हालात

दिल्ली शराब नीति केस में बरी होने के बाद केजरीवाल की आई पहली प्रतिक्रिया, मीडिया से बात करते समय हुए भावुक

केजरीवाल ने कहा कि हमने हमेशा कहा कि सच की जीत होती है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ साजिश रची और पार्टी के पांच सबसे बड़े नेताओं को गिरफ्तार कराया।

मीडिया से बात करते हुए भावुक हुए अरविंद केजरीवाल।
मीडिया से बात करते हुए भावुक हुए अरविंद केजरीवाल। 

दिल्ली की बहुचर्चित शराब नीति मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी होने के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया आई है। मीडिया को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा, "पिछले कुछ सालों से जिस तरह बीजेपी हम पर दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में आरोप लगा रही थी, आज अदालत ने हमारे खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।"

केजरीवाल ने आगे कहा, "हमने हमेशा कहा कि सच की जीत होती है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ साजिश रची और पार्टी के पांच सबसे बड़े नेताओं को गिरफ्तार कराया। एक मौजूदा मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया। हर चैनल पर हमें आरोपी और भ्रष्ट कहा गया। केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। मैंने सिर्फ ईमानदारी कमाई है। आज अदालत ने कहा है कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी ईमानदार हैं।"

Published: undefined

फैसले के दौरान कोर्ट में मौजूद रहे केजरीवाल और सिसोदिया

शुक्रवार को अदालत में सुनवाई के दौरान अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पेश हुए। के कविता, अमनदीप ढल और कई अन्य आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए। इस दौरान, जज ने हर वकील का धन्यवाद किया और अपना फैसला सुनाया।

Published: undefined

कोर्ट ने अपने फैसले में क्या कहा?

राऊज एवेन्यू कोर्ट ने अपना फैसला देते हुए कथित शराब घोटाला से जुड़े सीबीआई केस में सभी 23 आरोपियों को बरी किया। कोर्ट ने जांच में कमियों के लिए सीबीआई को कड़े शब्दों में फटकार लगाई और कहा कि आबकारी नीति में कोई बड़ी साजिश या क्रिमिनल इरादा नहीं था।

कोर्ट ने सीबीआई की चार्जसीट पर सवाल उठाए और कहा कि इसमें कई कमियां हैं, जिनका किसी गवाह या बयान से कोई सबूत नहीं है। अदालत ने यह भी कहा कि अभियोजन पक्ष का मामला न्यायिक जांच में टिक नहीं पाया, क्योंकि सीबीआई ने महज अनुमान के आधार पर साजिश की कहानी गढ़ने की कोशिश की।

सीबीआई की तरफ से कंफेशनल स्टेटमेंट की कॉपी जमा नहीं किए जाने पर जज जीतेंद्र सिंह ने नाराजगी व्यक्त की। चार्जशीट में 'साउथ लॉबी' शब्द के इस्तेमाल पर भी अदालत ने आपत्ति जताई।

Published: undefined

पूरा मामला क्या है?

यह मामला दिल्ली सरकार की 2021-22 की आबकारी (शराब) नीति से जुड़ा है, जिसमें भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे। दिल्ली के मुख्य सचिव रहे नरेश कुमार की रिपोर्ट के बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी।

बाद में सीबीआई ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की थी। 26 फरवरी 2023 को सीबीआई ने इस मामले में मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया। 21 मार्च 2024 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लंबी पूछताछ के बाद अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 26 जून को सीबीआई ने उन्हें जेल से ही हिरासत में ले लिया।

Published: undefined

Google न्यूज़नवजीवन फेसबुक पेज और नवजीवन ट्विटर हैंडल पर जुड़ें

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए, यहां क्लिक करें @navjivanindia

Published: undefined