हालात

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश से गर्मी-उमस से राहत, IMD का रेड अलर्ट, जानें राजधानी में कब मॉनसून देगा दस्तक

दिल्ली-NCR में बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली है। IMD ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है और अगले दो दिनों में मॉनसून पहुंचने की संभावना जताई है।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को पिछले कई दिनों से सताने वाली तेज गर्मी और उमस से गुरुवार सुबह बड़ी राहत मिली। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और इसके बाद कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, हल्की से मध्यम बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। विभाग ने साथ ही संकेत दिया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले दो दिनों में दिल्ली पहुंच सकता है। पिछले पांच वर्षों में इस बार राजधानी में मॉनसून सबसे देर से दस्तक देगा।

Published: undefined

दिल्ली-NCR में कई इलाकों में अच्छी बारिश, ट्रैफिक पर भी असर

दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद समेत पूरे एनसीआर में लोग लगातार उमस भरी गर्मी से परेशान थे। गुरुवार की शुरुआत बारिश के साथ हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। सफदरजंग, लोधी रोड, द्वारका, नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद जैसे इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि, बारिश का असर सुबह के यातायात पर भी पड़ा और आईटीओ, आनंद विहार, करोल बाग, कनॉट प्लेस, राजीव चौक, बॉटेनिकल गार्डन तथा डीएनडी फ्लाईओवर पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। ऐसे में लोगों को ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी देखकर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है।

Published: undefined

IMD का रेड अलर्ट, आज भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए 2 जुलाई को तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, पूरे दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। IMD का कहना है कि उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। बुधवार को मॉनसून उत्तर अरब सागर, गुजरात, दमन और दीव, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों के साथ उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों तक पहुंच चुका है।

Published: undefined

स्काईमेट ने बताया क्यों बढ़ेगी बारिश

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत के अनुसार, मौसमी मॉनसून ट्रफ पंजाब से उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। उत्तर बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है, जिससे निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम पश्चिम की ओर बढ़ेगा और बिहार से लेकर उत्तर पंजाब तक भारी बारिश का कारण बन सकता है। उन्होंने बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर राजस्थान में 2 या 3 जुलाई से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी, जबकि दिल्ली में मॉनसून 3 या 4 जुलाई तक पहुंच सकता है। फिलहाल बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं दिल्ली तक नहीं पहुंची हैं, इसलिए बारिश सीमित है। जैसे ही ये हवाएं राजधानी तक पहुंचेंगी, बारिश का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ जाएंगी।

मौसम विभाग के अनुसार, 1 जुलाई तक मॉनसून की उत्तरी सीमा पोरबंदर, वल्लभ विद्यानगर, शाजापुर, नौगांव, मिर्जापुर, आजमगढ़, अयोध्या, बदायूं, मेरठ, करनाल और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है। इससे स्पष्ट है कि मॉनसून लगातार उत्तर भारत की ओर आगे बढ़ रहा है और राजधानी दिल्ली में इसके पहुंचने का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है।

Published: undefined

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए

Published: undefined