात्रों के खिलाफ पैलेट गन इस्तेमाल करने की इजाज़त किसने दी? एकेK-47 तैनात करने का आदेश किसने दिया? जवाबदेही तय होनी चाहिए क्योंकि वे आतंकवादी नहीं थे। वे छात्र और युवा थे जो अपने भविष्य के लिए आवाज़ उठा रहे थे।"
केंद्र और गृह मंत्रालय ने सप्पल के आरोपों पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए