यूपी में कोरोना वायरस के कहर से योगी सरकार की टेंशन बढ़ा दी है। सीएम योगी ने निपटने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, लेकिन इस पर अभी लगाम लगती नहीं दिख रही है। हैरत की बात है कि जब सरकार इतनी गंभीरता और सख्ती बरत रही है, तब 75 में से 40 जिलों की स्थिति असंतोषजनक मिली है। यूपी के मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी के मुताबिक, पुलिस और प्रशासन के बीच तालमेल की कमी, जमातियों की संख्या अधिक होना और पुलिस पर हमला को इसके लिए जिम्मेदार बताया है।
इसके बाद अवनीश कुमार अवस्थी ने पत्र लिखकर अधिकारियों को लॉकडाउन का पालन कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। इन 40 जिलों में कोरोना पीड़ितों की संख्या बढ़ने के साथ ही पुलिस, स्वास्थ्य टीम और सफाईकर्मियों पर हुए हमले की घटनाओं को गंभीरता से लिया गया गया है। माना जा रहा है कि कई जिलों के अधिकारियों पर जल्द कार्रवाई भी हो सकती है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी का कहना है कि कोरोना प्रभावित जिलों की समीक्षा के बाद व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने जिन जिलों को लॉकडाउन के पालन के हिसाब से असंतोषजनक बताया है,उनमें मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर,सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बरेली, बदायूं, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा, संभल, लखनऊ, खीरी, रायबरेली, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तारनपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौरज, जालौन, प्रयागराज, प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर,आजमगढ़, कुशीनगर, बस्ती , गोंडा, बहराइच और बलरामपुर शामिल हैं।
हालांकि, प्रदेश के कई जिले कोरोना मुक्त हो चुके हैं। इन जिलों में अलीगढ़, एटा, हाथरस, कासगंज, पीलीभीत, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नारव, अयोध्याे, अम्बेंडकरनगर, अमेठी, इटावा,फतेहगढ़, औरैया, झांसी, ललितपुर, फतेहपुर, कौशाम्बीि, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चंदौली, जौनपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, संतरविदासनगर, मऊ, बलिया, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर,संतकबीरनगर और श्रीवस्तीज शामिल हैं।
गौरतलब है कि देशभर में रोजाना कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों में बढ़ोत्तरी हो रही है। उत्तर प्रदेश में भी 1000 का आंकड़ा पार हो गया है। आज फिरोजाबाद में कोरोना से पहली मौत हो गई है। यूपी में अब तक 17 लोगों ने कोरोना से दम तोड़ दिया है। रविवार को 60 नए लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब यूपी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1080 हो गई है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए
Published: 19 Apr 2020, 12:59 PM IST