
दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम पर हिंसक भीड़ के हमले का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे पुलिसकर्मी नियमित पेट्रोलिंग और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक गाड़ी जब्त की, जिसके बाद गाड़ी के मालिक समेत कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर मिर्च पाउडर फेंका और ईंट-डंडों से हमला किया। घटना में तीन पुलिस अधिकारी घायल बताए जा रहे हैं।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शनिवार को पुलिस अधिकारी इलाके में राउंड पर थे। चेकिंग के दौरान एक गाड़ी को जब्त किया गया। इसके बाद गाड़ी के मालिक समेत लोगों का एक समूह मौके पर पहुंचा और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले के दौरान मिर्च पाउडर का इस्तेमाल किया गया और पुलिस टीम पर ईंट व लाठी-डंडों से भी हमला किया गया।
पुलिस ने इस मामले में इलाके के कुख्यात अपराधी सुनील उर्फ पंकज को मुख्य हमलावर बताया है। पुलिस के अनुसार, पंकज पहले से ही संगीन अपराधों समेत पांच मामलों में शामिल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से एक नाबालिग आरोपी को पकड़ लिया है।
घटना के बाद सामने आए वीडियो में कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर पुलिस टीम पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में भीड़ की ओर से पुलिसकर्मियों के साथ हिंसा किए जाने का घटनाक्रम नजर आता है। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस की टीमें फरार बताए जा रहे अन्य हमलावरों की तलाश में लगातार जुटी हैं। फिलहाल तीन पुलिस अधिकारियों के घायल होने की जानकारी है। भलस्वा डेयरी इलाके में ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम पर हुए इस हमले ने पेट्रोलिंग और चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए