
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में एक होटल में लगी भीषण आग में कम से कम 21 लोगों की मौत होने के कुछ ही घंटों बाद बुधवार को साकेत के मैक्स अस्पताल के प्रतीक्षालय में शोक संतप्त रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों की भारी भीड़ जमा हो गई, जो बेसब्री से अपने प्रियजनों की तलाश कर रहे थे।
अस्पताल का प्रतीक्षालय ऐसे लोगों से भरा था जो सूचियों को देख रहे थे, बदहवास होकर फोन कर रहे थे और अधिकारियों से जानकारी मांग रहे थे। इस बीच, अग्निकांड के पीड़ितों को इलाज और पहचान के लिए अस्पताल लाया जा रहा था। एक रिश्तेदार ने सिसकते हुए कहा, "फोटो से पहचान में नहीं आ रहा कोई, सब जले हुए हैं।"
Published: undefined
इन्हीं लोगों में शामिल नमित गोयल ने बताया कि उनके छह रिश्तेदार इस आग की चपेट में आ गए थे। इनमें से चार शवों की पहचान हो चुकी है, जबकि दो की पहचान होना अभी बाकी है, जिससे परिवार दर्दनाक अनिश्चितता के दौर से गुजर रहा है।
उन्होंने कहा, "चार शव मैक्स साकेत के शवगृह में हैं और दो शव दूसरे अस्पताल में हैं। हम उनका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।"
परिजनों के अनुसार, परिवार के ये छह सदस्य इलाज के लिए गुरुग्राम से आए थे और आग लगने के समय होटल में ठहरे हुए थे।
Published: undefined
अस्पताल में दूसरी तरफ विवेक नाम का व्यक्ति अपनी 25 वर्षीय दोस्त सुजीता की तलाश कर रहा था, जिसके बारे में आशंका है कि वह भी इस आग की चपेट में आ गई।
उसने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने पहचान के लिए उसे पीड़ितों की तस्वीरें दिखाईं, लेकिन वह उनमें सुजीता को नहीं ढूंढ सका। विवेक ने कहा, "उसे पहचान नहीं पा रहा हूं, उसका फोन भी नहीं मिल रहा है।"
यह आग भीड़भाड़ वाले हौज रानी इलाके में 'फ्लरिश स्टे' नामक बेड-एंड-ब्रेकफास्ट होटल में लगी, जिससे अंदर फंसे लोगों में हड़कंप मच गयी।
Published: undefined
परिसर से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने भयावह दृश्यों को याद करते हुए बताया कि कैसे इमारत घने धुएं से घिर गई थी और लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर इधर-उधर भाग रहे थे।
अस्पताल में मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है और 40 से अधिक लोगों को बचाया गया है।
उन्होंने बताया कि 20 से अधिक पीड़ितों को मैक्स साकेत लाया गया है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
Published: undefined
Google न्यूज़, व्हाट्सएप, नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia
Published: undefined