भारत में रह रहीं बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना है। बांग्लादेश 16 दिसंबर को पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद स्वतंत्रता हासिल करने के उपलक्ष्य में विजय दिवस के रूप में मनाता है। छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनविद्रोह के कारण हसीना के 15 साल के शासन का अंत होने के साथ वह पांच अगस्त, 2024 को भारत चली गई थीं, जहां वह निर्वासन में रह रही हैं।
हसीना को उस जनविद्रोह से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी, जिसमें सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे। हसीना ने इस फैसले को खारिज करते हुए कहा है कि वह स्वदेश लौटने के बाद मुकदमे का सामना करने के लिए तैयार हैं।
स्वदेश लौटने की प्रस्तावित तारीख की घोषणा करते हुए मंगलवार को जारी एक बयान में हसीना ने मौजूदा प्रधानमंत्री तारिक रहमान से राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से उनकी स्वदेश वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया।
हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मिल अली ने एक बयान में कहा, ‘‘चूंकि शेख हसीना पांच अगस्त, 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत गई थीं, इसलिए उन्होंने सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनकी वापसी के लिए विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है।’’
हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ से कहा, ‘‘यह बेहद प्रतीकात्मक और महत्वपूर्ण है कि उन्होंने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर यानी हमारे विजय दिवस को चुना है। हमें पूरा विश्वास है कि वह इस ऐतिहासिक दिन को अपने देशवासियों के बीच मनाएंगी और अपने पिता बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान के नेतृत्व में हासिल की गई महान विजय का सम्मान करेंगी।’’
अरिन ने कहा, ‘‘हमें इस बात का भी पूरा विश्वास है कि वह निश्चित रूप से स्वदेश लौटेंगी और उनकी वापसी के बाद उनके नेतृत्व में बांग्लादेश एक बार फिर शांति, स्थिरता और समृद्धि की ओर अग्रसर होगा।’’
इस महीने की शुरुआत में ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को दिए एक साक्षात्कार में हसीना ने कहा था कि वह किसी भी कीमत पर दिसंबर में स्वदेश लौटेंगी और मौत भी उन्हें अपने वतन लौटने से नहीं रोक सकती।
पीटीआई के इनपुटट के साथ
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए