
जंतर-मंतर पर EC के खिलाफ प्रदर्शन में सौरभ भारद्वाज समेत कई हिरासत में लिए गए।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा बढ़ी, 11 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद किए गए।
भारद्वाज ने लोगों से शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन की अपील की।
CJP ने मुंबई में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान बवाल की स्थिति बन गई। प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे आम आदमी पार्टी (AAP) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।
सौरभ भारद्वाज ने जंतर-मंतर पहुंचकर लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से किया जाना चाहिए। भारद्वाज ने बताया कि वह मेट्रो और ऑटो से अकेले जंतर-मंतर पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी और कुछ मेट्रो स्टेशन बंद होने के बावजूद लोग प्रदर्शन स्थल तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की। AAP नेता ने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र और देश में आजादी से जुड़ी है और प्रदर्शन को संवैधानिक और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रखा जाना चाहिए।
भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट में अपने घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि कई पुलिसकर्मी उनके घर पर मौजूद हैं, जबकि वह खुद घर पर नहीं हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने शुक्रवार सुबह सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए 11 मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास को अगली सूचना तक बंद कर दिया। इनमें जनपथ, मंडी हाउस, राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ शामिल हैं।
दिल्ली मेट्रो ने अपने सर्विस अपडेट में कहा कि इन स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास अगली सूचना तक बंद रहेंगे। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर मेट्रो बदलने यानी इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
भारद्वाज ने मेट्रो से आने वाले लोगों से कहा कि जंतर-मंतर के आसपास के कई स्टेशन बंद हैं। ऐसे में लोग AIIMS तक मेट्रो से आकर वहां से ऑटो, कैब या पैदल जंतर-मंतर पहुंच सकते हैं।
इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी आज मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की शुरुआत करेगी। प्रदर्शन में मुख्य मांग मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की होगी। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके पिछले कई दिनों से लगातार CEC के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए