
गुजरात में जहरीली शराब से हुई मौतों के खिलाफ आम आदमी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बुधवार को BJP कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के लिए पहुंचे। हालांकि पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें बीजेपी मुख्यालय से पहले ही रोक लिया। आम आदमी पार्टी का कहना था कि उनका यह प्रदर्शन गुजरात में मौजूद शराब माफिया और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ है। प्रदर्शन कर रहे पार्टी नेताओं ने कहां कि गुजरात में जहरीली शराब पीने से 30 से ज्यादा लोगों की मौत के लिए राज्य की बीजेपी सरकार जिम्मेदार है। इसके लिए आम आदमी पार्टी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से इस्तीफा मांगा है।
प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी के नेताओं का कहना था कि गुजरात में बीजेपी सरकार के संरक्षण में अवैध शराब बिक रही है। गुजरात में जहरीली शराब पीने से 30 से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गंवा दी। दिल्ली में इसका विरोध जताते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए बीजेपी मुख्यालय के निकट एकत्र हुए। यहां इन प्रदर्शनकारियों ने गुजरात सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आम आदमी पार्टी के नेता और विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि जहरीली शराब पीने से शराबबंदी वाले प्रदेश गुजरात में 53 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई।
बीजेपी शासित गुजरात में जहरीली शराब से हुई मौतों के लिए इंसाफ मांगने पर आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को संसद से निलंबित कर दिया गया है। गुजरात में जहरीली शराब पीने से हुई लोगों की मौत की दुखद घटना पर आप सांसद संजय सिंह ने राज्यसभा में नोटिस दिया था।
पाठक ने कहा कि संजय सिंह ने अपने नोटिस में बताया है कि सरपंच ने 3 महीने पहले ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन को बार-बार पत्र लिखकर खुलेआम बिक रही शराब की शिकायत की थी, लेकिन राज्य सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की और केवल दिखावा करती रही।
आम आदमी पार्टी की एक अन्य विधायक आतिशी का कहना था कि बीजेपी को इस मुद्दे पर बहस से डर क्यों लग रहा है। बीजेपी बहस से क्यों भाग रही है। संजय सिंह ने सदन में नकली और जहरीली शराब से हुई मौतों पर केंद्र सरकार से सदन में जवाब मांगा था। संजय सिंह को जवाब तो मिला नहीं लेकिन सवाल पूछने पर चेतावनी जरूर मिल गई।
आतिशी ने कहा कि गुजरात में जिस तरह अवैध शराब का धंधा चलता है, उसी तरह बीजेपी दिल्ली को भी अब अपने अवैध शराब के कारोबार का अड्डा बनाना चाहती है। वहां बीजेपी के संरक्षण में लाखों करोड़ का अवैध शराब का धंधा चल रहा है। गुजरात में शराबबंदी के बावजूद जहरीली शराब से सैकड़ों लोगों की मौत हो रही हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए