हालात

दिल्ली में दिवाली के बाद प्रदूषण का विस्फोट! 15 इलाकों में AQI 400 पार, NCR की हवा भी जहरीली

दिवाली के बाद दिल्ली-NCR में प्रदूषण बढ़ गया है। दिल्ली के 15 इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है, जबकि नोएडा-गाजियाबाद में भी हवा बेहद खराब श्रेणी में है।

फोटोः विपिन
फोटोः विपिन 

  • दिवाली के बाद दिल्ली-NCR की हवा बेहद खराब हो गई। कई इलाकों में घना स्मॉग छाया रहा।

  • दिल्ली के 15 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 400 के पार पहुंच गया, जबकि औसत AQI 368 दर्ज हुआ।

  • सोनिया विहार और बुराड़ी में सबसे ज्यादा 441 AQI रिकॉर्ड किया गया।

  • नोएडा-गाजियाबाद में भी प्रदूषण बढ़ा, वहीं IMD ने दिल्ली के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया।

दिल्ली में दिवाली की आतिशबाजी का असर सोमवार सुबह साफ दिखाई दिया। रविवार रात जमकर पटाखे जलाए जाने के बाद राजधानी के कई इलाकों में धुएं और स्मॉग की मोटी परत छा गई। सुबह के समय हालात ऐसे रहे कि कई जगहों पर विजिबिलिटी काफी कम हो गई। प्रदूषण का स्तर भी तेजी से बढ़ा और दिल्ली के 15 इलाकों में हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सोमवार सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 368 दर्ज किया गया। इस दौरान 54 मॉनिटरिंग स्टेशनों से आंकड़े मिले, जिनमें 15 स्टेशनों पर AQI 400 से ऊपर रहा। सोनिया विहार और बुराड़ी क्रॉसिंग में स्थिति सबसे खराब रही, जहां AQI 441 रिकॉर्ड किया गया। विवेक विहार में 437, DTU में 434 और जहांगीरपुरी तथा नॉर्थ कैंपस में 433 AQI दर्ज हुआ।

रोहिणी, बवाना और चांदनी चौक में भी गंभीर हालात

दिल्ली के दूसरे इलाकों में भी प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा रहा। रोहिणी में AQI 430, बवाना में 424, चांदनी चौक और पटपड़गंज में 418-418, मुंडका में 417 और पंजाबी बाग में 409 दर्ज किया गया। ITO में AQI 407 और कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 402 रहा। वहीं लोधी रोड में 370, मंदिर मार्ग में 369, वजीरपुर में 365 और आरके पुरम में 364 AQI रिकॉर्ड किया गया।

दक्षिण और मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन वहां भी हवा साफ नहीं थी। ओखला फेज-2 में AQI 353, JNU में 346, आनंद विहार में 335 और आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर 301 दर्ज किया गया। श्री अरबिंदो मार्ग में यह 267 और कैंटोनमेंट एरिया में 293 रहा। IGNOU मैदान गढ़ी में सबसे कम 247 AQI रिकॉर्ड किया गया।

CPCB के स्टेशनवार आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 15 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 401 से 500 के बीच यानी गंभीर श्रेणी में रहा। 35 स्टेशन 301 से 400 के बीच बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किए गए, जबकि चार स्टेशनों पर AQI 201 से 300 के बीच रहा, जो खराब श्रेणी में आता है।

नोएडा-गाजियाबाद में भी बिगड़ी हवा

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का असर देखने को मिला। सोमवार सुबह 5 बजे नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 404 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। सेक्टर-1 में AQI 324 और सेक्टर-39 में 314 रहा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-V में 335 और नॉलेज पार्क-III में 296 AQI रिकॉर्ड किया गया।

गाजियाबाद की बात करें तो वसुंधरा में AQI 395, वेव सिटी में 390, लोनी में 377 और इंदिरापुरम में 333 दर्ज किया गया। यानी दिल्ली के साथ एनसीआर के शहरों में भी लोगों को प्रदूषित हवा का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदूषण के बीच दिल्ली में घने कोहरे का असर भी बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी के कई जिलों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और शाहदरा में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई गई है। कोहरे के कारण सुबह के समय विजिबिलिटी तेजी से कम हो सकती है। 

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए