
दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर पहलवानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। दूसरी ओर धरने पर बैठे पहलवानों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने के लिए बुधवार को पटियाला हाउस कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई है। इस मामले में आज सुनवाई होने की संभावना है। बता दें कि भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग कर रहे पहलवान धरने पर बैठे हैं।
पहलवानों के खिलाफ लगाई गई याचिका में विनेश फोगट, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक के खिलाफ भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के कथित आरोप लगाने, प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए हैं। याचिका में कहा गया है कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। इस तरह का आरोप किसी के दबाव में व्यक्तिगत लाभ के लिए लगाए गए हैं। याचिकाकर्ता बम बम महाराज की तरफ से अधिवक्ता एपी सिंह ने कोर्ट में याचिका दायर की है
इस याचिका पर कोर्ट गुरुवार दोपहर दो बजे सुनवाई करेगा। वहीं जंतर मंतर पर खिलाड़ियों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। उन्होंने बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा पहलवान साक्षी मलिक समर्थन मांगने के लिए हरियाणा के हिसार गई है। पहलवानों की तरफ से सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों से समर्थन मांगा जा रहा है।
प्रिय पाठकों हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़िए और पल-पल की ताज़ा खबरें पाइए