
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने महंगाई और कारोबार की बदहाल स्थिति को लेकर मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए।
एक हालिया सर्वे के मुताबिक, 61% परिवारों का मासिक खर्च 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ा है, जबकि 74 फीसदी लोग गैर-जरूरी खर्च घटा रहे हैं।
महंगाई के कारण 50 फीसदी लोग जरूरी सामान की खरीदारी में भी कटौती करने को मजबूर हैं।
जयराम रमेश ने दावा किया कि अमेरिकी टैरिफ, महंगे कच्चे माल और सरकारी उपेक्षा के चलते नोएडा में एक साल के भीतर 200 कपड़ा फैक्ट्रियां बंद हो गईं।
देश में बढ़ती महंगाई और कारोबार पर पड़ते दबाव को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि महंगाई ने आम लोगों के साथ कारोबारियों की भी कमर तोड़ दी है। उन्होंने एक हालिया सर्वे का हवाला देते हुए बताया कि 61 फीसदी परिवारों का मासिक खर्च 20 फीसदी से अधिक बढ़ गया है। वहीं, महंगाई के चलते लोग गैर-जरूरी ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरी चीजों की खरीदारी में भी कटौती कर रहे हैं।
जयराम रमेश ने अपने एक्स पोस्ट में सर्वे के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 61 फीसदी परिवारों का मासिक खर्च पिछले एक साल में 20 फीसदी से अधिक बढ़ गया है। बढ़ती महंगाई का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 74 फीसदी लोग गैर-जरूरी खर्चों में कटौती कर रहे हैं। वहीं, 50 फीसदी लोगों को जरूरी सामान भी पहले के मुकाबले कम खरीदना पड़ रहा है।
उन्होंने रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों की कीमतों में बढ़ोतरी के आंकड़े भी साझा किए। उनके मुताबिक, पिछले एक साल में घी और खाद्य तेल की कीमतों में 75 फीसदी, सब्जियों में 73 फीसदी, चावल, गेहूं और अन्य अनाज में 71 फीसदी, दूध और डेयरी उत्पादों में 65 फीसदी और दालों की कीमतों में 62 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
जयराम रमेश ने महंगाई के साथ देश के कपड़ा उद्योग की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि अकेले नोएडा में पिछले एक साल के दौरान 200 गारमेंट फैक्ट्रियां बंद हो गई हैं। इसके लिए उन्होंने अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ, कच्चे माल की महंगी कीमतों और सरकार की उपेक्षा को जिम्मेदार बताया।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि नोएडा में कपड़ा फैक्ट्रियों के बंद होने की स्थिति से पूरे देश के टेक्सटाइल उद्योग की मुश्किलों का अंदाजा लगाया जा सकता है। उनके मुताबिक, एक तरफ आम लोगों के घरेलू बजट पर महंगाई का दबाव बढ़ रहा है, तो दूसरी तरफ कारोबार और उद्योग भी संकट का सामना कर रहे हैं।
जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई के आंकड़े खतरे की घंटी बजा रहे हैं। लोगों की थाली से जरूरी चीजें कम हो रही हैं और फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री को इस संकट के बीच भी सिर्फ राजनीति की चिंता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने न तो आम लोगों की परेशानियों को स्वीकार करने की कोशिश की है और न ही उन्हें राहत देने के लिए कोई प्रयास किया है। जयराम रमेश ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि इनका खामियाजा आम लोगों और कारोबारियों, दोनों को भुगतना पड़ रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए