हालात

दिल्ली: नॉर्थ ब्लॉक से उठा तेज धुआं, वेल्डिंग के दौरान एसी बॉयलर में लगी आग, दमकल की 6 गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:10 बजे नॉर्थ ब्लॉक से धुआं निकलने की सूचना मिली थी।

फोटो: सोशल मीडिया
फोटो: सोशल मीडिया 

दिल्ली स्थित नॉर्थ ब्लॉक में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इमारत की छत से धुआं उठता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा ने 6दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है।

सुबह 11:10 बजे मिली धुआं उठने की सूचना

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11:10 बजे नॉर्थ ब्लॉक से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

वेल्डिंग के दौरान एसी बॉयलर में आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नॉर्थ ब्लॉक की छत पर मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग करते समय शॉर्ट सर्किट होने से एसी बॉयलर में आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

बताया गया कि आपातकालीन बचाव दल ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। फिलहाल किसी के हताहत होने या इमारत को बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

कई महत्वपूर्ण सरकारी मंत्रालयों के कार्यालय हैं मौजूद

नॉर्थ ब्लॉक दिल्ली के प्रमुख प्रशासनिक भवनों में से एक है। यहां केंद्रीय गृह मंत्रालय और वित्त मंत्रालय समेत कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं। संसद भवन के नजदीक होने के कारण यह क्षेत्र प्रशासनिक दृष्टि से भी काफी अहम है।

प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए